रायपुर। राजधानी के एमजी रोड की नाइट चौपाटी में शुक्रवार देर रात शराब पीकर कार चला रहे युवक अग्रसेन धाम चौक के पास दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दूसरी कार में सवार ऑटो पार्ट्स कारोबारी नरेंद्र सिंह की मौत हो गई, वहीं उनकी पत्नी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाली कार का चालक भागने में कामयाब रहा, वहीं कार में सवार दो युवकों को पुलिस ने पकड़ने में कामयाबी पाई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे लाल रंग की कार से चार-पांच युवक एमजी रोड की नाइट चौपाटी पहुंचे थे, वहां खुलेआम बीयर और शराब पी। कार का साउंड सिस्टम तेज कर दिया। दो युवक शर्ट उतारकर नाचने लगे। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने टोका तो उनसे उलझ गए। इस दौरान मौके पर पुलिस नहीं थी। लोगों ने युवकों की हरकतों का वीडियो भी बनाया। इसके बाद वे तेज रफ्तार में कार लेकर नया रायपुर की ओर निकल गए।

श्याम नगर निवासी नरेंद्र सिंह भसीन उर्फ बंटी परिवार के साथ नवा रायपुर में शादी की रस्मों से लौट रहे थे। अग्रसेन धाम चौक के पास ड्राइवर पेट्रोल भरवाने के लिए कार मोड़ रहा था, इसी दौरान रायपुर की ओर जा रही तेज से नया रायपुर रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार धूम गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कार में मिले खून के छींटे, मालिक की तलाश
तेज टक्कर मारने वाली कार कांकेर की ममता सुखदेवा के नाम पर दर्ज है। कार में खून के छींटे मिले हैं। पुलिस कार मालिक से संपर्क करने और कार में सवार युवकों की पहचान करने में जुटी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्कोडा में सवार राहुल यादव और शीतल यादव से पूछताछ की। दोनों ने बताया कि दुर्घटना के समय कार ईलू उर्फ ओजश सुखदेवा चला रहा था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

