Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक की चोरी के हाई-प्रोफाइल मामले में अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने भी कड़ा कदम उठाया है। प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद सीआईएसएफ के सात जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। हालांकि सीआईएसएफ के स्थानीय अधिकारियों ने निलंबन की पुष्टि की है, लेकिन इस पर कोई आधिकारिक बयान या विस्तृत टिप्पणी जारी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई हाल ही में उजागर हुए बड़े पैमाने पर स्क्रैप और कोक चोरी के सिंडिकेट से जुड़ी हुई है।

प्रबंधन और पुलिस की अब तक की कार्रवाई:

करोड़ों के इस घोटाले के खुलासे के बाद बीएसपी प्रबंधन ने आंतरिक जांच बिठाई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर महाप्रबंधक (GM) हिमांशु भूषण मलिक, इंजीनियर एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन और नॉन-एग्जीक्यूटिव धनंजय वर्मा को निलंबित किया गया था।

विभागीय जांच के दायरे में आने के बाद दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीएम हिमांशु भूषण मलिक और इंजीनियर मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

नाबालिग वाहन चालकों को लेकर ट्रैफिक पुलिस सख्त

भिलाई। नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर 30 से अधिक छात्र- छात्राओं के पास से बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए। अभिभावकों को कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में बुलाकर काउंसलिंग की गई। कोई नाबालिग बिना वैद्य ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाते दोबारा पाया गया तो मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A के तहत कार्रवाई की जाएगी। उनके वाहन का पंजीयन भी निलंबित किए जा सकते है।

जनता स्कूल भिलाई- 03, स्वामी आत्मानंद स्कूल फरीद नगर, रिसाली शीतला नगर में कुल लगभग 900 विद्यार्थियों को एवं नागरिकों को ट्रैफिक नियमों सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रेनिंग प्रदानी गई। नाबालिग बच्चों द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चलाने से होने वाली सड़क हादसों की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को बेहतर करने के उद्देश्य से आरटीओ द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

कार्रवाई में 300 वाहनों की जांच की गई। मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए हिदायत दी गई है। विद्यालयों के खुलने एवं छुट्टी के समय प्रमुख मार्गों चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस परिवहन विभाग की संयुक्त टीम की विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।

प्रशिक्षण भी दिया गया

जनता स्कूल भिलाई-3, स्वामी आत्मानंद स्कूल फरीद नगर के लगभग 850 छात्र-छात्राओं, रिसाली शीतला नगर के लगभग 50 नागरिकों समेत कुल 900 लोगों को ट्रैफिक नियमों, हेलमेट, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने और दो पहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी न बैठाने की हिदायत भी दी गई है।

पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के युवक की खारुन नदी में डूबने से मौत

अमलेश्वर थाना अंतर्गत ग्राम जमरा के पास रविवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। नदी के तट पर पिकनिक मनाने पहुंचे निवासी 22 टोमेश ध्रुव की नदी के तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार को शव को पानी से बाहर निकाला।

अमलेश्वर पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान टोमेश ध्रुव पिता चुन्नू लाल ध्रुव (22) देवपुरी कमल विहार के रूप में हुई है। रविवार की छुट्टी के दिन टोमेश अपने अन्य दोस्तों के साथ अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम जमराव के समीप स्थित खारुन नदी तट पर पिकनिक मनाने आया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और उसकी डूबने से मौत हो गई।

दोस्तों ने अपने स्तर पर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की रफ्तार तेज होने की वजह से करीब एक किलोमीटर दूर से टोमेश ओझल हो गया। घटना के बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सोमवार को उसका शव बरामद कर लिया गया।

शहर भाजपा मंडल के 111 सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल के 111 सदस्यों ने सामूहिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि डोंगरगढ़ शहर मंडल अध्यक्ष से नाराजगी को सामूहिक इस्तीफे की प्रमुख वजह बताया गया है। इधर, सोशल मीडिया पर जिला भाजपा अध्यक्ष के नाम संबोधित सामूहिक इस्तीफे का पत्र भी सामने आया है। पत्र में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की बात कही गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m