भिलाई। भिलाई नगर पालिक निगम में 4 साल पहले हुआ सफाई घोटाला और हाल ही में हुए उसके भुगतान का मामला एसीबी और ईओडब्ल्यू तक पहुंच गया है। भाजपा से वार्ड 38 के पार्षद पीयूष मिश्रा ने सफाई ठेकेदार मेसर्स पी. वी. रमन को नियम विरुद्ध तरीके से लगभग 23 लाख रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता से इसकी शिकायत की है। पार्षद ने मामले में एफआईआर दर्ज कर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

पत्नी की हत्या कर की आत्महत्या

भिलाईनगर। दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना अंतर्गत वार्ड-29 वृंदानगर में रविवार सुबह मिले दंपती के शवों के मामले में सोमवार को शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई है कि यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का है। घटना से पहले पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की थी और उसके बाद खुद दूसरे कमरे में फांसी के फंदे पर झूल गया था।

भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि वार्ड – 29 वृंदानगर में ऑटो चालक जी. वेंकटरमण मूर्ति (55 वर्ष) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52 वर्ष) घर में अकेले रहते थे, जबकि उनका इकलौता बेटा ओडिशा में नौकरी करता है। रविवार सुबह करीब 9 बजे जब वेंकटरमण की मां उनसे मिलने पहुंचीं तो उन्होंने सामने वाले कमरे में बहू विद्यावती का शव पड़ा देखा। सोमवार को ओडिशा से बेटे के भिलाई पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।

फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉक्टरों की शार्ट पीएम रिपोर्ट में साफ हुआ है कि मृतका विद्यावती के गले पर मिले फंदे के निशान (लिगेचर मार्क) गला दबाने के कारण आए थे। पति वेंकटरमण ने पहले पत्नी को मौत के घाट उतारा और फिर खुद अंदर के कमरे में जाकर जान दे दी। वहीं पुलिस ने एक मोबाइल बरामद किया है।

युवती को बंधक बनाकर पीटा

दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बोरई में एक युवती को जबरन बातचीत के लिए मजबूर करने, मना करने पर बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता यामिनी ठाकुर (20 वर्ष) की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चेतन ठाकुर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चेतन ठाकुर पीड़िता पर जबरन बातचीत करने का दबाव बनाता था। पीड़िता ने दूरी बनाई तो वह गांव में तमाशा करने और बेइज्जती करने की धमकी देता था। वीडियो भेजकर प्रताड़ित करता था। उसकी सहेलियों को फोनकर दबाव डालता था। डर और लोक-लाज के कारण पीड़िता चुप रही। 12 जून की दोपहर पीड़िता कॉलेज फॉर्म जमा करने गई थी।

शातिर साइबर ठग गिरफ्तार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने एक शातिर साइबर ठग दीपक कुमार बघेल (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो पहले इंस्टाग्राम पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों से दोस्ती करता था, फिर लड़की की आवाज में बातचीत कर भरोसा जीतता था। इसके बाद पैसों की मांग करता था और पैसे नहीं मिलने पर धमकी, गाली-गलौज और ब्लैकमेलिंग करता था।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना लालबाग क्षेत्र की एक युवती को कॉल कर उसके पिता के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की झूठी सूचना दी गई। युवती ने जब जानकारी को गलत बताया, तो कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। बाद में युवती के पिता ने संपर्क किया तो उन्हें भी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m