चंदौली. पड़ाव से गोधना मोड़ तक प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क निर्माण परियोजना को लेकर शुक्रवार को दुलहीपुर बाजार में प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम ने पैमाइश का कार्य शुरू कराया. कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने दोनों पटरियों पर 82-82 फीट जमीन की माप करते हुए प्रभावित भवनों और दुकानों पर लाल निशान लगाए. यह निशान अधिग्रहण की सीमा को दर्शाने के लिए लगाए गए हैं.
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत केवल सिक्स लेन सड़क ही नहीं, बल्कि दोनों ओर सर्विस रोड और पक्के नालों का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ जल निकासी की समस्या का भी समाधान हो सके.
इसे भी पढ़ें : ODOP से वैश्विक बाजार तक पहुंचा UP का हुनर, योगी बोले- बुनकरों की मेहनत को मिला सम्मान और नई पहचान
गौरतलब है कि सिक्स लेन निर्माण कार्य शुरू होने पर दुलहीपुर बाजार के कई दुकानदारों और भवन स्वामियों ने अपने निर्माण बचाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था. मामला न्यायालय तक भी पहुंचा, जिसके चलते करीब तीन माह तक निर्माण कार्य प्रभावित रहा. न्यायालय से निर्णय आने के बाद अब विभाग ने दोबारा निर्माण प्रक्रिया को गति दे दी है.
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा, जबकि जिन लोगों की निजी भूमि या भवन परियोजना की जद में आएंगे, उन्हें शासन की निर्धारित नीति के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा.
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता पी.एन. त्रिपाठी ने बताया कि दुलहीपुर बाजार में जगह की कमी को देखते हुए सड़क के बीच बनाए जाने वाले डिवाइडर की चौड़ाई सामान्य 2.5 मीटर के बजाय 1.5 मीटर रखी गई है. वहीं, दोनों ओर लगभग 12.5-12.5 मीटर क्षेत्र में तीन-तीन लेन की सड़क का निर्माण होगा. विभाग का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और लोगों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी.


