खैरागढ़। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही चक्रवाती गतिविधियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 29 अक्टूबर तक बारिश की आशंका है। इसे देखते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले के किसानों से फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है।
कृषि विभाग ने भी मौसम आधारित कृषि सलाह जारी कर धान की कटाई फिलहाल स्थगित रखने और कटी फसल को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। धान की कटाई रोकें, फसल को बारिश से बचाएं कृषि विभाग के उपसंचालक राजकुमार सोलंकी ने बताया कि जिले में धान की फसल पकने की अवस्था में है। ऐसे में बारिश से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल को नुकसान हो सकता है। किसानों को आगामी दो से चार दिनों तक मौसम की स्थिति को देखते हुए कटाई टालने की सलाह दी गई है।

जिन किसानों ने कटाई कर ली है वे फसल को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा तिरपाल से अच्छी तरह ढकें। खेतों में पानी जमा न हो, इसके लिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें। सब्जी उत्पादक और पशुपालक भी रहें सतर्क कृषि विभाग ने सब्जियों की बेलों और फलदार पौधों को सहारा देने तथा खेतों में जलभराव रोकने के उपाय करने की सलाह दी है। बारिश के दौरान कीटनाशकों और कवकनाशकों का छिड़काव न करें। गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बुवाई मौसम अनुकूल होने तक स्थगित रखने की सलाह दी गई है।
किसान आंदोलन के बीच 13 भाजपा समर्थकों का इस्तीफा
दुर्ग। धमधा में किसानों की कर्ज संबंधी समस्याओं और कर्ज माफी की मांग को लेकर पिछले 50 दिनों से भूख हड़ताल जारी है। इसमें शामिल भाजपा एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अब अपनी पार्टी को लेकर नाराजगी सामने आ रही है। कांग्रेस के बाद अब भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। किसान आंदोलन के बीच आज 13 भाजपा समर्थकों ने इस्तीफा सौंपा है।
किसानों की मांगों को लेकर जारी क्रमिक भूख हड़ताल के बीच इन इस्तीफों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस्तीफा देने वालों में भाजपा मंडल धमधा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष डॉ. हर्ष साहू सहित सक्रिय सदस्य और अन्य समर्थक शामिल हैं। साहू ने बताया कि इस्तीफे के पत्र उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष को मोबाइल से वाट्सअप के माध्यम से प्रेषित किए है।
इस्तीफा देने वालों ने किसान आंदोलन के प्रति जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि 50 दिनों से जारी हड़ताल के बावजूद उनकी समस्याएं शासन प्रशासन नहीं सुन रहे हैं। सांसद द्वारा भी आश्वासन दिए 15 दिन हो गए भाजपा की सत्ता होते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने भी आश्वासन दिया था। इसके बावजूद किसानों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस्तीफा देने वालों में डॉ. हर्ष साहू, अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा मंडल धमधा, तेजराम साहू, सक्रिय सदस्य भाजपा, सहित कमलेश जंघेल, भरत गिरी गोस्वामी, दुवासू साहू, नेतराम साहू, भानुप्रताप साहू, लीलाराम, चेतन देवांगन, अनिल कुमार, दूजलाल, सावंत साहू और खेमगिरि गोस्वामी के नाम शामिल हैं।
रबी सीजन के बीज की कीमतों में हुई जबर्दस्त बढ़ोतरी
दुर्ग। राज्य स्तरीय बीज विक्रय दर निर्धारण समिति ने रबी 2026-27 के लिए निर्धारित दरों का अनुमोदन कर दिया है। इसके अनुसार रबी के प्रमाणित बीज की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी की गई है। प्रति क्विंटल बीज की कीमत में साढ़े तीन हजार रुपए तक वृद्धि हुई है।
जानकारी के अनुसार, मूंगफली के पुरानी किस्मों की बीज में प्रति क्विंटल 3533 रुपए की वृद्धि कर 12391 रुपए कर दी गई है। इसी प्रकार इसके 10 वर्ष के अंदर वाले बीज की कीमत में प्रति क्विंटल 2256 रुपए की बढ़ोतरी की गई। है । इसी तरह मसूर की पुरानी किस्म के बीज की कीमत में 1612 रुपए की बढ़ोतरी कर 12634 रुपए प्रति क्विंटल एवं नई किस्म में 1523 रुपए की वृद्धि कर 12543 कर दी गई है।
चना बीज के पुरानी किस्म के बीज की कीमत 8957 से बढ़ाकर 10176 एवं नई किस्म की कीमत 7467 से 8218 रूपए प्रति क्विंटल कर दी गई है अर्थात इसकी कीमत में क्रमशः 1219 एवं 751 रुपए की वृद्धि की गई है। गेहूं व अलसी के नवीनतम किस्म की कीमत में की गई कमी : निर्धारित नई दरों के अनुसार गेहूं के बौनी किस्म के नवीनतम बीज की कीमत में 82 रुपए की कमी कर 3629 रुपए प्रति क्विंटल कर दी गई है।
वहीं गेहूं ऊंची किस्म के बीज 4085 से घटाकर 4057 रुपए की गई है। बौनी की पुरानी बीज की कीमत में मात्र 2 रुपए की वृद्धि कर 4050 रुपए प्रति क्विंटल की गई है। वहीं अलसी के नवीनतम किस्म के बीज की कीमत 92 घटाकर प्रति क्विंटल 12237 रुपए की गई है। शेष सभी किस्मों के फसलों के बीज की कीमत में भारी इजाफा हुआ है। मटर नवीनतम किस्म 386 रुपए की वृद्धि कर 8806 एवं पुरानी में 243 रुपए बढ़ाकर 9558 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
मूंग 13341 से 14032, उड़द 13571 से 13871, तेरिया 9883 से 10232 एवं तिवड़ा 6209 से बढ़ाकर 6456 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है जबकि सरसों नवीनतम किस्म 9511 से 9711 एवं पुरानी किस्म 8374 से 8653 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। कुसम के सभी किस्म के बीज की कीमत 8401 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित की गई।
नवीनतम किस्म को बढ़ावा देने प्रयास
उप संचालक कृषि संदीप कुमार भोई का कहना विभिन्न फसलों के नवीनतम किस्म की बीजो को बढ़ावा देने इसकी कीमत पुरानी किस्म की तुलना में कम रखी गई है। उनका कहा है कि विभिन्न फसलों के नवीनतम बीज में रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होने के साथ इसमें उत्पादन भी अच्छा मिलता है
भिलाई निगम की 10-15 जब्ती योग्य गाड़ियां फार्म हाउस में छिपाने का आरोप
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की निजी कंपनी किवार कंपनी की लगभग 10 से 15 जब्ती योग्य गाड़ियों को सरकारी रिकॉर्ड से छिपाकर अवैध रूप से फार्म हाउस में रखने, राजस्व हानि और भ्रष्टाचार की शिकायत पर निगम आयुक्त ने जांच समिति गठित की है।
आयुक्त सुरुचि सिंह द्वारा 24 अक्टूबर को डिजिटली हस्ताक्षरित आदेश अनुसार चार सदस्यीय समिति बनाई है। जांच समिति में अजीत कुमार तिग्गा, मुख्य अभियंता – अध्यक्ष, संजय कुमार वर्मा, कार्यपालन अभियंता सदस्य, चन्द्रभूषण साहू, लेखाधिकारी सदस्य व शशिकांत वर्मा, उप अभियंता सदस्य सचिव / संयोजक को नियुक्त किया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच कर प्रतिवेदन आयुक्त को सौंपना है।
भाजपा का निगमों पर हल्ला बोल अगले माह से
भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई और नगर पालिक निगम भिलाई- चरोदा में कथित भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों तथा सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था की बदहाली को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत 3 नवंबर को नगर निगम भिलाई तथा 5 नवंबर को नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा का घेराव किया जाएगा।
आंदोलन की तैयारियों को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बैठक में संगठनात्मक रणनीति, जनसमस्याओं और निगम प्रशासन की जवाबदेही के मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य वक्ता एवं जिला प्रभारी रामजी भारती ने कहा कि नगर निगमों से जुड़े जनहित के मुद्दों को गंभीरता से उठाना आवश्यक है। सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं का सीधा संबंध आम नागरिकों के दैनिक जीवन से है। इन व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही की शिकायतों पर संबंधित प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
करवा चौथ के लिए बाजार हुआ गुलजार
राजनांदगांव। शहर के बाजार में इन दिनों अच्छी खासी खरीदी हो रही है। करवा चौथ पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। 29 अक्टूबर को मनाए जाने वाले करवा चौथ व्रत की तैयारियों के लिए महिलाएं जमकर खरीदारी कर रही हैं। कपड़ा बाजार से लेकर सौंदर्य प्रसाधन, सराफा और चूड़ी की दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। पर्व को लेकर व्यापारियों को अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है। खासकर महिलाओं में नए परिधान, आभूषण और सोलह श्रृंगार से जुड़ी सामग्री खरीदने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। अच्छी खरीदी से व्यापारी भी खुश नजर आ रहे हैं।
भारतीय परंपरा में करवा चौथ व्रत का विशेष महत्व है। करवा चौथ पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। पर्व को लेकर बाजार में खरीददारी का दौर शुरू हो गया है। महिलाएं व्रत के दिन पहनने के लिए साड़ी, डिजाइनर सूट और अन्य आकर्षक परिधानों की खरीदारी कर रही हैं। कपड़ा दुकानों में नई वैरायटी और आकर्षक डिजाइनों के कपड़ों की मांग बढ़ रही है। इसके साथ ही सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों में भी महिलाओं की भीड़ जुट रही है। कुछ ही दिन शेष होने के कारण बाजार में अच्छी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
चूड़ी, आभूषण और मिट्टी के करवा की मांग
करवा चौथ के अवसर पर श्रृंगार सामग्री के साथ चूड़ियों की खरीददारी भी की जा रही है। महिलाएं अपनी पसंद और परिधानों के अनुरूप रंग-बिरंगी चूड़ियां खरीद रही हैं। वहीं सराफा बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है। पर्व की परंपरा के अनुसार पूजा के लिए मिट्टी के करवा की खरीदारी भी की जा रही है। बाजार में पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है।
व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद
व्यापारी हरि कोठारी ने बताया कि करवा चौथ के कारण बाजार में ग्राहकी का माहौल बनने लगा है। महिलाएं पर्व की तैयारी के लिए कपड़ों और श्रृंगार सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। आने वाले दिनों में ग्राहकी और बढ़ने की उम्मीद है। व्यापारियों को विश्वास है कि करवा चौथ के साथ आगामी त्योहारों के चलते बाजार में कारोबार को गति मिलेगी। एक अन्य व्यापारी पंकज खंडेलवाल का भी कहना है कि इस वर्ष अच्छी ग्राहकी रहेगी।
खैरागढ़ पुलिस ने शुरू की पॉस मशीन से ऑनलाइन चालान की कार्रवाई
खैरागढ़। यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए खैरागढ़ यातायात शाखा में पॉस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन से ऑनलाइन चालान की व्यवस्था शुरू की गई है।
26 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस व्यवस्था से वाहन चालकों को चालान की राशि जमा करने में सुविधा मिलेगी। अब वाहन चालक चालान की राशि का भुगतान मौके पर ही यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से कर सकेंगे। भुगतान के बाद उन्हें तत्काल प्रिंटेड रसीद भी दी जाएगी। इसके अलावा वाहन चालक अपने चालान की जानकारी ऑनलाइन भी देख सकेंगे। इससे चालानी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ नकद भुगतान की निर्भरता कम होगी।
नियम तोड़ने वालों पर हो रही सीधी कार्रवाई
नई व्यवस्था शुरू होने के साथ ही यातायात पुलिस ने चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पॉस मशीन से ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने. प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, दोपहिया वाहनों पर निर्धारित संख्या में सवारी बैठाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

