Odisha Desk, भुवनेश्वर: राजधानी भुवनेश्वर से धोखाधड़ी का एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला को ब्लैकमेल करने, पैसे वसूलने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भुवनेश्वर की एयरफील्ड थाना पुलिस ने गंजम जिले के सानखेमुंडी क्षेत्र के डॉक्टर अविनाश मोहंती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें नबरंगपुर जिले के उमरकोट के एक होटल से धर दबोचा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने अपने पारिवारिक विवाद के समय सोशल मीडिया पर कुछ भावुक (इमोशनल) पोस्ट शेयर की थीं। इसका फायदा उठाकर डॉक्टर महंती ने उनसे दोस्ती कर ली। खुद को एक मानसिक स्वास्थ्य सलाहकार (मेंटल हेल्थ काउंसलर) और शुभचिंतक बताकर उन्होंने धीरे-धीरे महिला का भरोसा जीता और दोनों के बीच करीबी संबंध बन गए।
शिकायत के अनुसार, डॉक्टर महंती ने महिला के अंतरंग पलों का वीडियो चुपके से रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में प्यार और शादी का झांसा देकर उन्होंने महिला से सोने के गहने, लाखों रुपये नगद और आईफोन समेत कई कीमती सामान हड़प लिए। यहाँ तक कि दोनों घूमने के लिए दुबई भी गए थे, जिसका पूरा खर्च महिला ने ही उठाया था। हालांकि, दुबई में डॉक्टर के किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने की बात पता चलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी डॉक्टर ने उस आपत्तिजनक वीडियो को वायरल करने की धमकी दी और उन्हें जान से मारने की चेतावनी भी दी।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्हें झारपड़ा जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे की छानबीन में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

