० आबादी बढ़ी पर नहीं बढ़ा पानी का प्रेशर, कीर्ति नगर में नए बूस्टर की है आवश्कता : पार्षद अंकुर कौशिक

अजय सैनी ,भिवानी।भिवानी शहर में बढ़ती आबादी के साथ पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। कई इलाकों में पानी की कम सप्लाई और कमजोर दबाव से लोग परेशान हैं। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर नगर परिषद के पार्षदों ने अब जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

नगर परिषद के वार्ड-5 के पार्षद अंकुर कौशिक और वार्ड-20 के पार्षद प्रदीप कौशिक ने शुक्रवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर कीर्ति नगर में नया पेयजल बूस्टर स्थापित करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि कीर्ति नगर और आसपास के क्षेत्रों की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसी अनुपात में पेयजल व्यवस्था का विस्तार नहीं हुआ है। नतीजतन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सीमित समय के लिए होती है और उसका दबाव इतना कम रहता है कि कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता।

पार्षद अंकुर कौशिक ने कहा कि सुबह और शाम के समय पानी की किल्लत सबसे अधिक रहती है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभाग से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द नया बूस्टर स्थापित करने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को पर्याप्त दबाव के साथ नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

अन्य वार्डों में भी उठी मांग

कीर्ति नगर के अलावा वार्ड-29 में भी पेयजल संकट को लेकर नए बूस्टर की मांग तेज हो गई है। पार्षद प्रतिनिधि मदन सुदामा तंवर ने कहा कि वार्ड के कई हिस्सों में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है और इसका स्थायी समाधान नया बूस्टर ही है।

वहीं वार्ड-25 के पार्षद विनोद प्रजापति ने भी क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग उठाते हुए विभाग से जल्द कार्रवाई करने की अपील की।

विभाग ने दिया आश्वासन

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहरवासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।