अमित पाण्डेय, डोंगरगढ़। शहर में अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल होने के बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वायरल वीडियो में कुछ युवक आरोपी के घर शराब लेने पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के आखिर में आरोपी युवकों को शराब देते और बदले में पैसे लेते नजर आ रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि शेंडें बधियाटोला-छिरपानी रोड की पुलिया के पास शराब बेचने के लिए शराब छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बीयर और व्हिस्की बरामद

पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 5 नग सिम्बा कंपनी बीयर और 20 नग गोवा स्पेशल व्हिस्की बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 6.850 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,450 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, रवि शेंडें के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी 10 प्रकरण दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वीडियो वायरल होने के अगले ही दिन कार्रवाई
इस मामले में कार्रवाई की टाइमिंग भी चर्चा में है। अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल होने के बाद अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डोंगरगढ़ पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब की बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। पहले से ऐसे मामलों में कार्रवाई के बीच इस मामले में त्वरित एक्शन से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी को लेकर भी चर्चा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



