कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। रोहतक में पुलिस कस्टडी में एक टैक्सी ड्राइवर की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 51 वर्षीय नरेश कुमार के रूप में हुई है, जो टिटौली गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, रोहतक CIA-2 पुलिस उसे रंगदारी मांगने के मामले में पूछताछ के लिए शुक्रवार शाम अपने साथ लाई थी।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग थाने पहुंचे।
परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं पुलिस का कहना है कि अचानक तबियत बिगड़ने के कारण उनकी मौत हुई है।
हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।

