भिलाईनगर। शहर के प्रमुख बाजारों में पार्किंग की समस्या को जनप्रतिनिधियों ने और निगम प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। विधायक रिकेश सेन ने जवाहर मार्केट और सर्कुलर मार्केट के लिए 22 करोड़ की लागत से पार्किंग बनवाने की पहल की है। इसके अलावा आकाशगंगा थोक सब्जी मार्केट को दूसरी जगह शिफ्ट कर यहां पर विशाल पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। स्मृतिनगर और नेहरूनगर क्षेत्र में भी पार्किंग के लिए उपयुक्त जगह की तलाश शुरु हो गई है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : दो जिलों के दौरे पर रहेंगे CM साय… आदि बाजार 2026 का आज से शुभारंभ… देवरीबंगला में मनेगा दशहरा उत्सव… पढ़ें और भी खबरें

वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने कहा कि शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही पार्किंग की दिक्कत को दूर करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने बड़े स्तर पर योजना तैयार की है। विभिन्न व्यस्त बाजारों में वाहनों की सुगम आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि जवाहर मार्केट और सर्कुलर मार्केट के लिए 22 करोड़ की लागत से पार्किंग बनाई जाएगी। थाना छावनी के समीप पुराने रोजगार कार्यालय वाले स्थान पर लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। इससे जवाहर मार्केट और सर्कुलर मार्केट आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों को पार्किंग की समस्या से मुक्ति मिलेगी। निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने भी माना है कि शहर में मल्टी लेवल पार्किंग की सख्त जरूरत है।

आकाशगंगा सब्जी मंडी होगी शिफ्ट: आकाशगंगा क्षेत्र में भी पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने पहल शुरु हो गई है। इसके तहत वर्तमान आकाशगंगा सब्जी मंडी को अन्यत्र शिफ्ट किया जाएगा और वहां विशेष रूप से आकाशगंगा बाजार के लिए पार्किंग के रूप में तब्दील किया जाएगा।

दर्जन भर राइस मिलर्स को गोदाम से टूटे चावल वापस लेने के निर्देश

दुर्ग। नान को टूटे हुए चावल जमा करने वाले दर्जन भर राइस मिलर्स को गोदाम से चावल वापस लेने निर्देश दिए गए है। ये मिलर्स अधिक ब्रोकन वाले चावल वापस लेकर इसके बदले निर्धारित मापदंड का दूसरा चावल नान को जमा करेंगे। केन्द्रीय टीम की जांच रिपोर्ट का खुलासे से मची हड़कंप के बाद तत्काल यह कार्रवाई शुरू की गई है।

गौरतलब है कि कुछ मिलर्स ने लगभग 32 प्रतिशत ब्रोकन (टूट-फूट ) वाले चावल नान के लिए जमा कर खपा दिए थे। केन्द्रीय टीम की जांच में खुलासे के बाद नान के गोदाम में रखे 12 लाट के 3500 क्विंटल से अधिक चावल रिजेक्ट कर दिए गए। नियमानुसार 25 प्रतिशत तक ही ब्रोकन मान्य है। इसके बावजूद नान ने इसे स्वीकार कर लिया, इसे लेकर नान के अधिकारियो की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में जानकारी सामने आने के बाद तत्काल नान के अधिकारी द्वारा संबंधित मिलर्स को पत्र जारी कर बीआरएल घोषित चावल वापस लेने कहा गया है।

जानकारी के अनुसार, ये चावल जिले के लगभग दर्जन भर राइस मिलर्स द्वारा नान के लिए जमा किए गए थे। निर्धारित अस्वीकृति सीमा से भी खराब गुणवत्ता के पाए गए चावल अब ये मिलर्स वापस लेकर जल्द सही मापदंड के दूसरे चावल का गोदाम में प्रतिस्थापन करेंगे।

गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए 3 नमूने

भारत सरकार के केन्द्रीय टीम ने 17 से 26 अगस्त तक भंडारित खाद्यान्न की गुणवत्ता जांच के लिए दुर्ग जिले में कुल 15 नमूने ली थी। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर भारतीय खाद्य निगम के दुर्ग मंडल के अंतर्गत चावल के 3 नमूने (पाटन स्थित राज्य के 2 भंडारण डिपो एवं 1 उचित मूल्य दुकान से लिए गए) संबंधित फसल वर्ष के चावल के लिए निर्धारित एकरूप गुणवत्ता विनिर्देशों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन नमूनों को अस्वीकृति सीमा से परे (बीआरएल) घोषित किया गया है।

मिलर्स से जमा कराया जाएगा दूसरा चावल – डीएम नान

डीएम नान दीपिका जायसवाल का कहना है कि ऐसे मामले में पहले जमा किए गए चावल वापस कर दूसरा चावल जमा कराया जाता है। इसके अनुसार मिलर्स को दूसरा चावल जमा करने कहा गया है।

मालवीय चौक से जेल तिराहे तक बनेगा फोरलेन, सौगात

दुर्ग। दुर्ग शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों के सुगम आवागमन हेतु दुर्गवासियों को बड़ी सौगात मिली है। शासन से स्वीकृत 10 करोड़ रूपए की राशि से मालवीय चौक से जेल तिराहा तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव की पहल से स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य से शहर के प्रमुख मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में दुर्ग शहर में आधारभूत सुविधाओं और सड़क नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। जिला मुख्यालय होने के कारण दुर्ग में जिलेभर से नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में शहर की बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना आवश्यक है। मालवीय चौक से जेल तिराहा तक फोरलेन सड़क बनने से इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।

बोरसी व पुलगांव रोड पर भी फोरलेन निर्माण

दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चार स्थानों पर फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति पूर्व में मिल चुकी है। इनमें बोरसी से महाराजा चौक तक तथा जेल तिराहा से मिनीमाता चौक तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इन सड़कों के निर्माण से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने, आवागमन को सुचारु बनाने और नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

मरम्मत करने चंद्रा- मौर्या अंडरब्रिज 24 व 25 को रहेगा बंद

भिलाईनगर। चंद्रा- मौर्या अंडरब्रिज में ड्रेन की जाली से संबंधित आवश्यक सुधार और मरम्मत के लिए एवं संधारण कार्य ड्रेन की जाली अचानक बाहर निकल जाने के कारण आवागमन करने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका उत्पन्न हो गई है। इस स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए से चंद्रा- मौर्या अंडरब्रिज में तत्काल प्रभाव से आवागमन बंद किया जाना आवश्यक हो गया है। इसे ध्यान रखते हुए 24 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक चंद्रा- मौर्या अंडरब्रिज में आवागमन बाधित रहेगा। इस अवधि में कराया जाएगा, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके तथा आवागमन सुरक्षित बनाया जा सके।

निषाद समाज का जिला स्तरीय परिचय सम्मेलन कल

भिलाईनगर। निषाद समाज संघ, भिलाई की ओर से रविवार 25 अक्टूबर को घासीदास नगर, भिलाई में जिला स्तरीय पारिवारिक परिचय एवं सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में समाज के परिवार बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान डोम शेड एवं शौचालय निर्माण का शिलान्यास भी किया जाएगा। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन के द्वारा शिलान्यास संपन्न होगा। सम्मेलन में समाज के बच्चों के लिए पेंटिंग, रंगोली और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा तथा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस सम्मेलन के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिवारों को एक- दूसरे से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

नर्सिंग से लेकर बीएड कॉलेजों तक सीटें खाली, विद्यार्थियों में रुचि नहीं

राजनांदगांव। जिले में संचालित हो रहे अधिकांश नर्सिंग कॉलेज और बीएड कॉलेज में अभी भी सीट नहीं भर पाई है । नर्सिंग कॉलेजों से लेकर बीएड कॉलेजों तक में प्रवेश की स्थिति प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। विभिन्न संस्थानों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने से कॉलेज संचालकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। विद्यार्थियों की अपेक्षित रुचि नहीं दिखने के कारण निर्धारित सीटों को भरने में दिक्कत आ रही है।

इसका असर कॉलेजों की शैक्षणिक गतिविधियों और आर्थिक व्यवस्थाओं पर भी पड़ने की आशंका है। विद्यार्थी भी विशेष रुचि नहीं दिख रहे हैं ऐसे में प्रबंधन की परेशानियां बढ़ रही है। नर्सिंग के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं के बावजूद सभी संस्थानों में विद्यार्थियों की समान रुचि नहीं दिखाई दे रही है। वहीं, बीएड कॉलेजों में भी प्रवेश को लेकर स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। कॉलेज प्रबंधन विद्यार्थियों को आकर्षित करने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सीटें भरना आसान नहीं हो रहा है।

खर्च और संसाधनों का प्रबंधन बना चुनौती

कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति, भवन, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं के रखरखाव पर नियमित खर्च होता है। ऐसे में सीटें खाली रहने से संस्थानों के सामने आर्थिक दबाव बढ़ सकता है। नर्सिंग कॉलेजों में प्रशिक्षण और प्रायोगिक कक्षाओं के लिए आवश्यक संसाधनों का संचालन भी महत्वपूर्ण है। वहीं, बीएड संस्थानों को भी शैक्षणिक मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाए रखनी पड़ती हैं।

विद्यार्थियों की कम रुचि के कारणों पर मंथन जरूरी

प्रवेश में कमी के पीछे रोजगार की संभावनाओं, पाठ्यक्रमों की लागत, अन्य शहरों में पढ़ाई के विकल्प और विद्यार्थियों की बदलती प्राथमिकताओं जैसे कारणों की पड़ताल जरूरी है। हालांकि, जिले में कितनी सीटें खाली हैं, और पिछले वर्षों की तुलना में प्रवेश में कितनी गिरावट आई है, इसका स्पष्ट आंकड़ा सामने आने पर ही स्थिति का सही आकलन किया जा सकेगा।

अनुशासनहीनता पर हटाए गए भाजपा जिला मंत्री ऋषि चौधरी

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी में अनुशासनहीनता के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राजनांदगांव जिला मंत्री ऋषि देव चौधरी को उनके पद से पदमुक्त करने का आदेश जारी किया है। यह कार्यवाही संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी एवं जिला संगठन के वरिष्ठ जनों की अनुशंसा पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव मंडल अध्यक्ष अध्यक्ष सुमित भटिया के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने एवं हाथापाई की घटना हुई थी जिसके कारण भाजपाई बवाल मचा हुआ था । भाटिया ने अपने साथ मारपीट की शिकायत संगठन के सामने की थी । जिसके बाद वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक भी बुलाई गई। बैठक के बाद कार्यवाही के लिए संगठन को प्रस्ताव भेजा गया।

मामले को प्रदेश भाजपा ने गंभीरता से लिया। इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कड़ा रुख अपनाते हुए ऋषि देव चौधरी को जिला मंत्री पद से विमुक्त करने का निर्णय लिया है। भाजपा की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है किपार्टी नेतृत्व की इस कार्रवाई को संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्र से शहर में लाकर मवेशियों को छोड़ रहे, वसूला जुर्माना

राजनांदगांव। मवेशियो के कारण होने वाली दुर्घटना एवं सुगम यातायात के लिए निगम का अमला निरंतर मवेशी धरपकड अभियान चलाकर मवेशी पकड़ कांजी हाउस में छोड़ रहे है। शुक्रवार सुबह ग्राम सिंघोला की ओर से लगभग 50 की तादात में मवेशी लाकर शहर में छोड़ा जा रहा था, जिसकी जानकारी होते ही हल्दी के पास उक्त मवेशियो को पकड़ संबंधित पर 7 हजार 7 सौ रूपये जुर्माना लगा मवेशी वापस भेजा गया। पकडे मवेशियो में शहर के मवेशी को रेवाडीह कांजी हाउस भेजा गया।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह ग्राम सिंघोला से लगभग 50 मवेशी लाकर शहर में छोड़ने की तैयारी थी, जिसकी जानकारी हल्दी के पार्षद श्री चंद्रकृत साहू द्वारा आयुक्त श्री जी. आर. मरकाम को दी गयी। जानकारी मिलते ही आयुक्त ने निगम के अमला के साथ हल्दी पहुच सभी मवेशियो को एक जगह एकत्रित करा संबंधित मवेशी मालिको को सिंघोला से बुलवाकर उनपर 7 हजार 7 सौ रूपये जुर्माना लगा मवेशी वापस भेजे। उन्होने संबंधितो को चेतावनी दी कि अपना मवेशी का उचित प्रबंधनर करे, इस प्रकार शहर मे लाकर मवेशी छोड़ने पर कडी कार्यवाही की जावेगी। पकडे मवेशियो में शहर के कुछ मवेशियो को रेवाडीह कांजी हाउस भेजा गया।

आयुक्त ने पशु चिकित्सालय के टीम को बुलाकर शहर के पकडे मवेशी के कान में लगे टैग के आधार पर पशु मालिक की जानकारी लेकर अर्थदण्ड लगाने हेतु निर्देशित किया। आयुक्त श्री मरकाम ने कहा कि आज सुबह मार्निंग विजीट के दौरान हल्दी के पार्षद द्वारा सूचना प्राप्त होने पर तत्काल हल्दी पहुच शहर में ला रहे मवेशी को रोककर एक स्थान में एकत्रित कर संबंधितो पर अर्थदण्ड लगा मवेशी वापस भेजा गया। मवेशियो के साथ के स्थानीय मवेशियो को रेवाडीह कांजी हाउस में रखा गया है।

स्कैन होते ही कट गए 11,990 चालान, केवल 2044 का हुआ भुगतान

राजनांदगांव। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के तहत जिले में बड़ी संख्या में चालान जारी किए गए हैं। एएनपीआर कैमरे के जरिए आनलाइन चालान वाहन चालको के आरसी नंबर पर उल्लेख कि गए और उन्हें मोबाइल के जरिए भी भेजे गए है। इस कार्यवाही से बड़ी संख्या में वाहन चालकों के होश उड़े हुए ही है।

राजनांदगांव में दो से तीन जगह यह कैमरा लगाया गया है। जहां स्कैनर कैमरा लगाए गए हैं, वहां से वाहन गुजरते कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू हो जाती है । कमी मिलने पर आरसी में भी चालान आनलाइन रिकार्ड दर्ज हो जाता है। कई बार वाहन चालको को इसकी जानकारी तब लगती है जब वे बीमा कराने व अन्य कार्य से विभाग पहुंचते हैं।

आरटीओ विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार कुल 11,990 चालान जारी किए गए हैं। इनमें से 2,044 चालानों का भुगतान हो चुका है, जबकि 9,946 चालान अब भी लंबित हैं। चालानों के माध्यम से कुल 3 करोड़ 57 लाख 8 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें से 1 करोड़ 48 लाख 80 हजार 400 रुपये की वसूली हुई है, जबकि 2 करोड़ 8 लाख 28 हजार 300 रुपये की राशि अब भी बकाया है। आरटीओ निरिक्षक विकास तिवारी ने बताया कि चालान कांटने के बाद वसूली की कार्यवाही भी हो रही है।

83 प्रतिशत चालान लंबित

आंकड़ों के अनुसार, कुल चालानों में से लगभग 17 प्रतिशत का ही भुगतान हुआ है, जबकि करीब 83 प्रतिशत चालान लंबित हैं। इसी तरह निर्धारित जुर्माने की कुल राशि में से लगभग 42 प्रतिशत की वसूली हुई है। शेष करीब 58 प्रतिशत राशि की वसूली होना बाकी है। ये आंकड़े बताते हैं कि चालान जारी करने के साथ-साथ जुर्माने की वसूली भी संबंधित विभाग के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बनी हुई है।

ऑनलाइन चालान व्यवस्था से डिजिटल निगरानी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के लिए ई-चालान व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ डिजिटल तरीके से चालान जारी किए जा सकते हैं। राजनांदगांव जिले में यातायात पुलिस की ई-चालान व्यवस्था 2 अक्टूबर 2026 से लागू हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m