Dubai-Israel Flight Feared Hijacked: इस वक्त की बड़ी खबर पश्चिमी एशिया से आई है। दुबई से इजराइल जा रही फ्लाइट के हाईजैक होने की आशंका व्यक्त की गई है। दुबई से इजराइल की राजधानी तेल अवीव जा रही फ्लाइट ने अचानक इमरजेंसी सिग्नल भेजा, जिसके बाद विमान सऊदी अरब के ऊपर से गुजरते हुए अपनी दिशा बदलता नजर आया। घटना के बाद विमान के अपहरण की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद पूरे पश्चिमी एशिया में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। साथ ही इजरायली फाइटर जेट्स (Israeli fighter jets) को अलर्ट कर दिया गया है। विमान में करीब 180 यात्री सवार हैं। इनमें 150 से ज्यादा इजराइली नागरिक हैं।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान ने सबसे पहले 7700 स्क्वॉक कोड भेजा था। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामान्य इमरजेंसी का संकेत होता है। इसके कुछ ही देर बाद विमान की तरफ से 7500 कोड भेजा गया। 7500 कोड का मतलब हाईजैकिंग या किसी तरह का गैरकानूनी हस्तक्षेप होता है। इसके बाद विमान के सऊदी अरब की तरफ मुड़ने की जानकारी सामने आई।
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान को सऊदी अरब में लैंड कराया गया है। हालांकि लैंडिंग के बाद सामने आया कि विमान में हाइजैक जैसी स्थिति नहीं थी। इजराइली सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पायलटों के बीच कहासुनी के बाद ये सिग्नल भेजे गए थे। विमान के सऊदी अरब में उतरने के बाद उसकी गहन जांच की जा रही है। विमान के कार्गो होल्ड की तलाशी ली जा रही है। अब चालक दल के सदस्यों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हवा में विमान के साथ वास्तव में क्या हुआ था।
नेतन्याहू ने बुलाई सुरक्षा बैठक
फ्लाइट हाईजैक की खबर के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रक्षा अधिकारियों के साथ सुरक्षा बैठक बुलाई थी। द जेरूसलम पोस्ट के मुताबिक, बैठक में विमान से जुड़ी स्थिति और उससे पैदा हुई संभावित सुरक्षा चुनौती पर चर्चा की गई। हालांकि मामला संभलने के बाद बेंजामिन नेतन्याहू ने राहत की सांस ली है।
इजरायली फाइटर जेट्स भी हो गए थे एक्टिव
घटना के बाद इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट्स को भी एक्टिव मोड कर किया गया था। इजराइल ने अपने फाइटर जेट्स को विमान की तरफ रवाना कर दिया था। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इजरायली फाइटर जेट्स को विमान की निगरानी के लिए भेजा गया था। वहीं, हिब्रू मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने इमरजेंसी कंसल्टेशन की।
SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

