भिलाईनगर। सेक्टर 6 में एक नया सर्वसुविधायुक्त टाउनशिप और मॉल बनाने की योजना है। बोरिया गेट से चोपड़ा पेट्रोल पम्प तक चौड़ीकरण कर डिवाइडर बनाया जाएगा। हास्पिटल के कुछ विभागों को आउटसोर्सिंग में देकर बेहतर सुविधाएं दिलाने की कोशिश चल रही है। रिटेंशनधारियों को आवास खाली करना होगा। यह गुरुवार को बीएसपी मैनेजमेंट व यूनियन नेताओं के बीच हुए ‘आपसी संवाद’ का निचोड़ है।

यह भी पढ़ें : मुरिया दरबार के राजनीतिकरण के आरोप पर मुख्यमंत्री साय का पलटवार, कहा- कांग्रेसी बताएं जनजाति समाज के लिए क्या किया?

एक लंबे अर्से बाद गुरुवार को बीएसपी मैनेजमेंट ने सभी यूनियन नेताओं को ‘आपसी संवाद’ के बहाने बुलाया। करीब दो घंटे तक चली चर्चा में यूनियन नेताओं ने कई मुद्दों और अपनी मांगों को रखा। अपनी चिंताएं स्पष्ट की। मैनेजमेंट की ओर से उपस्थित अफसरों ने उनकी बातों को ध्यान से सुना। इस दौरान मैनेजमेंट ने कुछ मुद्दों पर अपनी नीतियों को एक तरह से स्पष्ट कर दिया। यूनियन नेताओं के महत्वपूर्ण सुझावों को नोट भी किया।

यूनियन नेताओं को बताया गया कि सेक्टर 6 में नया सर्वसुविधायुक्त टाउनशिप बनाया जाएगा। इसके लिए एनबीसीसी से कंसल्ट किया गया है। यहां कार्मिकों के लिए नए आवास बनेंगे। इसके लिए अनफिट ब्लाक के लीजधारियों को जल्द अपने आवास खाली करने के लिए कहा जा रहा है। दो क्लबों का संचालन करने बनेगी समिति- यूनियन नेताओं ने मांग की कि स्टील क्लब और भिलाई क्लब की तर्ज पर कर्मियों को भी सुविधा मिले। इस पर कहा गया कि सेक्टर 4 और सेक्टर 7 के इस्पात क्लब के लिए समितियों का पंजीयन कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

यह समितियां संचालित करेंगी। इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए मैनेजमेंट मदद करेगा। सेवा में सभी यूनियनों से होंगे सदस्य- मैनेजमेंट की ओर से यह बताया गया कि स्टील एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन यानी सेवा में चार सदस्यों का पद खाली है। इसमें चार प्रमुख यूनियनों से एक-एक सदस्य रखे जाएंगे। इस पर यूनियन नेताओं ने अपनी सहमति दे दी।

यूनियन नेताओं ने इन मुद्दों का उठाया- 39 माह का बकाया एरियर, इंसेंटिव स्कीम में सुधार, यूनियन का मान्यता चुनाव, नया वेतन समझौता, प्रमोशन संबंधी दिक्कतें, सेक्टर 9 हास्पिटल में सुविधाओं का विस्तार, 650 वर्गफीट तक के आवास लाइसेंस पर मिले, सब्जेक्ट टू वैकेशन सिस्टम लागू हो।

अफसरों ने मैनेजमेंट की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं के बारे में बताया। बैठक में मैनेजमेंट की ओर से ईडी एचआर पवन कुमार, सीजीएम प्रशांत ओझा, जीएम अतुल नौटियाल, जीएम संजय द्विवेदी, जीएम राजीव कुमार, सुरजीत मलिक तथा यूनियनों की ओर से ईंटक, सीटू, एचएमएस, बीएमएस, एटक, लोईमू आदि के नेता उपस्थित थे।

सेवानिवृत्त रिटेंशनधारियों की सुविधा अस्थायी

मैनेजमेंट ने रिटेंशनधारियों के मुद्दे पर स्पष्ट कहा कि उन्हें पहले छह माह और बाद में इसे बढ़ाकर दो वर्ष रहने के लिए अस्थायी सुविधा दी गई थी। लेकिन कई लोगों का किराया बकाया है। अब मंत्रालय के दिशा निर्देश के आधार पर जर्जर आवासों को डिस्मेंटल करना है। रिटेंशन आवासों के मामले में अब और रियायत देना संभव नहीं है.

सेक्टर-9 हॉस्पिटल का नहीं होगा निजीकरण

यूनियन नेताओं ने आज सवाल उठाया कि क्या सेक्टर-9 हास्पिटल का निजीकरण किया जा रहा है? इस पर मैनेजमेंट की ओर से आज बताया गया कि सेक्टर 9 हास्पिटल का निजीकरण नहीं किया जाएगा। हास्पिटल के कुछ विभागों को आउटसोर्सिंग में देने के लिए पार्टियों को आमंत्रित किया गया था लेकिन अब तक उचित पार्टियां नहीं मिल पाई है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की दिशा में प्रयास जारी है।

डी-केबिन में लोकल ट्रेनों के ठहराव का मिला आश्वासन

भिलाईनगर। डीआरएम दयानंद गुरुवार को डी केबिन स्टेशन पहुंचे और स्वयं सर्वे किया और आम जनता व नागरिकों की बातों को ध्यान से सुने । उनकी परेशानी को समझे और उनकी तकलीफ देखकर भरोसा दिलाया कि जल्द ही यहां लोकल ट्रेनों का ठहराव शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। यह सुनते ही क्षेत्र के लोगों के चेहरे में खुशी देखी गई।

गौरतलब हो कि डी केबिन में लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद किए जाने के बाद से लोगों में नाराजगी थी। ग्रामीणों की मांग थी कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यहां पूर्व की तरह ट्रेनों का स्टापेज शुरू किया जाए। इसी सिलसिले में गुरुवार को डीआरएम दयानंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने डीके केबिन का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी।

चर्चा के दौरान क्षेत्र के लोगों और महिलाओं ने बताया कि दो स्टापेज बंद होने के बाद उनकी रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल हो गई है। जरूरी काम से आने-जाने के लिए उन्हें करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय होती है। जब ट्रेन से उतरने के बाद अंधेरे रास्तों से पैदल गांव पहुंचना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि इस दौरान वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती है।

ट्रेन का ठहराव बंद होने से उनकी यात्रा केवल असुविधाजनक ही नहीं हुई, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। नगर निगम भिलाई- चरोदा के पार्षद एवं उपनेता प्रतिपक्ष चंद्रप्रकाश पांडे ने बताया कि डीआरएम दयानंद से जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों से चर्चा की। इस मौके पर शशिकांत बघेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, विशाल चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

इधर, रायपुर रेलवे मंडल के डीआरएम, सीनियर डीसीएम सहित कई अधिकारी गुरुवार की दोपहर को दुर्ग स्टेशन भी पहुंचे। यहां पर उन्होंने लोगों से जन संवाद किया, समस्याओं को जाना, लोगों से सुझाव मांगे। इस दौरान स्टेशन के सामने विशेष रूप से स्वच्छता को लेकर सफाई अभियान किया गया। अधिकारियों ने स्वयं सफाई का काम किया।

आईआईटी भिलाई के दीक्षांत समारोह में 313 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

भिलाईनगर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई का छठवां दीक्षांत समारोह 24 अक्टूबर शनिवार को संस्थान परिसर स्थित नालंदा हॉल में होगा। समारोह में 313 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएगी। इस दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता और बहुआयामी उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न पदकों और पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जाएगा।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार सारस्वत होंगे, जो विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। डॉ. सारस्वत नीति आयोग के पूर्व सदस्य, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के पूर्व सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के पूर्व महानिदेशक और भारत सरकार के रक्षा मंत्री के पूर्व वैज्ञानिक सलाहकार रह चुके हैं। संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार विजय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

यह जानकारी पत्रकारवार्ता में आईआईटी भिलाई के निदेशक राजीव प्रकाश ने दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 19 पीएचडी, 37 एमएससी, 79 एमटेक, 8 बीटेक (ऑनर्स) और 170 बीटेक के विद्यार्थी शामिल हैं।

अचानकपुर सरपंच देवानंद निलंबित

सेलूद। ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच देवानंद साहू को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विहित प्राधिकारी (पंचायत) पाटन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में 22 अक्टूबर को आदेश जारी किया गया है। सरपंच के न्यायिक अभिरक्षा में रहने के कारण ग्राम पंचायत के प्रशासनिक एवं विकास कार्य प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, ग्राम पंचायत अचानकपुर के पंचगणों ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि सरपंच देवानंद साहू, पिता राजकुमार साहू, थाना उतई में अपराध क्रमांक 379/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के अंतर्गत पंजीबद्ध प्रकरण में गिरफ्तार होने के बाद वर्तमान में केंद्रीय जेल दुर्ग में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध हैं। आवेदन में छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा 39 के तहत सरपंच को निलंबित कर उनकी अनुपस्थिति में कार्यवाहक सरपंच की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई थी।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि सरपंच को छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत आरोप एवं कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर किया गया था। वहीं, जनपद पंचायत पाटन के पत्र प्रदान में सरपंच के न्यायिक अभिरक्षा में रहने और उनकी अनुपस्थिति के कारण पंचायत के कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी गई थी। प्रशासन के अनुसार, सरपंच की अनुपस्थिति से पंचायत की बैठकों, दैनिक प्रशासनिक कार्यों, विकास कार्यों तथा आम नागरिकों से संबंधित आवश्यक कार्यों के संचालन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका थी। पंचायत के कार्यों की निरंतरता और जनहित सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई आवश्यक मानी गई।

9 माह में 9,216 चालकों ने किया ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन

भिलाईनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार सख्ती बरत रही है। इंटरसेप्टर यातायात पुलिस वाहन के माध्यम से तेज रफ्तार वाहन चालकों की निगरानी के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने जनवरी से सितंबर 2026 तक नौ माह में 9,216 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 69 लाख 44 हजार 100 रुपए समन शुल्क वसूल किया है। ट्रैफिक एएसपी कौशलेन्द्र देव पटेल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 1,862 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले सर्वाधिक 6,920 चालक कार्रवाई की जद में आए। इसके अलावा वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न लगाने वाले 153, शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 226 तथा वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वाले 55 चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

एएसपी ने बताया कि तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। इससे वाहन चालक के साथ अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ती है। इंटरसेप्टर वाहन की मदद से नियम तोड़ने, वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट पहनने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग नहीं करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

दुर्ग जिले में बनेंगे 6 नए हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवन

दुर्ग। जिले में स्कूल शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को सुविधायुक्त दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा लगातार शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा लगातार अधोसंरचना विकास के कार्य कराए जा रहे हैं।

इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग, दुर्ग संभाग दुर्ग द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 6 नवीन एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवनों के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों हाईस्कूल के लिए शासन द्वारा कुल 589.17 लाख रूपए अर्थात लगभग 5.89 करोड़ रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

पाटन, धमधा, दुर्ग और भिलाई क्षेत्र के इन भवनों को नवंबर-दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को इनका लाभ मिल सके। इनमें विकासखंड पाटन एवं धमधा सहित दुर्ग एवं भिलाई क्षेत्र के शासकीय स्कूल भवन शामिल हैं।

लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार, स्वीकृत कार्यों में पाटन विकासखंड के तेलीगुंडरा में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन, धमधा विकासखंड के खिलोराकला और देवरी में हायर सेकेंडरी सकरा स्कूल भवन शामिल हैं। वहीं दुर्ग विकासखंड के पुलगांव और कैंप-02 भिलाई में शासकीय हाईस्कूल भवन तथा धमधा विकासखंड के मलपुरीकला में हाईस्कूल भवन का निर्माण कराया जाएगा।

गौरीनगर में गौ हत्या के आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर

राजनांदगांव। गौरीनगर में गाय का सिर मिलने और गौहत्या के मामले में आरोपी अब्दुल अलीम खान के मकान पर गुरुवार सुबह नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया। निगम आयुक्त जीआर मरकाम के नेतृत्व में निगम की टीम सुबह करीब 5 बजे बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी थी और किसी को भी अंदर-बाहर आने- जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी।

नगर निगम के अधिकारियों ने बुलडोजर की मदद से करीब दो घंटे में आरोपी के अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उल्लेखनीय है कि गौहत्या के आरोपियों के मकान तोड़ने की मांग को लेकर हिंदू संगठन लगातार आवाज उठा रहे थे।

अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार गौरतलब है कि गौरीनगर क्षेत्र में गाय का सिर मिलने और गाय की हत्या कर गोमांस बेचने के आरोपों के मामले में पुलिस अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में लगातार तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

तालाब का पानी खाली कराने की मांग तेज

गौरीनगर के जिस तालाब में गाय का सिर मिला था, अब उसका पानी खाली कराने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि तालाब की तलाशी लेने पर अन्य अवशेष भी मिल सकते हैं। हालांकि, तालाब में अन्य मृत गायों के सिर होने की बात की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। तालाब का पानी खाली कराकर उसकी जांच कराने की मांग के बीच अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है। तालाब की तलाशी से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकता है।

29 को लाटरी से होगा फटाका दुकानों का आबंटन

राजनांदगांव। दीपावली में इस वर्ष भी फटाका दुकान लगाया जाना है, जिसके लिए नगर निगम द्वारा लायसेंसी फटाका व्यवसायियों से अस्थाई भूखण्ड शुल्क जमा करने 29 अक्टूबर 2026 तक तिथि निर्धारित किया गया है। शुल्क जमा उपरांत लाटरी के माध्यम से अस्थाई भूखण्ड आबंटन की कार्यवाही की जावेगी ।

उक्त आशय की जानकारी देते हुये निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम ने बताया कि इस वर्ष फटाका दुकान सर्वेश्वर दास उच्चतर माध्यमिक शाला के मैदान में लगाये जाने प्रक्रिया की जा रही है। प्रक्रिया के तहत नगर निगम द्वारा फटाका दुकान के लिए लायसेंसी फटाका व्यवसायियों से 29 अक्टूबर 2026 गुरूवार को दोपहर 1:30 बजे तक वर्तमान नवीनीकृत लायसेंस वर्ष 2026-27 की स्व प्रमाणित प्रतिलिपि एवं छत्तीसगढ़ वस्तु व सेवाकर अधिनियम 2017 की धारा 24 (2) अंतर्गत साधारण टैक्स पेयर के तहत जी.एस.टी. पंजीयन की प्रति के साथ आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन के लिये आवेदन शुल्क एवं अस्थायी भूखण्ड आबंटन शुल्क राशि रूपये 4850.00 (चार हजार आठ सौ पचास रूपये मात्र) देकर आवेदन प्राप्त कर जमा किये जायेगे।

आयुक्त मरकाम ने बताया कि इस वर्ष की प्रक्रिया के तहत नगर निगम द्वारा फटाका दुकान के लिए लायसेंसी फटाका व्यवसायियों से 29 अक्टूबर 2026 गुरूवार को दोपहर 1:30 बजे तक वर्तमान लायसेंस वर्ष 2026-27 के प्रति के साथ आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन के लिये आवेदन शुल्क एवं अस्थाई भूखण्ड आबंटन शुल्क राशि रूपये 4580.00 निर्धारित तिथि 29 अक्टूबर गुरूवार को दोपहर 1:30 बजे तक आवेदन के साथ जमा करना होगा।

आवेदनों के परीक्षण उपरांत दुकानों का अस्थाई भूखण्ड आबंटन नम्बरिंग लाटरी के माध्यम से 29 अक्टूबर 2026 गुरूवार को दोपहर 4:00 बजे नगर निगम के सभागृह में किया जावेगा। उन्होंने कहा कि फटाका व्यवसायियों को 4850.00 रूपये का रसीद लेकर लाटरी में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

शिवनाथ में मिली महिला की लाश, पति हिरासत में

राजनांदगांव। शहर के मोहारा स्थित शिवनाथ नदी के पुराने पुल के पास बुधवार सुबह 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान स्टेशनपारा निवासी निशा बोरकर के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और युवती के पति रिंकू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पति पर युवती को नदी में धकेलने का आरोप है। हालांकि, युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, निशा बोरकर को नदी में धकेले जाने की शिकायत लेकर परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस की टीम बीती रात गोताखोरों के साथ शिवनाथ नदी पहुंची और युवती की तलाश शुरू की। बुधवार सुबह खोजबीन के दौरान करीब 11.30 बजे गोताखोरों ने नदी से युवती का शव बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति रिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते पति द्वारा कथित तौर पर युवती को नदी में धकेले जाने की बात सामने आई है। वहीं, युवती की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और युवती के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा जांच पूरी होने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m