भिलाईनगर। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला भिलाई एवं समस्त भाजपा पार्षदों ने भिलाई नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, तानाशाही और अव्यवस्था के खिलाफ जंगी प्रदर्शन किया। एनएच-53 नेशनल हाईवे को जाम कर प्रदर्शन लगभग 4 घंटे चला। नेताओं ने कहा कि भिलाई नगर निगम में विगत साढ़े 4 वर्षों से लगातार हो रही अनियमितताओं भ्रष्टाचार एवं जनहित की उपेक्षा को जनता के समक्ष लाने प्रदर्शन किया जा रहा है। जिला व पुलिस प्रशासन मुकदर्शक बनकर देखती रही । ऐसा पहली बार ऐसा हुआ है कि नेशनल हाईवे में आवागमन करने वाली गाड़ियां पूरी तरह से थम गई थी।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय का आज बस्तर दौरा… केरलम में UDF पर भरोसे की जीत : भूपेश… सेप्टिक टैंक खाली करवाने अब ऑनलाइन आवेदन… बस्तर थीम पर कार्टून प्रदर्शनी आज… पढ़ें और भी खबरें

इस बीच सभा को वरिष्ठ नेता एवं भिलाई शहर जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने संबोधित किया। उधर पार्षद दया सिंह ने शंखनाथ करते हुए अपने साथियों के साथ निगम मुख्यालय के मुख्य गेट पर बने बैरिकेट को तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, परंतु पुलिस के सुरक्षा घेरा को तोड़ने में विफल साबित हुए।

मंच पर आसीन भाजपा के प्रदेश महामंत्री राम जी भारती, वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, महेश वर्मा, संतोष मौर्य, पीयूष मिश्रा, श्याम सुंदर राव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच लगातार अनुरोध करते रहे, परंतु पार्षद दया सिंह एवं खुर्सीपार के कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं की भी नहीं सुनी और निगम मुख्यालय के गेट नंबर 1 में लगे बैरिकेट पर धावा बोल दिया। सभा समाप्त होने के पश्चात भ्रष्टाचार के खिलाफ कलेक्टर के नाम भाजपा के 6 सदस्य समिति, जिला अध्यक्ष, अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा एसडीएम महेश राजपूत को ज्ञापन सौंपा गया।

narayana

बीएसपी में पदोन्नति ग्रेडिंग अनिवार्यता पर बवाल, इंटक ने खोला मोर्चा

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारियों के लिए लागू की जा रही नई पदोन्नति ग्रेडिंग नीति को लेकर स्टील इम्प्लाइज यूनियन (इंटक) ने कड़ा विरोध जताया है। सेक्टर-3 स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित अपेक्स कमेटी की बैठक में प्रबंधन के निर्णय को कर्मचारी विरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो 11 मई को सुबह 7.45 से 8.45 बजे तक मुर्गा चौक में प्रदर्शन कर सेल अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि नई ग्रेडिंग नीति के तहत 20% कर्मचारियों को ओ ग्रेड, 25% को बी ग्रेड तथा शेष 55% को ए और सी ग्रेड देना प्रबंधन का एकतरफा निर्णय है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है। यूनियन ने इसे भिलाई इस्पात संयंत्र के भविष्य के लिए नुकसानदायक बताते हुए तत्काल समाप्त करने की मांग की।

इंटक ने लंबित वेतन समझौते को भी प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि 1 जनवरी 2017 से लंबित 39 माह का एरियर शीघ्र भुगतान किया जाए। यूनियन ने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ के लाभ के बावजूद 9 वर्षों से वेतन समझौता लंबित है। और एनजेसीएस की बैठक तक नहीं बुलाई जा रही। बैठक में 2007 की मंथली इंसेंटिव स्कीम में व्यापक सुधार की मांग करते हुए बेस इंसेंटिव को न्यूनतम 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने, प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव बढ़ाने, सीपीएफ टॉप-अप लोन शुरू करने तथा आरएफआईडी सिस्टम बंद करने की मांग रखी गई। साथ ही कर्मचारियों के आवास, शिक्षा, टाउनशिप सुविधाओं और सामाजिक भवनों में रियायत जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

महासचिव संजय कुमार साहू ने सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में पूरन वर्मा, आर. सुमन, विश्वनाथ सिंह साहू, सुरेश श्याम कुमार, के. सूर्यवंशी, रेशम राठौर, रमन मूर्ति, सीपी वर्मा, ताम्रध्वज सिन्हा, गुरुदेव साहू, दीनानाथ सिंह, विजय विश्वकर्मा, जयराम ध्रुव, गोविंद राठौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

ढौर में 8 मई को जनसमस्या निवारण शिविर

दुर्ग। सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत ग्राम पंचायत के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला ढौर में 8 मई को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है। उक्त शिविर में सिरसाखुर्द, जेवरा, समोदा, भटगांव, कुटेलाभांठा, खपरी कु., करंजाभिलाई, झेंझरी, कचांदुर, दौर, खेदामारा, बासीन, बोड़ेगांव, रवेलीडीह, अरसनारा, ननकट्ठी ग्राम शामिल है। शिविर में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे को नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी जनपद पंचायत मु. का. अधिकारी रूपेश कुमार पाण्डेय को नियुक्त किया गया है।

सायलेंट 777 ऐप से आईपीएल क्रिकेट सट्टा का संचालन, 4 आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। सायलेंट 777 ऐप के माध्यम से अवैध रूप से आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालन करते 4 आरोपियों को पाटन पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त 4 मोबाइल एवं नगदी कुल 73 हजार रुपए जब्त की गई है। आरोपियों ने 15 दिनों से ऑनलाइन लिंक खरीदकर आईपीएल मैचों में दांव लगाना एवं खिलाना स्वीकार किया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि सोमवार को थाना पाटन क्षेत्र अंतर्गत मुखबिर से सूचना मिली कि बाजार चौक पाटन में कुछ व्यक्तियों द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैचों पर अवैध रूप से रुपये-पैसे का दांव लगाकर सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर थाना पाटन एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की एवं 4 संदेहियों को पकड़ा गया।

पकड़े गए आरोपियों करन देवांगन (23 वर्ष) निवासी सुभाष चौक पाटन, थाना पाटन दुर्ग, उत्तम निषाद (29 वर्ष) निवासी शांति नगर भिलाई-3, गोपाल निषाद (27 वर्ष) निवासी ग्राम अटारी वार्ड नंबर 15, थाना पाटन व लोकेश उर्फ अरमान यादव (29 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 15 ग्राम अटारी, थाना पाटन के कब्जे से मोबाइल की जांच करने पर सायलेंट 777 ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलना एवं खिलाना पाया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा लगभग 15 दिन पूर्व ऐप का लिंक खरीदकर आईपीएल सट्टा संचालन करना स्वीकार किया गया।

मासूम से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर

भिलाईनगर। भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरैना निवासी आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा ने एक नाबालिक बालिका के साथ दुष्कर्म एवं मारपीट किया था। प्रकरण में आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। विवेचना के दौरान प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी एवं उसके परिजन ग्राम पुरैना में अवैध रूप से शासकीय भूमि पर मकान बनाकर निवास कर रहे थे। इस संबंध में नगर निगम प्रशासन द्वारा विधिवत नोटिस जारी कर मकान खाली करने के लिए निर्देशित किया गया था। नोटिस की अवहेलना किए जाने पर आज 4 मई को नगर निगम प्रशासन एवं थाना भिलाई – 3 पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए मकान में रखी सामग्री की जब्ती की गई तथा बुलडोजर के माध्यम से अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।

एमआईसी बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर

दुर्ग। सोमवार को महापौर अलका बाघमार की अध्यक्षता में एमआईसी (मेयर काउंसिल) सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक डाटा सेंटर में हुई। बैठक में निर्माण कार्यों, शहर सौंदर्यीकरण, सड़क चौड़ीकरण, कर व्यवस्था एवं विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े कई अहम एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा उपरांत अनेक प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में महापौर द्वारा मंगाए गए 10 बिंदुओं पर विभागीय जानकारी प्रस्तुत की गई और संबंधित विषयों पर सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। नगर निगम के बाजार विभाग के नियंत्रणाधीन नव-निर्मित जलगृह व्यावसायिक परिसर की तेरहवीं निविदा पर भी चर्चा हुई। निविदाकारों में गणेश्वरी पटेल, सौरभ पटेल, राघवेंद्र वर्मा, रूप सिंह वर्मा, रिचा अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल शामिल रहे। ऑफर दर ऑफसेट मूल्य से अधिक होने के कारण इस विषय को भी अगले एमआईसी में निर्णय हेतु रखा गया है, जिसको स्वीकृति दी गई।

बैठक में शहर के करदाताओं को राहत देते हुए संपत्तिकर में छूट देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। वर्ष 2026- 27 में अग्रिम संपत्तिकर जमा करने वाले करदाताओं को अप्रैल से जून तक 6 प्रतिशत, जुलाई से सितंबर तक 4 प्रतिशत तथा अक्टूबर से दिसंबर तक 2 प्रतिशत की छूट देने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। मनीष पारख (मेघगंगा ग्रुप) द्वारा अग्रसेन चौक तक स्वयं के व्यय से सौंदर्यीकरण कार्य कराने संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

बैठक के अंत में प्रशासनिक भवन के पीछे मजार के समीप स्थित दुकान को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। महापौर ने विद्युत एवं जल कार्य विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में कुआँ चौक क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले ठेले-खोमचे हटाने और दोबारा अतिक्रमण न होने की सख्त हिदायत दी गई। पुराना बस स्टैंड से कपड़ा मार्केट तक नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया। साथ ही महिला समृद्धि बाजार की दुकान खाली कराने हेतु पुनः नोटिस जारी करने और ओम ज्वेलर्स द्वारा किए गए सड़क अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर आयुक्त सुमित अग्रवाल, एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, नरेंद्र बंजारे, शेखर चन्द्राकर, लीना दिनेश देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, काशीराम कोसरे, नीलेश अग्रवाल, मनीष साहू, लीलाधर पाल, शिव नायक, शशि साहू, हर्षिका संभव जैन, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, प्रकाश चंद थवानी, मो. सलीम सिद्दीकी, गिरीश दिवान, दुर्गेश गुप्ता, सुरेश केवलानी, रेवाराम मनु, अभ्दय मिश्रा सहित अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

सीएसवीटीयू के स्थापना दिवस पर हुआ सुंदरकांड पाठ

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई में विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं आध्यात्मिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने सहभागिता दी।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति में निहित भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों को विद्यार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा। इसी क्रम में विज्ञान और अध्यात्म का समन्वय विषय पर सारगर्भित व्याख्यान एवं संगीतात्मक प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अरुण अरोरा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों में समग्र विकास, नैतिकता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का समावेश अत्यंत आवश्यक है। प्रभारी कुलसचिव डॉ. अमित राजपूत तथा शिक्षण विभाग के प्रभारी निदेशक प्रोफेसर पंकज मिश्रा ने भी अपने विचार रखे।

ट्रेन में पत्थरबाजी करने वाले नाबालिग पकड़ाए

राजनांदगांव। ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में रसमड़ा-दुर्ग रेलखंड के मध्य हुई पत्थरबाजी के मामले में संलिप्त 2 नाबालिग बालक को रेलवे सुरक्षा बल राजनांदगांव द्वारा पकड़कर कार्यवाही की गई है।

आरपीएफ राजनांदगांव से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मई को गाड़ी संख्या 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में रसमड़ा दुर्ग रेलखंड के मध्य किमी 869/10-12 के पास गाड़ी के सामान्य कोच में हुई पत्थरबाजी की सूचना प्राप्त हुई। दीप चंद्र आर्य मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल द.पु.म.रे. नागपुर के मार्गदर्शन में व निरीक्षक प्रभारी तरुणा साहू रेसुब पोस्ट राजनांदगांव के नेतृत्व में उक्तं घटना को गंभीरता से लेते हुए अपने अधीनस्थ अधिकारी एवं स्टॉफ के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर आसपास का मौका मुआयना किया गया और आसपास के एरिया में पतासाजी करते हुये बघेरा गेट के पास पहुंचे, जहां पर 2 बालकों को खेलते हुये पाये। पूछताछ करने पर एक बालक ने बताया गया कि वह और उसका दोस्त तलाब में नहाने आये थे।

नहाने के बाद आपस में शर्त लगाया कि उसका निशाना बहुत अच्छा है और वह गाड़ी में पत्थर से बहुत अच्छा निशाना लगा सकता है। तभी एक ट्रेन राजनांदगांव के तरफ से आती हुई दिखी जिसपर उसने निशाना लगाया तो वह जाकर गाड़ी के कांच में लग गया। उक्त बालक के बताये अनुसार तुरंत उसके परिजन को मौके पर बुलाये। बच्चे ने अपने पिता के समक्ष चलती ट्रेन में पत्थर मारने की घटना को स्वीकार किया गया इस पर रेसुब पोस्ट राजनांदगांव में रेल अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्यवाही की गई।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा नागरिकों व रेल यात्रियों से अपील की गई है कि आसपास या अन्य माध्यम से रेल लाईन पर किसी भी प्रकार का संदिग्ध सामान जिससे रेल दुर्घटना की संभावना हो सकती है, इस प्रकार का मामला प्रकाश में आता है तो इसकी सूचना अपने नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेलवे हैल्प लाईन नंबर 139 को अविलंब दें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की रोकथाम की जा सके।

तीन बच्चों को छोड़ देवर संग रह रही महिला की पति ने की हत्या

राजनांदगांव। विवाह के 12 – 13 वर्ष बाद पति व अपने तीन बच्चों को छोड़कर एक महिला अपने देवर की पत्नी बनाकर उसके साथ रहने लगी। इसके चलते आवेश में आकर महिला के पति ने टंगिया से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या की यह सनसनीखेज वारदार रविवार 4 मई को ग्राम कविराज टोलागांव में हुई । पुलिस ने महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए वारदात के 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।

लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल से मिली जानकारी के अनुसार. गिरफ्तार आरोपी का नाम रंजीत पारधी पिता परस पारधी (38 वर्ष) निवासी ग्राम कविराज टोलागांव थाना लालबाग राजनांदगांव बताया जाता है। उन्होंने बताया कि 4 मई रविवार को जिला पुलिस कंट्रोल रूम से प्रातः 6.40 बजे थाना लालबाग को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कविराज टोलागांव में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की टंगिया से हत्या कर दी गई है। थाना लालबाग पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

सूचनाकर्ता राहुल पारधी की रिपोर्ट पर धारा 194 बीएनएसएस पंजीबद्ध किया गया। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोपी रंजीत पारधी पिता परस पारधी उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम कविराज टोलागांव, थाना लालबाग को संदेह होने पर हिरासत में लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी रंजीत पारधी से पूछताछ की गई।

आरोपी रंजीत ने बताया गया कि उसका विवाह लगभग 12-13 वर्ष पूर्व पूर्णिमा पारधी से हुआ था. एवं उनके तीन बच्चे हैं। पिछले 1 वर्ष से उसकी पत्नी उसे छोड़कर उसके चचेरे भाई सूरज पारधी की पत्नी बन कर रह रही थी । पारिवारिक विवाद एवं आपसी रंजिश के कारण 4 मई की सुबह उसकी पत्नी पूर्णिमा पारधी शौच हेतु जा रही थी। इसी दौरान ग्राम के शासकीय शौचालय के पास आरोपी अपने टीवीएस मोपेड में जा कर अपने पास रखे टंगिया से पूर्णिमा के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

खैरागढ़ में अतिक्रमण हटाने कार्रवाई शुरू

खैरागढ़। जिला प्रशासन केसीजी के निर्देश पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ में मुख्य सड़कों के किनारे फैले अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्रमुख मार्गों पर पहुंचकर अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा के नेतृत्व में पालिका का अमला संगीत नगरी से होकर गुजरने वाले स्टेट हाईवे के विभिन्न हिस्सों में पहुंचा। कार्रवाई की शुरुआत सिविल जिला न्यायालय के पास राजा लाल बहादुर क्लब के सामने से की गई, जहां बेतरतीब तरीके से किए गए अतिक्रमण को लेकर संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई। इसके बाद टीम ने के-मार्ट के सामने, सिविल लाइन दुर्गा सामने, चौक, कलेक्ट्रेट परिसर के दादाबाड़ी के पास, बस स्टैंड क्षेत्र, विश्वविद्यालय एवं एसडीएम कार्यालय मार्ग, विक्टोरिया स्कूल के पास, टेंपो स्टैंड चौक और जय स्तंभ चौक सहित अन्य प्रमुख दौरान स्थानों का निरीक्षण किया।

इस सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगाकर कब्जा करने वाले व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं। एसडीएम टीपी साहू द्वारा नगर पालिका को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए। इसके लिए विधि अनुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई फिलहाल प्रारंभिक चरण में है जिसमें लोगों को जागरूक कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जा रहा है। आगामी दिनों में जिला प्रशासन और नगर पालिका का संयुक्त दस्ता नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करेगा। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन के मनोज शुक्ला, नीरज सिंह, टोडर सिंह, लोकेश साहू, अंकुर सिंह, उत्कर्ष यदु, संजय यादव, शिव यादव, अभिषेक यदु और संदीप यादव व अन्य उपस्थित रहे।

5वीं व 8वीं की अंकसूची में भारी गड़बड़ी

डोंगरगांव। छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही सभी स्थानीय परीक्षाओं रिजल्ट आ चुके हैं, वहीं अप्रैल माह के आखरी तारीख तक 5वीं और 8वीं के परिणामों का बच्चों और पालकों को इंतजार था। इधर रिजल्ट के देरी होने के दौरान यह जानकारी मिली कि पांचवीं और आठवीं के अंक सूचियों में भारी गड़बड़ी सामने आई है। अब गड़बड़ी के उजागर होने के बाद स्कूलों से मार्कशीट को वापस जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रिंटिंग के समय यह त्रुटि हुई है, जिसमें विभिन्न विषयों में प्राप्तांको सहित अनेक गलतियां है. मार्कशीट में डोंगरगांव का नाम, ग्रेडिंग, जन्म तारीख में त्रुटियां हुई है. शिक्षा के अधिकारी ने बताया कि हमारे यहां से सभी डेटा समय पर सही सही भेजा गया था. इधर बोर्ड की परीक्षाओं के रिजल्ट के आने के बाद से प्राथमिक और मिडिल स्कूल के बच्चों को अपने परीक्षा परिणाम का इंतजार था और अब त्रुटि के चलते अंक सूची सुधार कर आने में अभी और समय लगेगा। इस मामले में डोंगरगांव बीईओ जयंत साहू ने कहा अंक सूची में त्रुटि पायी गई है, सुधार के लिए वापस भेजा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m