भिलाईनगर। छावनी स्थित पांडेय कबाड़ी के गोदाम में पुलिस की दबिश में गोदाम से रेल पटरी, लोहे के एंगल, सरिया, जाली सहित बड़ी मात्रा में स्क्रैप एवं लोहे से संबंधित लाखों रुपए की सामग्री जब्ती मामले में मंगलवार को जामुल पुलिस ने गोदाम मैनेजर नरसिंह यादव को गिरफ्तार किया है, लेकिन तीन दिन बाद भी संचालक सुरेश कबाड़ी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा।

यह भी पढ़ें : CG Digital Arrest : बुजुर्ग महिला को 5 दिनों तक रखा डिजिटल अरेस्ट, NIA अधिकारी बनकर 7 लाख ठगे

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि थाना जामुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शंकर नगर छावनी स्थित उदय स्कूल के पीछे पांडे कबाड़ी के गोदाम में ट्रक चालकों से लोहे का स्क्रैप एवं अन्य लोहे की सामग्री खरीदकर रखी गई है तथा वहां अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री की जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम गोदाम में छापामार कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान रेल पटरी, गैस कटर, तौल मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, लोहे के एंगल, सरिया एवं अन्य स्क्रैप सामग्री बरामद की। सामग्री के चोरी की होने के संदेह पर गोदाम के मैनेजर नरसिंह यादव (51 वर्ष) निवासी नेहरू चौक शास्त्री नगर, कैंप-01 को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने कथन में सुरेश सिंह एवं अन्य श्रमिकों के साथ विभिन्न स्थानों से लोहे का सामान चोरी करने तथा अन्य व्यक्तियों से लोहे का स्क्रैप खरीदकर गोदाम में रखने, गैस कटर से काटने और तौल के बाद भुगतान करने संबंधी जानकारी दी।

आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर थाना जामुल के अपराध धारा 303 (2) बीएनएस से संबंधित चोरी गए लोहे के एंगल एवं जाली का मिलान कर उन्हें बरामद एवं जब्त की है। पुलिस आरोपी नरसिंह यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण में विवेचना जारी है।

दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं से गाड़ी पार्किंग के नाम पर हो रही वसूली

भिलाईनगर। दुर्गा पंडाल समितियां शासन-प्रशासन के निर्देशों का खुला उल्लंघन कर रही हैं। कुछ दुर्गा समितियों ने पार्किंग निशुल्क कर दी है, वहीं आज भी सेक्टर-1 तारघर मैदान में विराजी दुर्गा माता के दर्शन में जाने वाले श्रद्धालुओं से गाड़ी पार्किंग के नाम पर 10 रुपए एवं 20 रुपए की वसूली की जा रही है।

इस मामले में समितियों को पूर्व में शासन ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि किसी भी दुर्गा पंडाल में माता दुर्गा के दर्शन के लिए कोई टिकट या शुल्क नहीं रखा जाएगा एवं माता दर्शन के नाम पर आने वाले लोगों से पार्किंग के नाम पर किसी प्रकार की राशि वसूल नहीं की जाएगी। कई पंडालों में माता के दर्शन को लेकर कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है, परंतु कुछ जगह तीन दर्शन मंदिर कैंप एक में माता दुर्गा समितियां के द्वारा स्थापित की गई है, जहां माता के दर्शन के लिए गुफा बनाकर समिति द्वारा टिकट घर गुफा प्रवेश के लिए राशि वसूल की जा रही है।

इसी तरह सेक्टर-1 तारघर मैदान में दो पहिया गाड़ी पार्किंग के लिए 10 रुपए की पर्ची काटी जा रही है। समिति कहीं की, वसूली कहीं और की जिस पंडाल से गाड़ी पार्किंग के लिए पर्ची काटी जा रही है, उक्त पर्ची पर उल्लेख है। न्यू स्टार साइकिल स्टैंड सेक्टर-2 है। कार पार्किंग के लिए 20 रुपए एवं मोटर साइकिल के लिए 10 रुपए की पर्ची काटकर लोगों को लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पर्ची दूसरी जगह की और वसूली तारघर मैदान में

गणेश पंडाल में हुई थी कारवाई : भिलाई नगर निगम के जोन-5 सेक्टर-6 के जोन कार्यालय से राजस्व विभाग के राजस्व प्रभारी अनिल मेश्राम ने गणेश पंडालों में गाड़ी पार्किंग के नाम पर हो रही वसूली को बंद कराते हुए टिकट बंडलों को जब्त कराया था। फिर वहीं स्थिति दुर्गा पूजा के दौरान समितियों द्वारा दोहराई जा रही है।

भिलाई निगम का 20 करोड़ में बनेगा नया 5 मंजिला कार्यालय भवन

भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई के नये कार्यालय भवन 20 करोड़ से बनेगा। नवीन एसओआर से प्रस्ताव मांगा, पर आज तक अप्राप्त उसी भवन का ले- आउट अब निगम ने जारी किया है। सर्व सुविधायुक्त पांच मंजिला बिल्डिंग बनाने के लिए भिलाई निगम मुख्यालय परिसर के भीतर ही स्थल चयन किया गया हैं।

दरअसल यह घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की थी। इसके तहत निचला ग्राउंड छोर 2929 वर्ग मीटर। ऊपरी ग्राउंड छोर 3020 वर्ग मीटर। पहला मंजिल 2750 वर्ग मीटर। दूसरा मंजिल 2750 वर्ग मीटर। तीसरा मंजिल 2750 वर्ग मीटर चौथा मंजिल 2750 वर्ग मीटर। टेरेस छोर 300 वर्ग मीटर कुल क्षेत्र 17249 वर्ग मीटर (1.72 हेक्टेयर बिल्टअप) पार्किंग बेसमेंट में कार 35, टू-व्हीलर 106, खुली पार्किंग कार 275, टू- व्हीलर 2601

प्लान में क्या-क्या : बीच में बड़ा बाग, चारों तरफ 7.0एम वाइड रोड। एक तरफ मौजूदा नगर निगम भवन (शेडेड), दूसरी तरफ अन्य भूमि, मौजूदा सड़क, नीचे जीई रोड और सेवा सड़क कवर नाली, दो बड़े गार्डन, ओपन पार्किंग की लंबी कतारें भविष्य में सोलर, ईवी चार्जिंग की जगह

सेंट्रल जेल दुर्ग में नवरात्रि पर 362 कैदियों ने रखा व्रत

भिलाईनगर। जेल की सलाखों के पीछे रह रहे बंदी भी नवरात्रि पर पूरे नियम-निष्ठा के साथ मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं। मां दुर्गा की स्थापना कर 362 बंदियों ने उपवास रखा है। व्रतियों में 332 पुरुष और 30 महिलाएं शामिल हैं। इसमें 223 बंदियों ने तीन दिन एवं 109 बंदी पूरे नौ दिनों का उपवास रखा है।

जेल अधीक्षक मनीष संभाकर ने बताया कि शारदीय नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर केन्द्रीय जेल दुर्ग में धार्मिक श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ की गई मां दुर्गा की स्थापना की गई। इस अवसर पर जेल परिसर में ज्योति कलश प्रज्वलित कर जोत जवारा स्थापित किया गया तथा मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। नवरात्रि के दौरान सेवागीत एवं भक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जेल परिसर में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया गया।

उन्होंने बताया कि शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर पुरूष बंदी 332 एवं महिला बंदिनी 30, कुल योग 362 इसमें से 223 बंदियों ने तीन दिन एवं 109 बंदियों ने पुरे नौ दिन का उपवास रखा है। बंदियों ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ मां दुर्गा की आराधना में सहभगिता की। श्री संभाकर ने बताया कि धार्मिक आयोजन के माध्यम से बंदियों को आत्मचिंतन, संयम, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

निकाय चुनाव की तैयारी तेज, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 को

भिलाईनगर। दुर्ग जिले में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। भिलाई, रिसाली, भिलाई- चरोदा और जामुल में चुनावी गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। एक ओर राजनीतिक दल बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाएं तैयार करने में जुटा है।

भिलाई नगर निगम ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया। मतदान सामग्री का वितरण, पोलिंग पाटियों की रवानगी और उनकी वापसी के साथ मतगणना का काम सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया जाएगा। महापौर और वार्ड पार्षद पदों के नाम निर्देशन पत्र भिलाई नगर निगम के महापौर कार्यालय में प्राप्त किए जाएंगे।

भिलाई नगर निगम आयुक्त की ओर से उप जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए पत्र में इसका उल्लेख है। कल्याण कॉलेज में होगी मतगणना : मतदान के लिए जरूरी सामग्री का वितरण कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 भिलाई नगर से होगा। यहीं से मतदान दलों को उनके निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। मतदान पूरा होने के बाद दलों की वापसी और मतगणना की व्यवस्था भी इसी परिसर में रखी गई है। इस व्यवस्था के तहत मतदान से पहले की तैयारियों, मतदान दलों की आवाजाही और मतगणना के लिए एक प्रमुख केंद्र निर्धारित किया गया है।

दिसंबर 2026 में प्रस्तावित चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग के स्तर पर भी तैयारी जारी है। आयोग ने निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को प्रस्तावित है।

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने पर जोर

चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को अपडेट करने का काम भी महत्वपूर्ण है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पेयजल के लिए वार्डवासियों ने किया सड़क जाम

छुरिया। नगर पंचायत छुरिया के सीमा क्षेत्र के अंतर्गत सप्ताहभर से वार्डों में पानी की सप्लाई बाधित होने से वार्डवासियों को पेयजल के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इससे नाराज होकर मंगलवार की सुबह पार्षद एवं वार्डवासियों ने मुख्य मार्ग पर खाली बाल्टियां रखकर आवागमन बाधित कर दिया और नगर पंचायत के गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होते ही चिचोला – छुरिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

खबर मिलते ही नगर पंचायत के सीएमओ मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें पार्षद एवं वार्डवासियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। काफी जद्दोजहद के बाद वार्ड में टैंकर से पानी की सप्लाई एवं बंद पड़े मोटर को तत्काल सुधारकर अगले दिन पानी की सप्लाई शुरू करने का आश्वासन मिलने के बाद वार्डवासियों ने बाधित मार्ग को खोला तब जाकर आवागमन सुचारू रूप से संचालित हुआ।

नगर पंचायत सीमा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 01, 05 एवं 06 में मोटर पंप खराब होने से वार्डों में सप्ताहभर से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद अनिल लारोकर एवं वार्डवासियों ने इसकी शिकायत नगर पंचायत के अधिकारियों से की थी। इसके बाद भी इन वार्डों में पानी की किल्लत पर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।

नतीजा यह हुआ कि मंगलवार की सुबह वार्ड पार्षद एवं सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित वार्डवासियों ने चिचोला छुरिया सड़क मार्ग पर पेयजल की समस्या को लेकर सड़क जाम कर दिया। जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के सीएमओ अजय बहादुर, इंजीनियर अजय प्रधान एवं नगर पंचायत के जल प्रदाय कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें पार्षद एवं वार्डवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा।

इस पर नगर पंचायत के सीएमओ ने बंद पड़े मोटर को तत्काल दुरुस्त कर वार्डों में पेयजल सप्लाई शुरू करने एवं पानी के टैंकर से जलापूर्ति किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्षद एवं वार्डवासी सड़क जाम समाप्त कर हटे, तब जाकर आवागमन सुचारू रूप से शुरू हुआ।

किसान की मौत के तीन महीने बाद जेई समेत तीन पर अपराध दर्ज

खैरागढ़। नगर की सीमा से महज 10 किमी दूर ग्राम पिपलाकछार में खेत में काम करने के दौरान बिजली का तार टूटकर गिरने से किसान धनसाय पटेल की मौत के मामले में करीब तीन महीने बाद खैरागढ़ पुलिस ने कनिष्ठ अभियंता समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए थे।

जानकारी अनुसार घटना 10 जुलाई की है। खेत में काम करते समय बिजली का तार टूटकर गिरने से किसान धनसाय पटेल उसकी चपेट में आ गए थे और गंभीर रूप से करंट लगने से उसकी मौक़े पर ही मौत हो गई थी। बताया गया है कि जर्जर बिजली तार टूटने की शिकायत पहले ही विभाग को दी गई थी इसके बावजूद यह दर्दनाक हादसा हो गया जिसके लिए विभाग के कनिष्ठ अभियंता और अन्य लोगों की लापरवाही व गैर जवाबदेही सामने आई।

मामले में पुलिस ने 5 अक्टूबर को कनिष्ठ अभियंता अतुल सिंह गहरवार, लाइन परिचारक तिलेंद्र कुमार ठाकुर और बाह्य कर्मचारी धर्मेंद्र यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1), 125 (ए) और 3 ( 5 ) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। हादसे के बाद अब तक चली कार्रवाई के बीच तीन महीने बाद दर्ज हुई प्राथमिकी ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई के सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि हादसे के लिए किसकी कितनी जिम्मेदारी थी और शिकायत मिलने के बावजूद समय रहते सुधारात्मक कदम क्यों नहीं उठाए गए।

वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने जड़ा ताला

राजनांदगांव। घुमका सहकारी समिति में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले नौ माह से वेतन नहीं मिला है। जिससे नाराज कर्मचारियों ने समिति में ताला जड़कर चाबी प्राधिकृत अधिकारी के हवाले किया है। वही समिति में सूचना लगाया गया है। कि, वेतन नही मिलने तक 14 अक्टूबर से बैंक का कामकाज बंद रहेगा।

कृषक सेवा सहकारी समिति मर्यादित घुमका के कर्मचारियों की माने तो विगत नौ माह से वेतन अप्राप्त है, जिसके संबंध में विभाग के सक्षम अधिकारी उपायुक्त सहकारिता एवं उपपंजीयक सहकारी संस्थाएँ जिला मुख्यालय एवं सीईओ राजनांदगांव एवं शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा घुमका एवं सहकारी समिति मर्यादित घुमका को अवगत कराते हुए वेतन दिलाने के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन आज तक कर्मचारियों की समस्या का निराकरण नहीं हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m