अनमोल मिश्रा, सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले की उच्च शिक्षा व्यवस्था और कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करने वाला एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सतना शहर में स्थित पीएमश्री शासकीय डिग्री कॉलेज का बताया जा रहा है, जो कॉलेज परिसर की सुरक्षा और क्लास के अंदर की अनुशासन की पोल खोलता नजर आ रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि क्लासरूम में पढ़ाई चल रही है और छात्राएं अपनी डेस्क पर बैठकर पढ़ाई में व्यस्त हैं, लेकिन ठीक उन्हीं के बीच एक बेंच पर एक कुत्ता बड़े आराम से गहरी नींद में सो रहा है।
READ MORE: नीले गगन में गूंजी शहनाई! उड़न खटोले से विदा हुई दुल्हन, हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची बहू
जानकारी के मुताबिक, जिस समय यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया, उस वक्त कक्षा नियमित रूप से संचालित थी। क्लासरूम में चारों ओर छात्राएं बैठी हुई थीं और उनके बीच वाली बेंच पर कुत्ता बेखौफ होकर सोता दिखाई दें रहा है । सबसे अधिक चौंकाने वाली बात यह थी कि क्लास में मौजूद न तो किसी छात्रा ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया और न ही वहां मौजूद कॉलेज के जिम्मेदार स्टाफ या प्रोफेसर ने कक्षा की व्यवस्था को लेकर कोई हस्तक्षेप किया। ऐसा लगा मानो कक्षा में कुत्ते की मौजूदगी एक सामान्य बात हो।
READ MORE: 4.37 करोड़ के स्कूल घोटाले में बड़ा एक्शनः BEO, 17 प्राचार्यों, 3 निजी फर्म संचालकों समेत 22 के खिलाफ FIR
बताया जा रहा है कि यह बेजुबान जानवर काफी समय तक उसी बेंच पर आराम फरमाता रहा। जब उसकी नींद पूरी हुई, तो उसने आराम से उठकर अंगड़ाई ली और फिर बे रोक-टोक क्लास से बाहर निकल गया। इस पूरी घटना के दौरान क्लास में पढ़ाई का माहौल तो बना रहा, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से यह एक बड़ी लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है। यह पूरा दृश्य न केवल कॉलेज की अव्यवस्था को उजागर करता है, बल्कि पीएमश्री जैसी महत्वाकांक्षी योजना के तहत आने वाले शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वह कुत्ता किसी छात्रा पर हमला कर देता या क्लास में कोई अप्रिय वरदात हो जाती, तो इसका जिम्मेदार कौन होता। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया की सुर्खियों में है, जिससे कॉलेज प्रशासन की जमकर किरकिरी हो रही है।

