दीपक भारद्धाज, पलवल। जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) टीम ने होडल इलाके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी बाजार में काफी कीमत आंकी जा रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एएनसी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर पुन्हाना मोड़ के पास धान मिल के पास खड़ा है और वह नशीले पदार्थ की खेप बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास से 108.28 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन मिला।

रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी

पकड़े गए आरोपी की पहचान नूंह जिले के डूडोली गांव निवासी लियाकत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर ले चुकी है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। जिला पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में कहा है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m