भिलाईनगर। सेल के वीआर स्कीम लांच होने संबंधी कथित सर्कुलर कई वाट्सएप ग्रुप में घूम रहा है। इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि किसी ने नहीं की लेकिन सूत्रों के अनुसार स्कीम फाइनल हो गई है, और कभी भी लांच की जा सकती है। जारी सर्कुलर के अनुसार 50 वर्ष या उससे अधिक के कार्मिक वीआर के लिए पात्र होंगे।
वाट्सएप ग्रुपों में घूम रहे सेल के कथित वीआर संबंधी सर्कुलर में कंपनी का मोनो नहीं होने से कुछ लोगों ने फेक भी माना। हालांकि, अपुष्ट सूत्रों ने यह भी कहा कि सेल के कार्पोरेट आफिस ने वीआर स्कीम लांच कर दिया है। लेकिन उसकी कोई अधिकृत कॉपी स्थानीय स्तर पर जारी नहीं की गई। वैसे भी आज रविवार होने के कारण बीएसपी के प्रशासनिक कार्यालय बंद रहे ।
कथित सर्कुलर के अनुसार, सभी कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए अपना आवेदन निर्दिष्ट ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा करना होगा। जमा करने पर, पोर्टल के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक आवेदन के लिए एक यूनिक आवेदन आईडी संख्या जनरेट की जाएगी। किसी भी स्तर पर हार्ड कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कथति सर्कुलर के अनुसार निर्धारित अवधि के दौरान पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों पर पहले आओ पहले पाओ के आधार पर विचार और प्रक्रिया की जाएगी। सभी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति आवेदनों की संबंधित औद्योगिक विभाग द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना में निर्धारित पात्रता मानदंडों की पूर्ति के लिए जांच की जाएगी और उसके बाद सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के लिए सतर्कता / अनुशासनात्मक स्थिति के साथ प्रक्रिया की जाएगी।
नेहरु नगर फ्लाईओवर में आईं दरारें
भिलाईनगर। नेहरु नगर फ्लाईओवर से गुजरना इन दिनों खतरे से खाली नहीं रहा। इस फ्लाईओवर के नीचे कुछ हिस्सा डैमेज हो चुके है। सबसे बड़ा खतरा तो फ्लाईओवर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बना हुआ है। वहीं सुपेला फ्लाई ओवर ब्रिज में भी सड़क भी खराब हो चुकी है। वाहन चालकों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना है। जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान न जाना समझ से परे है।
शहर में बने फ्लाईओवर ब्रिज की अनियमितता अब सामने आने लगी है। नेहरुनगर फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे हिस्से में अलग-अलग जगह पर दरारें आने लगी है। इस ओर अधिकारियों का ध्यान नहीं है। रोजाना फ्लाईओवर से भारी और बड़ी वाहन गुजरती है। ऐसे में किसी भी दिन बड़ा हादसा होने की संभावना है। वहीं सुपेला फ्लाईओवर में कभ बार सड़क बनाया फिर भी सड़क खराब हो गई है। रोजाना दोपहिया वाहन चालकों को परेशानियां उठानी पड़ रही है।
चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज 15 जुलाई तक बंद रहेगा यातायात
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई चंद्रा- मौर्या अंडरब्रिज में आवागमन की सुचारू व्यवस्था के लिए सीसी रोड का निर्माण करेगा। निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित रहेगी। यह कार्य 18 मई से प्रारंभ किया जावेगा, कार्य की पूर्णता तिथि 15 जुलाई संभावित है।
ईंधन बचाने अफसरों के वाहनों के डीजल में कटौती, घटेंगे कचरा वाहनों के फेरे
दुर्ग। ईंधन की खपत कम करने नगर निगम दुर्ग ने बड़ा कदम उठाया है। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश के तहत वार्डों में कचरा उठाने वाले वाहनों के फेरे में कटौती की गई है। ट्राइसाइकिल का ज्यादा से ज्यादा उपयोग किए जाने जोर दिया जा रहा है। वहीं निगम के अफसरों को भी ईंधन कम खपत करने के निर्देश दिए गए हैं। हर माह मिलने वाले ईंधन में 50% की कटौती की गई है।
नगर निगम दुर्ग में तरह-तरह की वाहन हैं, सभी वाहनों की अपनी अलग उपयोगिता है। जेसीबी, ट्रक, ट्रैक्टर, डंपर, टाटा एस, पानी टैंकर, मवेशी वाहन, कार, जीप सहित अन्य गाड़ियां निगम के पास है। 60 वार्डों में कचरा उठाने के लिए 60 टाटा एस है, जो रोजाना करीब चार फेरा लगाती है। इसके फेरे में कटौती की जा रही है। इसके अलावा छोटे- छोटे वार्ड में टाटा एस वाहन की जगह ट्राई साइकिल का उपयोग किया जाएगा।
ट्राई साइकिल के माध्यम से घरों से डोर टू डोर कचरा कलेक्ट कर एसएलआरएम सेंटर में सेग्रीगेशन के लिए डंप करेगा। वहीं अफसरों के वाहनों को प्रतिमाह 80 लीटर दिया जाता था, इसमें कटौती करते हुए अब उन वाहनों के लिए हर माह 40 लीटर डीजल दिया जाएगा। इसी तरह जोन में प्रयुक्त वाहनों की भी कटौती की गई है।
सोने-चांदी की कीमतों में तेजी होने से खरीदारी ठप
राजनांदगांव। सोने और चांदी की कीमतों में अचानक तेजी आ जाने से बाजार पूरी तरह से चौपट हो गया है। सप्त भर से सराफा बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। व्यापारी भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भारत सरकार द्वारा इंम्पोर्ट ड्यूटी भी बढ़ा दी गई है । इंम्पोर्ट ड्यूटी बढाए जाने के बाद से सोना जहां 1,66,000 के ऊपर जा पहुंचा है तो वहीं चांदी की कीमतों में काफी तेजी आ गई है वर्तमान में चांदी 2,90,000 किलो बिक रही है।
सोने और चांदी की कीमतों में तीन दिन के भीतर अचानक तेजी आ जाने से राजनांदगांव जिले के सराफा बाजार में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। और व्यापारी भी व्यवसाय को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। व्यापारियों कि सोने की तेजी का मुख्य कारण भू राजनीतिक तनाव को माना जा रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के चलते केंद्रीय बैंकों द्वारा भारी खरीदारी करना और महंगाई एवं डॉलर के मुकाबले कमजोर रुपया होना मुख्य कारण माना जा रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि निवेशक भी अनिश्चिता के इस दौर में सोनी की खरीददारी को सुरक्षित निवेश मानते हैं, सोने की मांग अधिक बढ़ने के कारण उसके दामों में काफी तेजी आ रही है। यही कारण है कि सोने चांदी की कीमतों में लगातार तेजी होती जा रही है। एक साल की भीतर सोने चांदी की कीमतों में अत्यधिक तेजी आ जाने से सराफा बाजार भी प्रभावित हुआ है।
राजनांदगांव जिले के सराफा बाजार में तो खरीददारी पूरी तरह से ठप बताई जा रही है, तो वहीं दूसरी ओर इंम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाने से सोने और चांदी की कीमतों में फिर से बढ़ोत्तरी हुई है। शादी-ब्याह के चलते भी लोग सोने-चांदी के आभूषण नहीं खरीद पा रहे हैं। व्यापारी ललित नखत, सन्नी गोलछा, ललित मूणोत, सुनील वैद का कहना है कि एक तो पहले से ही युद्ध का तनाव होने के कारण सोने चांदी की कीमतों में तेजी आ गई है वर्तमान में इंम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ा देने से सोने और चांदी के आभूषण और अधिक महंगे हो गए हैं, ऐसे में सराफा बाजार में खरीदारी पूरी तरह से ठप हो गई है।
मंडी में बंफर आवक, टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड
राजनांदगांव। कृषि उपज मंडी बसंतपुर में रबि सीजन के धान की बंफर आवक होने लगी है। जिसके चलते शेड में पैर रखने की जगह नही है। ऐसे में किसानों को शेड के बाहर खुले परिसर में धान पाला करना पड़ रहा है और वे रतजगा करने को मजबूर है। रोजाना 16 हजार कट्टा धान की आवक होने लगी है।
इस साल रबि सीजन के आवक ने प्रशासन के दावों की भी पोल खोल दी है, जहां वे धान का कम रकबा बता रहे थे। लेकिन यहां पिछले साल से ज्यादा धान की आवक होने लगी है। जानकारी अनुसार पिछले साल अप्रैल और मई तक जहां 3 लाख 86392 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई थी, लेकिन इस बार धान के उत्पादन में इजाफा होकर इस साल 4 लाख 9363 क्विंटल धान की आवक हुई है।
मंडी प्रशासन की माने तो नए धान में महापाया की आवक तेजी से होने लगी है। जिसके चलते पोहा मिल के लिए इसकी डिमांड बनी हुई है। इसके आलावा आई आर धान की आवक बनी हुई है। इसके आलावा कठानी आवक में सोयाबीन, चना देशी, गेंहू, मसूर, राहर, धनिया, सरसो व कुसुमबीज की आवक हो रही है।
महामाया धान 21 सौ क्विंटल में बिका इस सीजन में महामाया व आईआर धान अधिकतम 21 सौ रूपए क्विंटल तक बिका है। हालांकि, लगातार बारिश के चलते शेड में जगह नही मिलने के कारण किसानों को नुकसान का भी सामना करना पड रहा है।
शेड के बाहर धान रखने होने से उपज भीगने के चलते व्यापारी 12 से 14 सौ रुपए तक बोली लगा रहे है। इससे किसानों को नुकसान भी हो रहा है। मंडी प्रशासन द्वारा बोली के बाद व्यापारियों से तत्काल धान उठाव नही कराया जा रहा है। जिसके कारण उन्हें शेड में जगह नही मिल रही है।
उठाव में देरी से बढ़ी परेशानी मंडी के शेड में बोली लगने के कारण व्यापारी धान का उठाव तत्काल नही कर रहे है। जिससे किसान परेशान हो गए है। जबकि नियमतः बोली लगने के बाद धान उठाव करने की जिम्मेदारी व्यपारियों की हैं, ताकि अन्य किसानों की उपज की बोली समय पर लग सके। लेकिन इस पर मंडी प्रशासन की मानिटरिंग नही होने से व्यापारियों ने शेड पर कब्जा जमा लिया है। इस मामले में मंडी सचिव पंचराम वर्मा का कहना है कि व्यापारियों को जल्द से जल्द धान उठाव करने कहा गया है।
खैरागढ़ में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
खैरागढ़। खैरागढ़ में बढ़ते अतिक्रमण और उससे प्रभावित यातायात व्यवस्था को लेकर शनिवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। राजस्व विभाग नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यापक अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान न्यायालय परिसर, अटल चौक, दुर्गा चौक से टेम्पो चौक तक सड़क किनारे बने चबूतरे, ठेले और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।
जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग स्थित प्रीमियम शराब दुकान के आसपास बीते कुछ समय से अवैध चखना सेंटर और ठेलों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। शाम के समय यहां लोगों और वाहनों की भीड़ लगने से यातायात प्रभावित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी । प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इन अवैध ठेलों को हटाने के साथ दुकानों के आगे बने पक्के चबूतरों को भी तोड़ दिया। सड़क किनारे खड़ी फल और अन्य रेहड़ियों को भी हटाया गया।
नगर पालिका प्रशासन ने मुख्य मार्गों पर संचालित गुपचुप ठेलों और अन्य अस्थायी दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए रविवार तक का समय दिया है। अतिक्रमण हटाने अभियान को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद भी कब्जा पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पालिका अधिकारियों का कहना है कि संबंधित दुकानदारों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर और स्वयं अतिक्रमण क्षेत्र में जाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन पालन नहीं होने के कारण प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
चौथी रेल लाइन के कार्य से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
राजनांदगांव। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच तीसरी एवं चौथी रेलवे लाइन का कार्य किया जा रहा है। जिससे ट्रेनें प्रभावित होगी। इसी क्रम में बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के चांपा स्टेशन में चौथी लाइन से जोड़ने का कार्य 07 जून से 19 जून तक (विभिन्न तिथियों में) किया जायेगा ।
इस कार्य के लिए इन ट्रेनों का परिचालन अल्पकालिक बाधित रहेगा एवं इस कार्य के पूर्ण होते ही गाडियों की समयबद्धता एवं गति में तेजी आयेगी । इस कार्य के फलस्वरूप कुछ यात्री गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
प्रभावित होने पैसेंजर गाडियां : 08 से 19 जून 2026 तक गेवरारोड से चलने वाली 68745 गेवरारोड – रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी। 7 से 18 जून तक रायपुर से चलने वाली 68746 रायपुर-गेवरारोड मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी । 8 से 19 जून तक कोरबा से चलने वाली 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर रद्द रहेगी। 7 से 18 जून तक रायपुर से चलने वाली 58204 रायपुर- कोरबा पैसेंजर रद्द रहेगी। 8 से 19 जून तक बिलासपुर व गेवरारोड से चलने वाली 68734/68733 बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी । 8 से 19 जून तक बिलासपुर बिलासपुर- कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर व कोरबा से चलने वाली, 8732/68731 रद्द रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

