Lifestyle Desk: बाजार में कई तरह के मौसमी फल नजर आते हैं और इनमें जामुन एक ऐसा फल है, जो अपने अनोखे स्वाद और गहरे जामुनी रंग के लिए खास पहचान रखता है। जामुन को उसके जामुनी रंग की वजह से यह नाम दिया गया है, जबकि इसे इंडियन ब्लैकबेरी के नाम से भी जाना जाता है। पोषक तत्वों से भरपूर जामुन में एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स और मिनरल्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं। अगर आप जामुन को एक नए और स्वादिष्ट अंदाज में खाना चाहते हैं, तो जामुन का शरबत एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसका शरबत स्वादिष्ट भी होता है और बहुत फायदेमंद भी, तो आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका और सेवन के फायदे।
जामुन का शरबत क्यों है खास?
जामुन का शरबत न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि यह शरीर को ठंडक पहुंचाने में भी मदद करता है। गर्मी के दिनों में जब शरीर में पानी की कमी और थकान महसूस होने लगती है, तब यह शरबत ताजगी देने का काम करता है। इसके अलावा जामुन में मौजूद प्राकृतिक तत्व पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में भी सहायक माने जाते हैं।

जामुन का शरबत बनाने की आसान विधि
सामग्री
पके हुए जामुन-250 ग्राम
चीनी या शहद-3 से 4 बड़े चम्मच
भुना हुआ जीरा पाउडर-1 छोटा चम्मच
काला नमक-आधा छोटा चम्मच
ठंडा पानी-2 गिलास
बर्फ के टुकड़े
कुछ पुदीने की पत्तियां
बनाने का तरीका
सबसे पहले जामुन को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इनके बीज निकालकर गूदे को अलग कर लें। अब जामुन के गूदे को मिक्सर में डालें और उसमें चीनी या शहद मिलाकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। तैयार मिश्रण को छान लें ताकि इसका स्मूद टेक्सचर मिले। अब इसमें ठंडा पानी, भुना जीरा और काला नमक मिलाएं। सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करने के बाद गिलास में डालें और ऊपर से बर्फ व पुदीने की पत्तियों से गार्निश करके सर्व करें।

जामुन का शरबत पीने के फायदे
शरीर को रखे हाइड्रेट
गर्मियों में शरीर में पानी की कमी होना आम बात है। जामुन का शरबत शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और ताजगी का एहसास कराता है।
पाचन को बनाए बेहतर
जामुन में मौजूद फाइबर और अन्य पोषक तत्व पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। यह पेट से जुड़ी कई छोटी-मोटी परेशानियों से राहत दिला सकता है।
एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर
जामुन में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं।
इम्यूनिटी को करे मजबूत
इसमें मौजूद विटामिन सी और अन्य पोषक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं।
गर्मी में दिलाए ठंडक
जामुन का शरबत शरीर के तापमान को संतुलित रखने और गर्मी से राहत दिलाने में मददगार माना जाता है। गर्मियों में यदि आप रोजाना एक जैसा जूस या कोल्ड ड्रिंक पीकर बोर हो चुके हैं, तो जामुन का शरबत आपकी डाइट में स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल साबित हो सकता है। यह घर पर आसानी से तैयार होने वाला एक हेल्दी और रिफ्रेशिंग ड्रिंक है, जिसे पूरा परिवार पसंद करेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

