Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update, दुर्ग। रायपुर के गुढ़ीयारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर काम बंद कराने की धमकी देकर पिस्टल से फायरिंग करने वाले आरोपी को पाटन की जामगांव आर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में उपयोग किये गए पिस्टल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस को दो दिन का रिमांड लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की दोपहर गुढ़ीयारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर श्रमिक बिसहत यादव (46 वर्ष) सहित अन्य कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अविचल अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी टैगोर नगर रायपुर, अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर कार से मौके पर पहुंचा और आरोपी ने निर्माण स्थल पर चल रहे काम को बंद करने की धमकी दी।
इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आरोपी ने जमीन मालिक दीपक अग्रवाल को भी धमकाया और इसके बाद अपने साथियों के साथ वाहन से मौके से फरार हो गया। घटना के बाद श्रमिको ने पाटन के जामगांव आर थाना में आरोपी अविचल अग्रवाल के खिलाफ अपराध दर्ज कराया, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भोजन की तलाश में मंदिर पहुंचा भालू
बालोद। गुरुर वन परिक्षेत्र के ग्राम नारागांव स्थित प्रसिद्ध सियादेवी मंदिर क्षेत्र में एक घायल भालू के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंदिर क्षेत्र में घूमते भालू का वीडियो कैमरे में कैद हो गया है।
पढ़िए पूरी खबर
ग्रामीणों के मुताबिक, भालू घायल है और जिसके चलते वह लंगड़ाकर चलते हुए दिखाई दिया। मंदिर क्षेत्र में भालू की मौजूदगी का वीडियो भी कैमरे में कैद हुआ है, जिसमें वह रात के समय परिसर के आसपास घूमता नजर आ रहा है। भालू के मंदिर क्षेत्र में पहुंचने की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल है।

मोबाइल टावर केबल चोर गिरोह का भंडाफोड़
बालोद। गुंडरदेही पुलिस ने मोबाइल टावर से केबल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 विधि से संघर्षरत बालकों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने भरदाखुर्द, कुरदी और सुखरी गांव में लगे मोबाइल टावरों से केबल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत बड़ी मात्रा में चोरी किए गए मोबाइल टावर केबल बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
शिवमहापुराण कथा में पकड़ी गई संदिग्ध महिलाएं
जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए सात महिलाओं को पकड़ा। महिलाओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
एएसपी मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि कथा स्थल पर संदिग्ध महिलाओं के घूमने की शिकायत मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात महिलाओं को पकड़ा। इनमें ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश निवासी रीना, अनीता देवी, सोनाली उर्फ शीला, जाहनवी देवी और गीता देवी शामिल हैं। वहीं ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश निवासी संगीता और नैना को भी पकड़ा गया है।
पूछताछ के दौरान महिलाओं द्वारा पुलिस को संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, प्रकरण में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की है। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भिलाई नगर पुलिस की टीम द्वारा कथा स्थल पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
भक्तजनों के लिए पुलिस की एडवाइजरी
पुलिस ने भक्तजनों से अपील की है कि कथा स्थल पर अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं। मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान के साथ-साथ साथ आए बच्चों पर भी विशेष ध्यान दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस द्वारा धार्मिक आयोजन के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


