संजय पाटीदार, भोपाल। चिलचिलाती गर्मी में लोग राहत के लिए गन्ने का रस, शिकंजी, जूस और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते हैं। लेकिन राजधानी भोपाल से सामने आई एक तस्वीर ने लोगों की सेहत को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जिस बर्फ को लोग अपनी प्यास बुझाने और गर्मी से राहत पाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, वही बर्फ सड़क पर घूमने वाले कुत्तों की पहुंच में थी।
काजी कैंप इलाके में एक बर्फ डिपो का वीडियो सामने आया है, जिसमें आवारा कुत्ते बर्फ की सिल्लियों पर चढ़कर उन्हें चाटते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करनी पड़ी।मई-जून की भीषण गर्मी में शहरभर में बर्फ की खपत कई गुना बढ़ जाती है। गन्ने के रस, जूस सेंटर, होटल, ठेले और घरों तक बड़ी मात्रा में बर्फ पहुंचती है। ऐसे में लोग यह मानकर बर्फ का इस्तेमाल करते हैं कि वह साफ और सुरक्षित होगी। लेकिन काजी कैंप से सामने आई तस्वीरें इस भरोसे को झटका देने वाली हैं।
मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दो कुत्ते बर्फ की सिल्लियों को चाटते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि यह बर्फ बिक्री के लिए रखी गई थी। वीडियो सामने आते ही लोगों ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाना शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम के जोन-4 की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद टीम ने डिपो में रखी बर्फ को तत्काल नष्ट कराया। सिल्लियों को नाले में फिंकवाया गया ताकि वह किसी भी हालत में लोगों तक न पहुंच सके।कार्रवाई के दौरान डिपो संचालक पर 2 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य उपयोग की सामग्री को खुले और अस्वच्छ वातावरण में रखना गंभीर लापरवाही है।
राजधानी में हर दिन हजारों लोग ठंडे पेय पदार्थों के साथ बर्फ का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सवाल यह है कि लोगों की सेहत से जुड़ी चीजों की निगरानी आखिर कितनी प्रभावी है अगर यह वीडियो सामने नहीं आता तो यही बर्फ शहर के कई हिस्सों में पहुंचकर लोगों के गिलास तक पहुंच सकती थी। आपका बता दे कि बर्फ से पेट और संक्रमण संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए गर्मी के मौसम में सिर्फ ठंडा देखकर नहीं, बल्कि उसकी स्वच्छता को भी परखना जरूरी है।

