सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन (CGDF) द्वारा संगठन के अध्यक्ष पद पर सदस्यों की राय जानने तथा कोर कमेटी के विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित करने के लिए आयोजित ऑनलाइन प्रक्रिया का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस रायशुमारी में वर्तमान अध्यक्ष डॉ. हीरा सिंह लोधी को डॉक्टरों का व्यापक समर्थन मिला है। कुल 118 मान्य मतों में से 100 सदस्यों ने उनके अध्यक्ष पद पर बने रहने के पक्ष में अपनी राय दी, जो कुल मान्य मतों का 84.7 प्रतिशत है।

फेडरेशन द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, 18 सदस्यों ने अध्यक्ष पद पर बदलाव अथवा इस्तीफे के विकल्प का समर्थन किया। वहीं संगठन के विभिन्न पदों एवं विंग्स के लिए डॉक्टरों ने उत्साहपूर्वक आवेदन किया है।
यह प्रक्रिया 8 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से संचालित की गई। इसमें कुल 121 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें तीन सदस्यों द्वारा फॉर्म दो बार भरे जाने के कारण उनकी अंतिम प्रविष्टियों को मान्य करते हुए कुल 118 प्रविष्टियों को स्वीकार किया गया।
कोर कमेटी एवं विभिन्न विंग्स के लिए प्राप्त आवेदनों में 76 आवेदन कोर कमेटी एवं विंग्स से संबंधित तथा 42 आवेदन कार्यकारिणी सदस्य के पद के लिए प्राप्त हुए हैं। इनमें यूजी बॉन्डेड, पीजी बॉन्डेड, यूजी स्टूडेंट, पीजी स्टूडेंट, कॉन्ट्रैक्चुअल डॉक्टर्स, परमानेंट डॉक्टर्स तथा एफएमजी प्रतिनिधि सहित विभिन्न वर्गों के डॉक्टरों ने भागीदारी की है।
फेडरेशन के अनुसार, प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद विभिन्न पदों पर नियुक्तियों की घोषणा अलग से की जाएगी। आगामी दिनों में नई कार्यकारिणी के गठन से संबंधित परिणाम भी जारी किया जाएगा।
CGDF ने सभी डॉक्टर साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन डॉक्टरों के हितों, उनकी समस्याओं के समाधान और चिकित्सा समुदाय की एकजुटता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सदस्यों की राय एवं सुझावों को ध्यान में रखते हुए संगठन की आगामी गतिविधियों और निर्णयों को आगे बढ़ाया जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

