दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (flydubai) की एक फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच खूनी झगड़े ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी। खबरों के मुताबिक, ओमानी सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा। ऐसे में यात्री यानिव हायून ने हमलावर को काबू करने और विमान को संभालने में मदद की। खास बात यह है कि हायून को विमान उड़ाने की कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं मिली थी। उन्होंने एक टीवी शो देखकर विमान के कंट्रोल के बारे में जानकारी हासिल की थी। इस घटना के बाद वह खून से सने कपड़ों में ही इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलने पहुंचा। PM ने उसके साहस की तारीफ की और उसे हीरो बताया।
कॉकपिट से चीखें सुनकर मदद के लिए पहुंचे यात्री
यानिव हायून के मुताबिक, कॉकपिट से चीखने की आवाज सुनाई देने पर वह एक अन्य यात्री के साथ वहां पहुंचे। अंदर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर घायल अवस्था में पड़े थे, जबकि कथित हमलावर विमान के कंट्रोल में था। हायून ने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था। इसके बाद बाहर मौजूद यात्री अंदर आए। हमलावर को कंट्रोल पैनल से दूर खींचा। इसके बाद तीन यात्रियों ने मिलकर उसे काबू किया और हेडफोन की तार से उसके हाथ बांध दिए।
16,000 फीट नीचे आया विमान, यात्री ने संभाले कंट्रोल
हमलावर को काबू करने के बाद हायून दोबारा कॉकपिट में पहुंचे। उस समय विमान तेजी से नीचे जा रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान करीब 16,000 फीट नीचे आ गया था। हायून ने विमान के कंट्रोल संभालकर उसे ऊपर उठाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि विमान के कंट्रोल के बारे में उन्हें ‘एयर डिजास्टर्स’ (Air Disasters) टीवी शो से जानकारी मिली थी। हालांकि, विमान को सुरक्षित उड़ाना विशेषज्ञ प्रशिक्षण मांगता है।
तबूक में सुरक्षित लैंडिंग, घायल भारतीय पायलट अस्पताल में भर्ती
बाद में फ्लाईदुबई के एक अन्य क्रू सदस्य ने विमान का नियंत्रण संभाला और उसे सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। घायल कैप्टन स्मित मच्छर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारतीय दूतावास के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर बताई गई।
ओमानी सह-पायलट गिरफ्तार, जांच जारी
रिपोर्टों के अनुसार, सऊदी अधिकारियों ने आरोपी सह-पायलट को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। फ्लाईदुबई ने जांच पूरी होने से पहले अटकलें लगाने से बचने की अपील की है। घटना के बाद यानिव हायून खून से सने कपड़ों में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिले। नेतन्याहू ने उनके साहस की सराहना की और उन्हें हीरो बताया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

