दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए 26 जून की देर रात शुरू हुए सीएसएएस (CSAS) फेज-1 पंजीकरण में 28 जून शाम 5 बजे तक 41,473 अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिया है। अब विश्वविद्यालय जल्द ही फेज-2 शुरू करेगा, जिसमें छात्र अपनी पसंद के पाठ्यक्रम और कॉलेज का चयन कर सकेंगे।

फेज-2 में होगा कोर्स और कॉलेज का चयन

सीएसएएस फेज-1 के सफल पंजीकरण के बाद अगला चरण अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। फेज-2 के दौरान छात्र अपनी प्राथमिकता के अनुसार पाठ्यक्रम और कॉलेजों का चयन करेंगे। इसी आधार पर सीट आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

पीजी प्रवेश में भी छात्रों की अच्छी भागीदारी

स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में भी छात्रों का उत्साह देखने को मिला है। दो चरणों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब तक 9,675 अभ्यर्थियों ने दो वर्षीय पीजी कार्यक्रमों में प्रवेश सुनिश्चित किया है।

इनमें 4,926 छात्रों ने आवंटित सीट को फ्रीज कर दिया है, जबकि 3,745 अभ्यर्थियों ने बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद में अपग्रेड का विकल्प चुना है। विश्वविद्यालय जल्द ही मिड एंट्री, तीसरे राउंड और परफॉर्मेंस आधारित कार्यक्रमों की सीट आवंटन संबंधी समय-सारिणी भी जारी करेगा।

बीटेक और इंटीग्रेटेड लॉ की स्थिति

बीटेक पाठ्यक्रमों के पहले राउंड की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। अब तक 233 अभ्यर्थियों ने आवंटित सीट स्वीकार की है, जबकि 41 छात्रों ने प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट पक्की कर ली है। पहले राउंड की फीस जमा करने की अंतिम तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

वहीं, पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ कार्यक्रमों में तीसरे राउंड की प्रक्रिया चल रही है। अब तक 105 अभ्यर्थियों ने प्रवेश सुनिश्चित किया है। इस राउंड के लिए फीस जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई थी।

समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर दस्तावेज सत्यापन, सीट स्वीकृति और फीस जमा करने सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी बाधा के समय पर संपन्न हो सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m