Durg-Bhilai News Update, दुर्ग। महादेव सट्टा मामले में कार्रवाई के बीच दुर्ग-भिलाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। स्मृति नगर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.93 लाख रुपये नकद, 18 स्मार्ट मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, एक आईपैड, 22 एटीएम कार्ड सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले का कथित मास्टरमाइंड देवेंद्र कुमार साहू फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

मामले का खुलासा करते हुए एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि स्मृति नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में कुछ युवक वाइनबूज (WineWoods) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान अर्जुन नगर, वैशाली नगर निवासी प्रकाश हरिनखेड़े और डिकेश प्रसाद तिवारी को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन में शामिल होने की बात स्वीकार की।

4.93 लाख रुपये नकद समेत कई सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की है। ऑनलाइन सट्टे के संचालन में लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक खाते और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था।

जब्त सामग्री में शामिल हैं-

  • 4.93 लाख रुपये नकद
  • 3 लैपटॉप
  • 1 आईपैड
  • 18 स्मार्ट मोबाइल फोन
  • 1 वाई-फाई डिवाइस
  • 22 एटीएम कार्ड
  • 10 बैंक पासबुक
  • 4 बैंक दस्तावेज/कोड स्कैनर
  • 4 एक्टिवा वाहन
  • अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज

वेतन पर सट्टा संचालित करते थे आरोपी

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी कथित रूप से मासिक वेतन के आधार पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे देवेंद्र कुमार साहू के कहने पर इस कारोबार में शामिल हुए थे।

पुलिस के अनुसार, देवेंद्र साहू अपने साथियों के साथ मिलकर वाइनबूज ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था। इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बैंक खातों के दुरुपयोग की भी जांच

मामले में पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि कथित रूप से कुछ बैंक खाताधारकों की जानकारी के बिना उनके खातों का इस्तेमाल सट्टे के अवैध लेन-देन में किया जा रहा था। पुलिस अब ऐसे बैंक खातों और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि ऑनलाइन सट्टे के इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और अवैध लेन-देन का दायरा कितना बड़ा है।

मास्टरमाइंड देवेंद्र साहू की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे के कथित मास्टरमाइंड देवेंद्र कुमार साहू की तलाश की जा रही है। उसके साथियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को 7 साल की सजा

दुर्ग। कोतवाली थाना दुर्ग अंतर्गत शादी का प्रलोभन देकर पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाने वाले को न्यायालय ने 7 साल कैद और 1 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। राशि अदा नहीं करने पर उसे 15 दिन की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। न्यायाधीश अवध किशोर के न्यायालय से यह फैसला आया।

जानकारी के मुताबिक, घटना 24 मार्च 2025 की है। आरोपी डबरापारा निवासी योगेश पिता रिखीराम (33 वर्ष) अपनी बुआ के घर आया हुआ था। घर में सूनेपन का फायदा उठाते हुए आरोपी पीड़िता के घर में घुसा। इसके बाद शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाया। बाद में फोन बंद कर दिया।

इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने में पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने मामले में धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर किया। प्रकरण विवेचना के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से आरोपी पर दोषी पाया गया। मामले में शासन की तरफ से पैरवी संजय कुमार सिंह ने की।

राजनांदगांव सहित इस जिले में बारिश का अलर्ट

राजनांदगांव। अर्नब चक्रवाती तूफान के गुजरने के बाद अब फिर से दूसरे तूफान मुरासु का असर अंचल में दिखने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार इस चक्रवात के चलते आज दिनभर अंचल में बारिश देखने को मिल सकती है। राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-चौकी जिले के लिए बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।। हालांकि कल से फिर मौसम में सुधार की संभावना जताई गई है। इधर तूफान के चलते। अंचल का तापमान में गिरावट देखने को मिली है।

मौसम विभाग ने 2 से 4 नवंबर तक अलग-अलग जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें आज और कल 4 नवंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जिसका असर अंचल में देखने को मिल सकता है।

बताया गया कि इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। जिसके चलते राजनांदगांव और एमएमसी जिले में भी सतर्क रहने की अपील की गई है। इस दौरान बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। जिसकी वजह से सतर्क रहना जरूरी हो गया है।

फसल सुरक्षित रखने जुटे किसान

अविभाजित राजनांदगांव के तीनों जिलों में इस समय धान की फसल कटाई का दौर जारी है। कई इलाकों में फसल खेतों में खड़ी है। जबकि कटे हुए धान को भी सुरक्षित रखने की चुनौती किसानों के सामने है। हाल ही में हुई बारिश के बाद अब एक बार फिर तेज बारिश की आशंका ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। लगातार नमी और तेज हवा से खड़ी फसल गिरने तथा कटी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों के लिए अगले दो दिन महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

तापमान में इजाफा

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को राजनांदगांव जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री पर रहा। यह सामान्य से दो डिग्री तक अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री के पास पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में दिवाली बाद से ही गिरावट देखने को मिलेगी और ठंड का अहसास बढ़‌ता हुआ नजर आएगा।

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर जाएंगे वाहन चालक

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा ड्राइवरों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आगामी 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है। कलेक्टर कार्यालय पहुंचे वाहन चालकों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपते कहा कि छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा 25 अक्टूबर 2025 को राज्यव्यापी आंदोलन किया गया था, जिसे मुख्यमंत्री से आश्वासन पश्चात हड़ताल स्थगित किया गया था।

इसके बाद 6 नवंबर 2025 को इंद्रावती भवन नवा रायपुर में परिवहन आयुक्त एवं श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सेन एवं राज्य कमिटी के समक्ष छत्तीसगढ़ में ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड गठन किए जाने आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उक्त बोर्ड का गठन नहीं हुआ। वहीं केंद्र सरकार के समक्ष ड्राइवर सुरक्षा कानून एवं राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग की मांग रखने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

ड्राइवर महासंगठन द्वारा ज्ञापन के माध्यम से अपनी तीन सूत्रीय मांगे रखी गई है। जिसमें देशभर के व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू किए जाने, राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन किया जाने और छत्तीसगढ़ में तत्काल ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन करने मांग की गई है। आंदोलन के तहत 12 नवंबर से जिले के डोंगरगांव, डोंगरगढ़ पाटेकोहरा, शहर के महावीर चौक, पुराना बस स्टैंड और नया बस स्टैंड, फरहद चौक पर संगठन के पदाधिकारी एवं ड्राइवर शांतिपूर्ण एवं अहिंसात्मक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।

लिखित आश्वासन की मांग

महासंगठन के जिला अध्यक्ष हेमनाथ देवांगन ने बताया कि मांगे पूरी नहीं होने को लेकर ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमिटी के आह्वान पर आगामी 12 नवंबर से देशभर में अनिश्चितकालीन स्टीयरिंग छोड़ अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान देशभर में स्टेरिंग छोड़ो अभियान के तहत कोई भी ड्राइवर वाहन नहीं चलाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारी मांगों पर सरकार द्वारा ठोस एवं लिखित निर्णय नहीं लिया जाता। वहीं इस बार केवल मौखिक आश्वासन पर आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H