Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : दुर्ग. नंदिनी थाना अंतर्गत ग्राम ओखरा में गुमशुदा व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई. शव गांव के शासकीय स्कूल के पास बने पुल के नीचे घुटनों तक पानी में मिला. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. वहीं नंदिनी थाना के अनुसार ग्राम ओखरा निवासी विजय रात्रे 28 सितंबर से लापता था. परिजनों द्वारा आसपास काफी तलाश किए जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उनके पुत्र उमेद्र रात्रे ने 30 सितंबर को नंदिनी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसी दिन शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच ग्रामीणों को स्कूल के पास बने पुल के नीचे से तेज दुर्गंध आने और मक्खियां भिनभिनाने की जानकारी मिली. संदेह होने पर कुछ ग्रामीण टॉर्च लेकर पुल के नीचे घुटनों तक पानी में उतरे. इस दौरान पानी में एक व्यक्ति का सिर दिखाई दिया. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सरपंच को दी. सरपंच की सूचना पर नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पानी में पड़े शव को बाहर निकाला गया. मौके पर पहुंचे उमेद्र रात्रे ने शव की पहचान अपने पिता विजय रात्रे के रूप में की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की. नंदिनी थाना प्रभारी अनिल पटेल ने कहा कि विजय रात्रे की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बता सकते है. 3-4 दिन में रिपोर्ट आने पर परिजनों को सूचना दी जाएगी.
कांग्रेस मनाएगी विश्व अहिंसा दिवस
गुरूर. महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुरूर द्वारा प्रातः 11 बजे बस स्टैंड में विश्व अहिंसा दिवस के रूप मनाया जाएगा. कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयू आई, सेवादल, आदिवासी कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग, किसान कांग्रेस, पंचायती राज के निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण, ब्लॉक में निवासरत जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पूर्व प्राधिकृत अधिकारी एवं समस्त प्रकोष्ठ विभाग के पदाधिकारी कार्यकर्ता और कांग्रेसजन उपस्थित रहेंगे.
घर के सामने खड़ी कार में लगी आग
दुर्ग. पद्मनाभपुर निवासी व्यवसायी नलिन कुमार लुनिया की कार सीजी 07 बीएच 9100 में बुधवार की देर रात को अचानक आग लग गई. आग ने देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. जानकारी मिलते ही मौके पर दमकल टीम पहुंची और आग पर काबू पाया. कार में आग लगने की सूचना दुर्ग अग्निशमन विभाग को दी गई. इसके बाद एक दमकल वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की. अग्निशमन कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए आग को बुझा दिया. आग पर काबू पाने में करीब एक दमकल वाहन के पानी का इस्तेमाल किया गया. टीम ने आग को आसपास फैलने से भी रोक लिया, जिससे बड़ी घटना टल गई. राहत की बात रही कि मौके पर किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. कार में आग किन परिस्थितियों में लगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. आग दुर्घटनावश लगी या किसी ने लगाई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के निर्देशन में दल प्रभारी धन्नू यादव के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मचारी नरोत्तम टंडन, धर्मेंद्र कुमार, पवित्र और भीषण ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की.
साइबर ठगी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा, 3 गिरफ्तार
मोहला. नखड़गांव पुलिस ने साइबर ठगी के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह के मुताबिक आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे एक वर्चुअल बैंक खाते के तकनीकी विश्लेषण में देश के अलग-अलग राज्यों में 176 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस का दावा है कि इस खाते से जुड़े नेटवर्क ने 1.71 लाख से अधिक लोगों को ठगी का शिकार बनाया है. पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाकर शिकायत की गंभीरता से जांच कराई गई. पुलिस के अनुसार खड़गांव थाने में अपराध क्रमांक 06/26, धारा 318 (4) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में पीड़ित से ठगी गई 3 लाख 12 हजार 348 रुपए की रकम अलग-अलग नौ बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी. जांच के दौरान आरोपियों द्वारा बनाए गए वर्चुअल बैंक खाता क्रमांक 211071614 का भी पता चला. पुलिस के मुताबिक इस खाते में अकेले 60 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए थे. तकनीकी विश्लेषण के दौरान सामने आए रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस का कहना है कि इसी वर्चुअल खाते का इस्तेमाल देशभर में साइबर ठगी के लिए किया गया. खाते से जुड़े मामलों की जांच में अलग-अलग राज्यों में कुल 176 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की तलाश में विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमें जुटी थीं. आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे. जिला पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और घेराबंदी के आधार पर 30 सितंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य रजक, निवासी कोननगर नवोग्राम, थाना उत्तरपारा, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल, कृष्णा चौधरी और सुमन वर्मा, दोनों निवासी टीटागढ़, नार्थ 24 परगना, पश्चिम बंगाल शामिल हैं. पुलिस ने आदित्य रजक को मामले का मुख्य सरगना बताया है. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है. कार्रवाई में खड़गांव थाना के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अब्दुल रियाज, सहायक उपनिरीक्षक धन सिंह महिलांगे, आरक्षक आशीष जोगी, आरक्षक नर्मदा प्रसाद पैकरा, महिला सहायक आरक्षक सरिता जाड़े तथा जिला साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस के अनुसार खाते के विश्लेषण में कर्नाटक में 54, बिहार में 46, तेलंगाना में 28, उत्तर प्रदेश में 10, केरल में 8, महाराष्ट्र में 7, हरियाणा और तमिलनाडु में 6-6, दिल्ली में 4 और पश्चिम बंगाल में 3 एफआईआर सामने आए हैं. वहीं अंडमान निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और राजस्थान में एक-एक एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है. जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भी इस नेटवर्क से संबंधित 31 शिकायतें दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है. इनमें अंबागढ़ चौकी थाना में 15, खड़गांव में 9, मोहला में 3, मानपुर में 2 तथा गोटाटोला और मदनवाड़ा थाना में एक-एक शिकायत शामिल है.
स्कूल में चोरी की वारदात
गंडई-पंडरिया. नगर के समीप ग्राम अचानकपुर स्थित शासकीय प्राथमिक एंव मिडिल स्कूल में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 73 हजार रुपए का सामान पार कर दिया. चोर स्कूल के मुख्य दरवाजे सहित नौ कमरों के ताले तोड़कर भीतर घुसे और बर्तन, स्मार्ट टीवी, पंखे व साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद ग्रामीणों और पालकों में नाराजगी है. जानकारी के अनुसार गांव के पंच रोहित यादव गुरुवार सुबह खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने स्कूल के ताले टूटे और दरवाजे खुले देखे. उन्होंने तत्काल स्कूल के स्वीपर को इसकी जानकारी दी. स्वीपर ने प्रधानपाठक पन्नालाल जंघेल को फोन पर सूचना दी. इसके बाद प्रधानपाठक स्कूल पहुंचे और मोहगांव पुलिस को घटना से अवगत कराया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. उल्लेखनीय है कि घटना के दो दिन पहले स्कूल के सामने स्थित गौठान में भी चोरी होने की बात सामने आई है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. मोहगांव थाना प्रभारी महेंद्र कुमार टंडन ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
BJP नेता ने सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर दी शिकायत
राजनांदगांव. मुख्यालय से खैरागढ़ और दूसरा मोहला मानपुर तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर भाजपा नेता प्रशासन से शिकायत की है. भाजपा नेता ने सड़क चौड़ीकरण का घटिया निर्माण किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होने जांच टीम बनाकर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाई की मांग की है. भाजपा के वरिष्ठ नेता व जिला केंद्रीय सहकारी बैंक उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने निर्माण को लेकर ठेकेदार एवं अधिकारी की मिलीभगत बताते निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच करने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है. भरत वर्मा ने गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण के मामले को लेकर जांच की मांग करने कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे. उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से ठेकेदार और अधिकारी पर कार्रवाई करने मांग की. उन्होंने कहा कि जगह-जगह डामरीकरण में गड्ढे हो गए हैं. ठेकेदार को लाभपहुंचाने अधिकारी सरकार को बदनाम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यहां स्तरहीन निर्माण कार्य हो रहा है और अधिकारी आंख बंद कर ठेकेदार को लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कलेक्टर से अपने ज्ञापन के माध्यम से मांग करते कहा कि अन्य तकनीकी विभाग के माध्यम से सड़क की गुणवत्ता जांच करवाकर ठेकेदार और अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने अपने ज्ञापन के माध्यम से मांग करते कहा कि जीबीसी, डब्लूएमएम, सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमेन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल तथा ड्रेनेज सिस्टम की एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से गुणवत्ता जांच कराई जाए. यदि जांच में निर्माण गुणवत्ता में कमी, वित्तीय अनियमितता अथवा अन्य गंभीर त्रुटियां पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार एवं दोषी अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा आवश्यक होने पर ब्लैक लिस्टिंग की कार्रवाई भी की जाए. इसको लेकर उन्होंने कलेक्टर के नाम पर एक ज्ञापन भी सौंपा और कार्रवाई की मांग की है. भाजपा नेता वर्मा ने कहा कि गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण को लेकर उन्होंने इस मामले की शिकायत उप मुख्यमंत्री अरूण साव से भी ज्ञापन के माध्यम से की है. वहीं सरकार में रहते हुए कार्य की शिकायत को लेकर उन्होंने कहा कि गलत काम को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि जुलाई माह में ही निर्माणाधीन सड़क का डामरीकरण हुआ है, जो एक माह के भीतरी ही उखड़ रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

