संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य में वक्फ संपत्तियों की स्थिति, अवैध कब्जों और बोर्ड द्वारा चलाई जा रही जनहितकारी योजनाओं पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें खुली चुनौती दी।

ओवैसी और इमरान प्रतापगढ़ी को न्योता, भ्रम फैलाने का आरोप

प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि वे असदुद्दीन ओवैसी और इमरान प्रतापगढ़ी को आमंत्रित करना चाहते हैं ताकि वे आएं और देखें कि वक्फ बोर्ड किस तरह धरातल पर काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने वक्फ संशोधनों को लेकर समाज में सिर्फ भ्रम फैलाने का काम किया है। उन्होंने वक्फ कानूनों के इतिहास का जिक्र करते हुए बताया कि 1995 में पहली बार वक्फ में संशोधन हुआ था, इसके बाद 2013 में दोबारा संशोधन किया गया और अब 2025 में नया संशोधित कानून आया है, जिसके तहत पारदर्शिता लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कब्रिस्तानों की चौंकाने वाली रिपोर्ट

डॉ. सनवर पटेल ने वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने रखे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने उम्मीद पोर्टल पर सबसे पहले वक्फ की संपत्तियों को ऑनलाइन दर्ज करने का काम किया है। 95% संपत्तियों पर कब्जा: उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में वक्फ की लगभग 95% संपत्तियों पर अवैध कब्जे हो रखे हैं। भोपाल शहर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहाकी.. भोपाल में जहां 125 कब्रिस्तान दर्ज थे जब उनका जमीनी सत्यापन कराया गया तो मौके पर केवल 24 कब्रिस्तान ही सही पाए गए थे.. यानी भोपाल में 101 कब्रिस्तानों पर अभी कब्जा किया गया था। वक्फ बोर्ड अब इन बचे हुए कब्रिस्तानों को सुरक्षित और संधारित कर रहा है, तथा सीमा सुरक्षा के लिए वहां पेड़ लगाकर उन्हें संरक्षित करने का काम शुरू किया गया है।

‘पढ़ो-पढ़ाओ, राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो’ योजना

वक्फ संपत्तियों के सुधार के साथ-साथ बोर्ड बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष जोर दे रहा है। डॉ. सनवर पटेल ने बताया कि भोपाल के मुस्लिम समाज के यतीम (अनाथ) बच्चों की पढ़ाई निरंतर जारी रखने के लिए बोर्ड ने ‘पढ़ो-पढ़ाओ, राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो’ के नाम से एक विशेष नीति बनाई है। इसके तहत 10वीं पास मेधावी विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा में मदद दी जा रही है, ताकि जरूरतमंद बच्चे भी देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m