हिसार। हरियाणा में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। गुरुवार को कई जिलों में हुई तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी के कारण तापमान में 5 से 8.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई क्षेत्रों में नुकसान भी हुआ।

बारिश और तेज हवाओं के चलते कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे बहाल करने में विभाग को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। शुक्रवार को दिनभर तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी का असर रहा, लेकिन शाम करीब चार बजे के बाद मौसम ने फिर करवट ली और कई इलाकों में बादल छा गए।

आज भी भारी बारिश और तूफान का खतरा

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार तेज आंधी, गरज-चमक, भारी बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

बिजली गिरने से बड़ा हादसा टला

गुरुवार को अग्रोहा ब्लॉक के कनौह गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ। खेतों में बनी एक ढाणी पर बिजली गिरने और तेज तूफान के कारण छत ढह गई। हादसे में वहां खड़ी स्कूटी, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर मलबे के नीचे दब गए, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

किसानों की बढ़ी चिंता

मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और फसलों को बचाने के प्रयास कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक प्रदेश में मौसम सक्रिय बना रह सकता है और कई जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।