Duleep Trophy 2026 Final: दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन ने पहले ही दिन साउथ जोन के खिलाफ मजबूत पकड़ बना ली है। एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन ने दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 385 रन बना लिए। कप्तान ईशान किशन 111 रन और कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर नाबाद हैं।
ईशान किशन ने संभाली पारी, लगाया शतक
ईस्ट जोन को पारी की शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 से ज्यादा रन जोड़े। हालांकि, वैभव 44 रन बनाकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे।
इसके बाद अभिमन्यु ईश्वरन भी 72 रन के स्कोर पर रन आउट हो गए। शुरुआती दो विकेट गिरने के बाद सुदीप कुमार घरामी और शिखर मोहन ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन लंच के बाद सुदीप भी जल्दी पवेलियन लौट गए।
45वें ओवर में 200 रन पूरे किए
ईस्ट जोन ने 45वें ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार किया। इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शिखर मोहन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 94 रन की अहम साझेदारी की।
शिखर मोहन ने 85 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए, लेकिन शतक पूरा नहीं कर सके।
ईशान और कुशाग्र ने दिन के अंत तक संभाला मोर्चा
शिखर के आउट होने के बाद ईशान किशन ने कुमार कुशाग्र के साथ पारी को आगे बढ़ाया। ईशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक पूरा किया और दिन का खेल खत्म होने तक 111 रन बनाकर नाबाद रहे। कुमार कुशाग्र भी 63 रन पर नाबाद हैं।
अब दूसरे दिन दोनों बल्लेबाज ईस्ट जोन के स्कोर को और बड़े आंकड़े तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे। वहीं साउथ जोन के गेंदबाजों की नजर दूसरे दिन जल्द से जल्द इन दोनों विकेटों को हासिल करने पर होगी। पहले दिन साउथ जोन के गेंदबाज विकेट के लिए संघर्ष करते नजर आए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
ईस्ट जोन
अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, ईशान किशन (विकेटकीपर), शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, एमडी कौनैन कुरैशी, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार।
साउथ जोन
रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद, एमडी निधिश।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



