Automobile desk: दोपहिया वाहन बाजार में प्रीमियम और स्पोर्ट्स बाइक्स का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है, और इसी कड़ी में इटली की मशहूर मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी डुकाटी (Ducati) ने भारतीय बाजार में अपनी नई लिमिटेड-एडिशन कैफे-रेसर बाइक ‘Formula 73’ को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस शानदार मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 20 लाख रुपये तय की है। खास बात यह है कि ग्लोबल लेवल पर इसके सीमित यूनिट्स ही तैयार किए गए थे, और भारत के हिस्से में आए सभी यूनिट्स लॉन्च से पहले ही पूरी तरह बिक चुके हैं।
इस मोटरसाइकिल के डिजाइन की बात करें तो यह क्लासिक कैफे-रेसर लुक के साथ आधुनिक इंजीनियरिंग का बेहतरीन मेल पेश करती है। इसके हर एक मॉडल की स्टीयरिंग प्लेट पर एक यूनीक सीरियल नंबर दिया गया है, जो इसके लिमिटेड एडिशन होने की पुष्टि करता है, साथ ही इसके साथ ऑथेंटिसिटी का सर्टिफिकेट भी मिलता है। बाइक का कुल वजन (बिना फ्यूल के) 183 किलोग्राम है, जो इसे हैंडल करने में काफी संतुलित बनाता है। इसमें स्टील ट्रेलिस फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है, जो हाई-स्पीड स्टेबिलिटी को बेहतर करता है।

परफॉर्मेंस के मोर्चे पर, डुकाटी Formula 73 में 803cc का डेस्मोड्यूए (Desmodue) इंजन दिया गया है, जो डेस्मोड्रोमिक डिस्ट्रीब्यूशन और दो वाल्वों से लैस है। यह इंजन यूरो 5+ सर्टिफाइड है और 8,250 rpm पर 73 hp की पावर के साथ-साथ 7,000 rpm पर 65.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बाइक के एग्जॉस्ट सिस्टम को मशहूर ब्रांड टर्विगनोनी (Termignoni) के साथ मिलकर खासतौर पर डिजाइन किया गया है, जो इसका खास आकर्षण है और इसकी आवाज काफी दमदार है। इसके अलावा, इसमें राइड-बाय-वायर थ्रॉटल तकनीक दी गई है, जिससे कम आरपीएम पर भी इंजन का रिस्पॉन्स बेहद स्मूथ और तेज रहता है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग सेटअप की बात करें तो इसके फ्रंट में 41mm के KYB अपसाइड-डाउन (USD) फोर्क्स और रियर में प्रीलोड-एडजस्टेबल KYB मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है। ब्रेकिंग को सुरक्षित बनाने के लिए इसमें आगे की तरफ 4-पिस्टन ब्रेंबो रेडियल कैलिपर के साथ 330mm की डिस्क ब्रेक दी गई है। यह बाइक पिरेली डियाब्लो रोस्सो IV टायर्स से लैस 17-इंच के अलॉय व्हील्स पर दौड़ती है, जो बेहतरीन ग्रिप प्रदान करते हैं।

राइडर की सेफ्टी और सुविधा के लिए इसमें आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक पैकेज दिया गया है। इसमें कॉर्नरिंग एबीएस, डुकाटी ट्रैक्शन कंट्रोल (DTC), पावर मोड्स और डुकाटी क्विक शिफ्ट (DQS) जैसी खूबियां शामिल हैं। इसके अलावा, बाइक में 4.3 इंच का फुल-टीएफटी डिस्प्ले और फुल-एलईडी लाइटिंग मिलती है, जो इसे एक मॉडर्न टच देती है। राइडर्स के लिए इसमें स्पोर्ट और रोड नाम से दो राइडिंग मोड्स भी दिए गए हैं।

