Crime News : अमित पाण्डेय, डोंगरगढ़. डोंगरगढ़ में मदद के नाम पर भरोसा करना एक युवक को भारी पड़ गया. रास्ते में लिफ्ट मांगने वाले दो अनजान व्यक्तियों को युवक ने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिन्हें वह लिफ्ट दे रहा है, वही उसकी बाइक लेकर फरार हो जाएंगे. प्रज्ञागिरि पहुंचने के बाद युवक को अचानक चक्कर आया और वह सड़क किनारे लेट गया. कुछ देर बाद जब उसकी आंख खुली तो दोनों व्यक्ति मौके से गायब थे. इतना ही नहीं, उसकी मोटरसाइकिल भी वहां नहीं थी. युवक ने आसपास तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार उसे समझ आया कि लिफ्ट मांगकर साथ आए दोनों व्यक्ति उसकी बाइक लेकर फरार हो चुके हैं.
जानकारी के अनुसार घटना 30 अक्टूबर की है. डोंगरगढ़ के बधियाटोला वार्ड क्रमांक 7 निवासी 25 वर्षीय विशाल टेम्भुरकर अपनी हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AF 7262 से प्रज्ञागिरि जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उससे लिफ्ट मांगी. विशाल ने दोनों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया. प्रज्ञागिरि पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे चक्कर आने लगा. इसके बाद वह सड़क किनारे लेट गया. कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो दोनों अज्ञात व्यक्ति और उसकी मोटरसाइकिल गायब मिले.
2 दिन बाद पुलिस में की शिकायत
घटना के बाद विशाल ने आसपास दोनों व्यक्तियों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला. इसके बाद 2 नवंबर को उसने डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में उसने बताया कि चोरी गई मोटरसाइकिल उसके भाई पवन टेम्भुरकर के नाम पर पंजीकृत है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत चोरी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद करने में जुटी है. इस घटना में युवक को चक्कर आने के बाद दोनों व्यक्तियों के बाइक लेकर फरार होने की बात सामने आई है, लेकिन उसे चक्कर कैसे आया, इसके पीछे कोई साजिश थी या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी.
मदद करने से पहले सावधान
यह घटना राह चलते अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा करने वालों के लिए एक सबक जरूर है. मदद करना अच्छी बात है, लेकिन अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज करना समझदारी नहीं. खासकर सुनसान रास्तों पर किसी अनजान व्यक्ति को लिफ्ट देने से पहले सावधानी बरतें. आपकी छोटी सी लापरवाही आपको बड़ी परेशानी में डाल सकती है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

