अमित पांडेय, सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में सोनांचल बस स्टैंड को नए स्थान पर स्थानांतरित करने के फैसले के बाद से विरोध के सुर तेज हो गए हैं। बस स्टैंड हटाए जाने से परेशान आधा सैकड़ा से अधिक छोटे व्यापारी, मनिहारी और फेरी लगाने वाले लोग सोनांचल बस स्टैंड पर ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। दुकानदारों का कहना है कि बस स्टैंड हटने से यात्रियों को तो असुविधा होगी ही, साथ ही उनकी रोजी-रोटी का साधन भी छिन जाएगा।
3 दिन का अल्टीमेटम, उग्र आंदोलन की चेतावनी
धरने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने आंदोलनकारियों से ज्ञापन लिया। व्यापारियों और प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 3 दिनों के भीतर उनकी मांग पूरी कर बस स्टैंड का संचालन यहीं से वापस शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि, प्रशासन अपने फैसले पर पूरी तरह अड़ा हुआ है।
अपनी ही पार्टी पर बरसे कांग्रेस नेता
आंदोलन स्थल पर पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक सुनील चौधरी ने जिला कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह के समय बना यह ऐतिहासिक बस स्टैंड अब हटाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस के स्थानीय नेता इस मुद्दे से दूरी बनाए हुए हैं। ऐसे में जिला कांग्रेस को ‘चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए’। वहीं, धरने में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह रिंकू ने दुकानदारों का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों के साथ है और वे कंधे से कंधा मिलाकर उनकी यह लड़ाई लड़ेंगे।
छोटे दुकानदारों को वहां से हटाया नहीं जा रहा
मामले में एसडीएम सीधी प्रिया पाठक का कहना है कि बस स्टैंड का संचालन नए स्थान से करने का निर्णय प्रशासनिक व सामूहिक प्रक्रिया के तहत लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटे दुकानदारों को वहां से हटाया नहीं जा रहा है, केवल बसों का आवागमन नए बस स्टैंड से संचालित किया जाना तय किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

