भिलाईनगर। भिलाई स्टील प्लांट में 250 टन स्क्रैप चोरी के मामले में सीबीआई जांच टीम गठित हो गई। इस टीम में दो आईपीएस समेत 35 सदस्यीय टीम जांच करेंगी। बताया जाता है कि सीबीआई की जांच राज्य सरकार से अनुमोदित होने के बाद दुर्ग पुलिस केस को सौंपने की तैयारी में है। अब जल्द ही बीएसपी में सीबीआई दस्तक दे सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई के टीम का गठन हो गया है। इसमें दो आईपीएस, 4 डीएसपी रैंक के अधिकारी, 4 लेडिज इंस्पेक्टर, 24 इंस्पेक्टर और कमर्चारी समेत 35 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जांच की पारदर्शिता कर छत्तीसगढ़ सीबीआई से किसी अधिकारी व कर्मचारी को नहीं लिया गया है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम ने पहले ही गुप्त तरीके से बीएसपी में आकर पूरे मामले की तफ्तीश की है। इसलिए जल्द ही दुर्ग पुलिस से केस हैंडओवर लेंगे।

ज्ञात हो कि 26 मई को बीएसपी से 250 टन लोहा स्क्रैप चोरी के मामले का खुलासा हुआ था। इस मामले में बीएसपी अधिकारी के शिकायत पर अपराध दर्ज किया। जांच कर 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की। वहीं चोरी की 250 टन स्क्रेप, हाइवा, बैकहोलोडर, चेनमाउंटेन समेत अन्य मशीनरी सामग्री कीमत करीब 3.22 करोड़ रुपए का जब्त किया। पुलिस ने चार महीने तक मामले की जांच की।
कोक ओवन बैटरी क्रमांक- 8 के पुनर्निर्माण के बाद सफलतापूर्वक प्रथम कोक पुशिंग
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में पुनर्निर्मित बैटरी क्रमांक- 8 से 28 अक्टूबर को प्रथम कोक पुशिंग सफलतापूर्वक की गई। इसके साथ ही बैटरी के पुनर्निर्माण के पश्चात कोक उत्पादन प्रक्रिया की पुनः शुरुआत की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) एके चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) पीके सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक ( खदान) कमल भास्कर, मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल) तुलाराम बेहेरा तथा मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) सजीव वर्गीस सहित संयंत्र के अन्य मुख्य महाप्रबंधकगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पुनर्निर्मित बैटरी क्रमांक- 8 में पर्यावरण अनुकूल तकनीकी उपायों को शामिल किया गया है, जिसके अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता एवं जल संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। गैस उत्सर्जन को न्यूनतम करने के उद्देश्य से जीरो लीकेज डोर लगाए गए हैं, वहीं गैस मिक्सिंग स्टेशन के माध्यम से ऊर्जा खपत के प्रबंधन तथा न्यूमेटिक सील्ड कैप्स के उपयोग से जल खपत को नियंत्रित किया जा सकेगा।
छठ पर्व के पूर्व भिलाई निगम क्षेत्र के तालाबों की सफाई तेज
भिलाईनगर। छठ पर्व के मद्देनजर नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में तालाबों की साफ- सफाई का कार्य तेज कर दिया गया है। निगम निगम प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तालाबों से जलकुंभी, शैवाल, विसर्जन सामग्री एवं अन्य कचरे को हटा रहा है।
जोन-2 वैशाली नगर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 22 कुरुद बस्ती स्थित नकटा तालाब में जलकुंभी, कमल की डंडियों एवं शैवाल की कटिंग कर उन्हें तालाब से बाहर निकालने का कार्य किया जा रहा है। वहीं, वार्ड क्रमांक 23 घासीदास नगर तालाब से विसर्जन सामग्री निकालकर सफाई की जा रही है, ताकि तालाब को स्वच्छ बनाया जा सके।
जोन-3 अंतर्गत बैकुंठधाम तालाब में जेसीबी एवं डंपर की सहायता से कचरे की सफाई कर उसे हटाया जा रहा है। इसी प्रकार जोन-4 शिवाजीनगर क्षेत्र में भी छठ पर्व के पूर्व तालाबों की साफ-सफाई का कार्य किया गया है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान स्वच्छ वातावरण एवं बेहतर सुविधाएं मिल सके इसके लिए उसकी टीम गंभीरता से प्रयास कर रही है।
ब्याज वसूली एवं धमकी देने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
भिलाईनगर। अवैध रूप से अत्यधिक ब्याज वसूली एवं धमकी देने वाली दो महिलाओं को वैशाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में ब्लैंक चेक एवं कोरे स्टाम्प पेपर के माध्यम से दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं संबंधित मकान की तलाशी से 3,79,900 नगद सहित ब्याज वसूली से संबंधित दस्तावेज जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के विरुद्ध थाना सुपेला में पूर्व में भी कर्जा एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है।
शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि प्रार्थया पूनम मनोज कुमार निवासी वैशालीनगर ने थाना वैशालीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि ब्याज पर रकम देने के बाद आरोपियों ने मनमाने तरीके से ब्याज वसूलने, अतिरिक्त रकम की मांग करने तथा रकम देने में विलंब होने पर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया जाता था।
प्रार्थिया के अनुसार. वर्ष 2024 में उसने 50,000 की रकम ब्याज पर ली थी, तथा सुरक्षा के रूप में ब्लैंक चेक एवं कोरा स्टाम्प पेपर हस्ताक्षर कर दिया था। उसके द्वारा प्रति सप्ताह 2,500 के हिसाब से 29 सप्ताह में कुल 72,500 ब्याज के रूप में दिए जाने के बाद भी अतिरिक्त 1,50,000 की मांग की जा रही थी। रकम जमा करने में देरी होने पर प्रार्थिया एवं उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप है।
इसी प्रकार प्रार्थिया की सहेली सुमिता तब्बली ने भी ब्याज पर 1,00,000 लेने तथा प्रति सप्ताह 5,000 के हिसाब से 28 सप्ताह में कुल 1,40,000 भुगतान करने के बाद भी लगातार परेशान किए जाने एवं धमकी देने की शिकायत की। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना वैशालीनगर में धारा 296, 308 (5), 3 (5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 4 कर्जा एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान अपराध से संबंधित साक्ष्य पाए जाने पर आरोपिया बबली साहू उर्फ बबली निरंजन (42 वर्ष) निवासी एसबीआई एटीएम के पीछे कोहका एवं ज्योति निरंजन (27 वर्ष) निवासी श्रमिक नगर वार्ड क्रमांक 8 सुपेला गिरफ्तार किया है।
बेटी के अंतिम संस्कार में व्यस्त रेलवे लोको पायलट के सूने मकान से चोरी
भिलाईनगर। दुर्ग में रेलवे लोको पायलट के पद पर कार्यरत गजानन अवचट के तालपुरी बी-ब्लॉक आर्किड 441 बिल्डिंग 11 स्थित एक रिहायशी सूने मकान से अज्ञात चोर ने नगदी रकम और सोने के जेवरात चोरी कर गया। घटना के समय पूरा परिवार सड़क दुघर्टना में मृत बेटी के अंतिम संस्कार में व्यस्त था। इस मामले में शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस विवेचना करते हुए आरोपी की पहचान में जुट गई है।
भिलाईनगर पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए प्रार्थी गजानन अवचट ने बताया कि बीते 20 अक्टूबर को उनकी बेटी अक्षिता अवचट की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटी के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह से ही रिश्तेदार, परिवार और पड़ोसी चौथे माले पर स्थित उनके फ्लैट में एकत्र हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे जब सभी लोग बेटी पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए रिसाली मुक्तिधाम ले गए, तब मकान सूना था। शाम लगभग 6 बजे अंतिम संस्कार संपन्न कर परिवार घर लौटा।
अगले दिन यानी 21 अक्टूबर की सुबह 8 बजे जब गजानन अवचट किसी काम से जेब से पैसे निकालने गए तो जेब खाली मिली। शंका होने पर जब घर की तलाशी ली गई तो पाया गया कि बेटी के बेडरूम में रखी नकगदी रकम, पत्नी सुनीता अवचट की नकदी और उनके सोने के पुराने इस्तेमाल किए जाने वाले कान के झुमके गायब थे।
पारिवारिक शोक और बेटी के अंतिम संस्कार की औपचारिकताओं व क्रियाकर्म में व्यस्त होने के कारण गजानन अवचट ने 26 अक्टूबर को भिलाई नगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
743 आवासों का होगा आवंटन हितग्राहियों से मंगाए आवेदन
दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत संचालित मोर मकान-मोर आवास’ योजना के तहत नगर पालिक निगम, दुर्ग क्षेत्र में पात्र हितग्राहियों को स्वयं का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है। योजना के अंतर्गत गोकुल नगर पुलगांव, मां कर्मा हाईट्स बोरसी एवं सरस्वती नगर में उपलब्ध कुल 743 आवासों के आवंटन के लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना का उद्देश्य किराये के मकानों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपने घर का सपना साकार करने का अवसर प्रदान करना है। नगर निगम क्षेत्र की 3 आवासीय परियोजनाओं में कुल 743 आवास उपलब्ध हैं। इनमें 178 भूतल के आवास तथा अन्य मंजिलों के 565 आवास शामिल हैं।
आवास आवंटन की प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित पात्रता एवं नियमों के अनुसार की जाएगी। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को नियमानुसार प्राथमिकता दी जाएगी। भूतल के आवासों का आवंटन प्राथमिकता के आधार पर तथा शेष आवासों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
तीनों आवासीय परियोजनाओं में गोकुल नगर, पुलगांव में भूतल के आवासः 103, अन्य मंजिलों के आवासः 196 है। इस तरह गोकुल नगर पुलगांव में कुल 299 आवे आवास है। माँ कर्मा हाईट्स, बोरसी में भूतल के आवासः 12, अन्य मंजिलों के 30 आवास है। यहां कुल आवास 42 है । सरस्वती नगर में भूतल के आवास 63 तथा अन्य मंजिलों के 339 आवास है। इस तरह यहां कुल 402 आवास है।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र हितग्राही निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर नगर निगम के डेटा सेंटर स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा से आवेदन प्राप्त कर सकते हैं, तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन करते समय हितग्राहियों को योजना की पात्रता शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखना होगा।
बैताल रानी घाटी में तेंदुओं की आहट से दहशत
खैरागढ़। छुईखदान क्षेत्र की प्रसिद्ध बैताल रानी घाटी में छिंदारी रिसोर्ट के पास एक साथ तीन तेंदुए दिखाई देने की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पर्यटकों द्वारा तेंदुओं को एक साथ देखे जाने की जानकारी सामने आने के बाद घाटी मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, आसपास के ग्रामीणों और रिसोर्ट पहुंचने वाले पर्यटकों की चिंता बढ़ गई है।
प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों और आकर्षक पहाड़ियों के लिए प्रसिद्ध बैताल रानी घाटी जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से भी पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की नियमित आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में छिंदारी रिसोर्ट के पास एक साथ तीन तेंदुए दिखाई देने की खबर ने लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी दिखाई देने खबर क्षेत्र सामने आई थी। लगातार वन्यजीवों की मौजूदगी की सूचनाओं के बीच लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थल और आवागमन वाले मार्गों पर सुरक्षा संबंधी सतर्कता बढ़ाई जानी चाहिए ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
नवरात्रि मेले में मारपीट करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार
डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ के कुम्हारपारा में नवरात्रि मेले के दौरान धक्का लगने की बात को लेकर हुए विवाद में मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान द्वियांश सिंह ठाकुर (20), निवासी खुटापारा, वार्ड क्रमांक 1, डोंगरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस मामले में एक अन्य आरोपी को 23 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, कुम्हारपारा निवासी जोहन कुंभकार (30) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नवरात्रि मेले के दौरान मोहल्ले के दिनेश कुंभकार, नवीन कुंभकार और अमन चौरसिया का करबला चौक निवासी तेजस सिन्हा तथा महावीर पारा निवासी युवराज नायक के साथ धक्का लगने की बात को लेकर विवाद हुआ था।
इसी विवाद के चलते 22 अक्टूबर 2026 को देवेंद्र वर्मा, सुमित मिश्रा, तेजस सिन्हा और युवराज नायक अपने 10 से 12 अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडे और चाकू लेकर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने प्रार्थी को घेरकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 1623/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 109, 191(2), 191 (3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले में तेजस सिन्हा ( 20 ), निवासी करबला चौक, इंदिरा नगर, डोंगरगढ़ को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश के दौरान द्वियांश सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 28 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
स्वास्थ्य योजनाओं की असंतोषजनक प्रगति पर बीएमओ-बीपीएम को कारण नोटिस
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ स्वास्थ्य विभाग की शासकीय योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में लापरवाही को लेकर विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवरत्न ने छुरिया में आयोजित समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित बीएमओ (खंड चिकित्सा अधिकारी) डॉक्टर शुचिता श्रीवास्तव और बीपीएम ( ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर) मुक्ता कुजूर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मंगलवार को डोंगरगढ़ में आयोजित बैठक में सीएमएचओ ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

