संजीव शर्मा, कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम कोटपाड में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. नाले में नहाने गए दो चचेरे मासूम भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें : हेमचंद यादव के साथ श्री शंकराचार्य, भारती, रुंगटा विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय साजन पोयाम पिता केशव पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम पिता तेजराज पोयाम बुधवार को गांव के नाले के गड्ढे में नहाने गए थे. नहाते समय वे गहरे गड्ढे में चले जाने से डूब गए. देर शाम तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की. नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिलने के बाद ग्रामीणों ने खोजबीन की और रात करीब 8 बजे दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए.
सूचना मिलते ही बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. परिजनों की रिपोर्ट पर गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिवारों के इकलौते बेटे थे दोनों मृतक
इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं. ऋषभ पोयाम अपने माता-पिता की अकेली संतान था, जबकि साजन की एक बड़ी बहन है और वह परिवार का इकलौता बेटा था. साजन की मां पूर्णिमा पोयाम कोटपाड क्षेत्र की जनपद सदस्य हैं. एक ही परिवार के दो मासूमों की असमय मौत से पूरे कोटपाड गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम दिखाई दे रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

