प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन पुलिस ने ड्रग्स तस्करी और बुंदेला गैंग के सक्रिय सदस्य, इनामी बदमाश जयेश उर्फ काला बुंदेला को गुजरात के द्वारका से गिरफ्तार कर लिया है । आरोपी अप्रैल 2026 से फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
READ MORE: खड़े डंपर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की दर्दनाक मौत; परिजनों ने किया हंगामा
एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस ने राजस्थान होते हुए गुजरात के द्वारका पहुंचकर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। शुक्रवार रात पुलिस ने आरोपी का शिव शक्ति नगर क्षेत्र में जुलूस भी निकाला। इससे पहले उसे चिमनगंज मंडी पुलिस ने कोर्ट में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया।
पूछताछ में काला बुंदेला ने स्वीकार किया कि उसने एमडी ड्रग्स राजस्थान के कुख्यात तस्कर अमजद उर्फ लाला से खरीदी थी। पुलिस अब अमजद लाला के ड्रग्स नेटवर्क तक पहुंचने की तैयारी कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार काला बुंदेला के खिलाफ उज्जैन के विभिन्न थानों में मारपीट, अवैध शराब तस्करी और अवैध हथियार रखने सहित 12 से अधिक गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज है।
READ MORE: ‘हिंदू जागृति अभियान बंद करो वरना…’, अब VHP नेता संतोष शर्मा की पत्नी को फोन पर मिली खौफनाक धमकी, सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में चिमनगंज मंडी पुलिस ने काला के चाचा धर्म उर्फ धम्मू बुंदेला को 28 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था । पूछताछ में खुलासा हुआ था कि ड्रग्स की खेप के पीछे छिंछू उर्फ यशवंत बुंदेला और उसका भाई जयेश उर्फ काला बुंदेला शामिल है। इसके बाद से दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस अब पूरे बुंदेला गैंग के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

