कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने आरोप लगाया है कि एक उद्योगपति ने Meta Smart Glasses के जरिए उनका कथित स्टिंग ऑपरेशन करने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन से मुलाकात के दौरान भी उस व्यक्ति ने यही चश्मा पहना था। इन आरोपों से कर्नाटक में जारी स्टिंग ऑपरेशन विवाद और गहरा गया है।

Meta Smart Glasses पहनकर मिलने आया उद्योगपति

कन्नड़ न्यूज चैनल ‘एशियानेट सुवर्णा न्यूज़’ को दिए इंटरव्यू में शिवकुमार ने बताया कि उद्योगपति ने अधिकारियों के माध्यम से उनसे मुलाकात का समय लिया था। शुरुआत में कारोबारी चर्चा हुई, लेकिन बाद में बातचीत बूथ-स्तरीय रणनीतियों और राजनीतिक घटनाक्रमों की ओर मुड़ गई। चश्मे और बातचीत के तरीके पर संदेह होने के बाद उन्होंने अधिकारियों से उस व्यक्ति की पृष्ठभूमि की जांच कराई।

‘सभी एहतियाती कदम उठाए गए’

शिवकुमार के मुताबिक, उन्हें मिली जानकारी से पता चला कि उस उद्योगपति ने वी.डी. सतीशन से मुलाकात के दौरान भी Meta Smart Glasses पहने थे। हालांकि, उन्होंने संबंधित व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की और कथित रिकॉर्डिंग की कोशिश के ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किए।

उन्होंने कहा कि इस मामले में एहतियाती कदम उठाए गए हैं, लेकिन फिलहाल जानकारी साझा नहीं की जाएगी। शिवकुमार ने अपने कैबिनेट सहयोगियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। यह विवाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से जुड़े कथित स्टिंग वीडियो को लेकर जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच सामने आया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m