4 सितंबर तक चलेगा अभियान, ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ पर रहेगा फोकस; BLO लगाएंगे ‘फैमिली टूगेदर स्टीकर’
रांची। झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मंगलवार से ‘होम टू रोल वेरीफिकेशन’ अभियान शुरू हो रहा है। यह अभियान 4 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार और एक ही घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों। साथ ही कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के बाद अब घर-घर सत्यापन के जरिए यह जांच की जाएगी कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज है या नहीं। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, उनके द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणापत्र जमा किया गया है या नहीं तथा उसका डिजिटाइजेशन हुआ है या नहीं, इसकी भी जानकारी ली जाएगी।
एक परिवार के सदस्य अलग-अलग बूथ पर तो होगा सुधार
सत्यापन के दौरान BLO यह भी जांचेंगे कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में तो दर्ज नहीं हैं। यदि किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास क्षेत्र के मतदान केंद्र के बजाय किसी अन्य मतदान केंद्र में दर्ज पाया जाता है, तो उसे सही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में सहायता दी जाएगी।इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।
दूसरे राज्यों की सूची में नाम वाले मतदाताओं को भी मिलेगा मौका
के. रवि कुमार ने बताया कि झारखंड में सामान्य रूप से रहने वाले ऐसे मतदाता, जिनका नाम फिलहाल बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है और वे अपना नाम झारखंड के वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान केंद्र की सूची में स्थानांतरित कराना चाहते हैं, वे फॉर्म-8 के साथ निर्धारित घोषणापत्र जमा कर सकते हैं। BLO ऐसे मतदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएंगे।
घर पर लगेगा ‘फैमिली टूगेदर स्टीकर’
सत्यापन अभियान के दौरान BLO द्वारा ‘फैमिली टूगेदर स्टीकर’ लगाने की पहल भी की जाएगी। इसके जरिए परिवारों से अपील की जाएगी कि घर के सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं, इसकी पुष्टि करें।
स्टीकर पर संबंधित घर/नजरी गृह संख्या अंकित करने की व्यवस्था होगी। साथ ही मतदाताओं की सहायता के लिए संबंधित BLO से संपर्क की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।


