दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग और छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीएसआईटी) के संयुक्त तत्वावधान में 22 मई को एक विशाल जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : CG Crime News : प्रशिक्षण शिविर से पहले कांग्रेस कार्यालय में चोरी, 1 लाख की नल की टोटियां पार

जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक से मिली जानकारी के अनुसार, यह आयोजन शिवाजी नगर स्थित सीएसआईटी के परिसर में होगा। इस मेले के माध्यम से क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में करियर बनाने का एक सुनहरा अवसर मिलेगा। इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों के 10 नियोजकों द्वारा कुल 2347 तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्तियां की जाएंगी। 10वीं, 12वीं पास से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग स्नातक की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इस मेले में हिस्सा ले सकते हैं।

narayana

इसके अतिरिक्त, मेडिकल क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थियों जैसे एमबीबीएस, बीएएमएस, नर्सिंग (जीएनएम / एएनएम) और पैरामेडिकल डिप्लोमा धारकों के लिए भी बड़ी संख्या में रिक्तियां उपलब्ध हैं। इच्छुक आवेदक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। रिक्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर देखी जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में सीधे संपर्क कर सकते हैं।

सिंटर प्लांट – 3 में 100 मिलियन टन ग्रॉस सिंटर उत्पादन का कीर्तिमान

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट 3 (एसपी-3) ने स्थापना काल से अब तक 100 मिलियन टन ग्रॉस सिंटर उत्पादन का ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण कीर्तिमान स्थापित किया है। इस गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में 14 मई को एसपी-3 कॉन्फ्रेंस हॉल में समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विशेष रूप से 100 एमटी उपलब्धि को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाते हुए केक काटकर इस सफलता का उत्सव मनाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार रहे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सविर्सेज) तुषार कांत, मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस ) मनोज कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (एसपी-3 एवं ओएचपी) सजीव वर्गीज, मुख्य महाप्रबंधक (क्वालिटी) राहुल श्रीवास्तव सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सिंटर प्लांट 3 ने मुख्य महाप्रबंधक (एसपी-3 एवं ओएचपी) सजीव वर्गीज तथा महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी- 3) राहुल बिजुरकर के नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में यह उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की।

एसपी-3 ने वर्ष 2001 में सिंटर मशीन 1 के कमीशनिंग के साथ अपनी उत्पादन यात्रा प्रारंभ की थी तथा 8 नवंबर 2014 को सिंटर मशीन-2 के प्रारंभ होने के साथ अपनी उत्पादन क्षमता को और सुदृढ़ किया। स्थापना के बाद से ही संयंत्र द्वारा उत्पादकता वृद्धि, प्रक्रिया स्थिरता, उपकरणों की विश्वसनीयता एवं परिचालन दक्षता में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे ब्लास्ट फर्नेस हेतु गुणवत्तापूर्ण सिंटर की बढ़ती मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।

उल्लेखनीय है कि एसपी-3 ने अंतिम 5 मिलियन टन उत्पादन मात्र 302 दिनों में प्राप्त कर उत्पादकता एवं परिचालन उत्कृष्टता में उल्लेखनीय सुधार प्रदर्शित किया है। समारोह को संबोधित करते हुए कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार ने एसपी-3 समूह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी।

हास्पिटल सेक्टर के रहवासियों की बेदखल पर रोक

भिलाईनगर। हास्पिटल सेक्टर के रहवासियों को जिन्हें बेदखल किया जा रहा है उनसे संबंधित याचिका में दुर्ग न्यायालय ने राहत दी है। न्यायालय ने कहा है कि कानूनी प्रक्रिया के बिना गरीब मजदूरों को बेघर नहीं किया जा सकता।

ज्ञात हो कि भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के संपदा न्यायालय एवं नगर सेवा विभाग द्वारा हॉस्पिटल सेक्टर के कई गरीब एवं मेहनतकश परिवारों को मकान खाली करने हेतु नोटिस जारी किया गया था। इस कार्रवाई के विरुद्ध प्रभावित परिवारों ने दुर्ग जिला डी.जे. कोर्ट में मामला दायर किया था।

मेहनतकश आवास अधिकार संघ ने जारी बयान में बताया कि न्यायालय ने 14 मई को ऐतिहासिक आदेश पारित करते हुए बीएसपी द्वारा जारी नोटिस को खारिज कर दिया। न्यायालय ने स्पष्ट कहा कि विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी भी नागरिक को उसके घर से बेदखल नहीं किया जा सकता। अदालत ने बीएसपी प्रबंधन को निर्देशित किया कि वह 30 दिनों के भीतर नियमानुसार उचित प्रक्रिया अपनाते हुए मामले का गुण-दोष के आधार पर निराकरण करे।

आरक्षक को कार से कुचलने का प्रयास करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। वाहन चेकिंग के दौरान आरक्षक को वाहन से कुचलने का प्रयास करने वाले नागपुर निवासी दो आरोपियों को कुम्हारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक द्वारा आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया गया।

वाहन में ब्लैक फिल्म लगी होने एवं रोकने के संकेत के बावजूद आरोपी तेज गति से वाहन चलाते हुए भागने का प्रयास किए थे। पुलिस टीम ने पीछा कर सिरसा गेट के पास वाहन सहित दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, हत्या का प्रयास एवं मोटर व्हीकल के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। वाहन चेकिंग ड्यूटी में सहायक उप निरीक्षक सुशील पांडे के साथ आरक्षक रमेश चंद्राकर की ड्यूटी रायपुर से दुर्ग मार्ग पर लगाई गई थी। चेकिंग के दौरान दोपहर लगभग 12,30 बजे वाहन एम एच 02 ए वाय 3475 तेज गति से रायपुर की ओर से दुर्ग की ओर आती हुई दिखाई दी जिसमें ब्लैक फिल्म लगी हुई थी।

आरक्षक रमेश चंद्राकर द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर चालक द्वारा वाहन को और तेज गति से चलाते हुए आरक्षक के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया गया। स्वयं को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई तथा वह वाहन के सामने गिर गया।

आरोपियों द्वारा वाहन सिर के ऊपर भी चढ़ाने का प्रयास किया गया किंतु आरक्षक द्वारा सतर्कता से पीछे हटकर स्वयं को सुरक्षित किया। घटना के बाद वाहन चेकिंग में लगे अन्य स्टाफ द्वारा यातायात पुलिस वाहन से उक्त कार का पीछा कर सिरसा गेट के पास वाहन को रोका। इस वाहन में दो युवक एवं दो युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रमजान एवं जाकिर मोहम्मद निवासी नागपुर बताया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109 (1), 221, 3 (5) बीएनएस एवं धारा 184, 100 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कोसा नाला की बाउंड्रीवॉल पर लोगों ने किया अतिक्रमण

भिलाईनगर। कोसानाला के बाउंड्री वॉल मामले में अब नया खुलासा हुआ है। चैनलिंग वॉल में की लोगों ने ईट की बाउंड्री वॉल एवं कालम देकर मजबूती से नाले के बगल जमीन पर अतिक्रमण शुरू कर दिए हैं। नवभारत ने 32 मीटर नाला को 22 मीटर नाला की बाउंड्री वॉल बनाई जा रही है।

भिलाई नगर निगम के मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा एवं जोन 1 नेहरू नगर के उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा शुक्रवार को मौके पर निरीक्षण किए । निगम की जमीन पर निजी निर्माण पर मुख्य अभियंता ने उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा से पूछा तो उन्होंने कहा कि जोन आयुक्त को इसकी लिखित जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत ने मौका निरीक्षण कर उक्त निर्माण को बनाने दिया है।

फाइल की होगी जांच : मुख्य अभियंता एके तिग्गा ने नाले की फाइल के एस्टीमेट, चौड़ाई तथा नाले में आ रहे अतिक्रमण आदि की जांच के बाद किसी निर्णय पर पहुंचने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मौके में आ रही समस्याओं का निरीक्षण कर उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

सीएसवीटीयू ने खोला एग्जाम फार्म का पोर्टल

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई ने अप्रैल-मई 2026 परीक्षा सत्र के लिए बी.टेक एवं बी.टेक ऑनर्स के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बी.टेक तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के साथ बी.टेक ऑनर्स तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के नियमित तथा बैकलॉग विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फॉर्म 14 मई से 29 मई तक भरे जाएंगे।

विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के लिए अलग-अलग लेट फीस श्रेणी तय की है। बिना लेट फीस के आवेदन की अंतिम तिथि 17 मई है। जबकि 30 रुपए प्रतिदिन लेट फीस के साथ 21 मई तक आवेदन किए जा सकेंगे। 120 रुपए प्रतिदिन लेट फीस के साथ 25 मई तक तथा 200 रुपए प्रतिदिन लेट फीस के साथ 29 मई तक आवेदन किए जा सकेंगे।

परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए एबीसी आईडी बनाना अनिवार्य होगा। यदि किसी छात्र ने आईडी नहीं बनाई है तो उसका एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को भी निर्देशित किया है कि पात्र विद्यार्थियों के नाम समय पर पोर्टल में सत्यापित करें। वहीं किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत केवल ऑनलाइन टिकट जनरेट कर ही दर्ज कराई जा सकेगी। अन्य किसी माध्यम से शिकायत स्वीकार नहीं होगी।

प्रैक्टिकल और सेशनल अंकों का भी टाइम तय : सीएसवीटीयू ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं और सेशनल अंकों को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रैक्टिकल परीक्षाएं मुख्य परीक्षा समाप्त होने के चार दिनों के भीतर आयोजित करनी होंगी। वहीं प्रैक्टिकल अंक 10 दिन और सेशनल अंक 20 दिन के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।

16 व 18 को विभिन्न क्षेत्रों में लगेंगे समस्या निवारण शिविर

दुर्ग। जिले में जनसमस्याओं के त्वरित निराकर के लिए संचालित सुशासन तिहार 2026 अभियान अपनी पूरी गति पर है। इसी कड़ी में 16 मई और 18 मई को जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

16 मई को नगरीय निकाय क्षेत्रों के अंतर्गत नगर पालिका परिषद अहिवारा के वार्ड क्र. 03 स्थित मंगल भवन में शिविर लगेगा, जिसमें वार्ड क्र. 05 से 08 तक के नागरिक शामिल होंगे। इसी दिन नगर पंचायत उतई के कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में वार्ड क्र. 12, 13 और 14 के रहवासियों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

अभियान के अगले चरण में 18 मई को निर्धारित क्रार्यक्रमों के अनुसार जनपद पंचायत दुर्ग के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पुरई में भव्य शिविर लगेगा, जिसमें पुरई सहित मचांदुर, चिरपोटी, पाउवारा, कोड़िया, कोकड़ी, हनोदा, खोपली, डुमरडीह, घुघसीडीह, उमरपोटी, कातरो, मातरोडीह, बोरीगारका और करगाडीह ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपनी शिकायतें और मांगें रख सकेंगे। इसी दिन नगर पालिका परिषद कुम्हारी के वार्ड क्र. 06 स्थित सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित होगा, जहाँ वार्ड क्र. 01 से 08 तक के शहरी नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान पा सकेंगे।

65 लाख की शराब नष्टीकरण

दुर्ग। जिले के थानों और चौकियों में पिछले 10 वर्षों से जमा लगभग 65 लाख रुपए की शराब का नष्टीकरण किया गया। दुर्ग पुलिस ने न्यायालय की अनुमति के बाद 15 हजार लीटर से अधिक शराब को चैन माउंटेन बसे कुचलकर नष्ट किया।

पुलिस अधिकरियों के अनुसार, जिले के अलग-अलग थानों और चौकियों में आबकारी एवं पुलिस द्वारा स्थानीय चुनाव और विधानसभा चुनावों के दौरान प्रकरणों में जब्त शराब पिछले लगभग 10 वर्षों से मलखानों में रखी हुई थी। लंबे समय तक मदिरा रखे रहने से थाना परिसरों में जगह की कमी हो रही थी, वहीं दुर्गंध के कारण पुलिस कर्मचारियों, फरियादियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका को देखते हुए पुलिस अधिकारियो के निर्देश पर और 15 मई को न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद कुल 480 प्रकरणों में जब्त लगभग 15119.976 बल्क लीटर देशी शराब का नष्टीकरण किया गया। पुलिस के मुताबिक नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए है। पुलिस ने इसे चैन्नमाउंटेन से कुचलकर नष्टीकरण की कार्यवाई की।

संपत्ति कर वसूलने वाली एजेंसी की पकड़ी गई बिजली चोरी

भिलाईनगर। रांची की कंपनी श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भिलाई नगर निगम में संपत्तिकर वसूली कर रही है। मदर्स मार्केट, पावर हाउस में दो दुकान किराए में नगर निगम ने दिया था। निजी एजेंसी न तो उक्त दुकान का भिलाई नगर निगम को किराया दे रही है और न ही विद्युत बिजली बिल भर रही है। विद्युत विभाग ने निरीक्षण में बिजली चोरी को पकड़ा है। प्रतिदिन 2500 वॉट से ज्यादा की बिजली खपत कर रही थी । विद्युत विभाग ने नोटिस दुकान के बाहर चस्पा कर दिया है।

इस मामले में रांची की कंपनी को लगभग 10 लाख रुपए की पेनल्टी की संभावना बताई जा रही है। कंपनी ने अभी तक अपने कर्मचारियों के वेतन का भुगतान भी विगत तीन माह से नहीं किया है। अब बिजली के चोरी मामले में लाखों रुपए की राशि जमा करना होगा।

इसी तरह का एक मामला भेलवा तालाब, नेहरू नगर में हुआ था । भिलाई नगर निगम ने निजी एजेंसी को चौपाटी संचालन के लिए दिया था। इस दौरान भी विद्युत विभाग ने लगभग 5 लाख का पेनल्टी निजी एजेंसी पर लगाया था, परंतु एजेंसी पलायन कर गई। इसके बदले में भिलाई नगर निगम को 5 लाख रुपए का भुगतान विद्युत विभाग को करना पड़ा था।

आधार पंजीकरण शिविर आज से

भिलाईनगर। दुर्ग डाक संभाग द्वारा संभागीय स्तर पर आम नागरिकों के लिए विभिन्न स्थानों पर आधार पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा। ग्राम पंचायत भवन सिवनी, डोंडीलोहारा जिला बालोद में 16 मई को, अमर क्लिनिक भगवा चौक नालंदा स्कूल के पास कुरुद भिलाई में 16 मई को, भैसबोड शाखा डाकघर ग्राम पंचायत भवन भैसबोड जिला बालोद में 16 मई एवं 18 मई को शिविर आयोजित है। शिविर में नए आधार कार्ड का पंजीकरण, आधार कार्ड में सुधार / संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

शासकीय उद्यान रोपणी पेण्ड्री की बगिया ग्रीष्म ऋतु में भी खूबसूरत फूलों से गुलजार

राजनांदगांव। इन दिनों पेण्ड्री स्थित शासकीय उद्यान रोपणी की बगिया ग्रीष्म ऋतु में भी खुबसूरत फूलों से गुलजार है। वहीं वृक्ष विभिन्न वेरायटी के आम जिनमें आम्रपाली, लंगड़ा, दशहरी, चौसा, बाम्बेग्रीन लदे हुए हैं। राहत और सुकून से भरे शासकीय उद्यान रोपणी में विभिन्न प्रजाति के पौधों का संग्रहण मन को उल्लास से भर देने वाला है।

सबसे खास बात यह है कि किसानों के लिए यहां प्लग टाईप वेजीटेबल सीडलिंग प्रोडक्शन यूनिट में जापानी पद्धति से नमी, तापमान एवं प्रकाश की संतुलित मात्रा के माध्यम से बीज से थरहा तैयार किया जा रहा है। जिससे किसानों को आसानी से थरहा उपलब्ध हो जाता है।

अभी यहां योगी नामधारी मिर्च की प्रजाति का थरहा लगाया गया है। किसान स्वयं बीज देकर यहां थरहा लगा रहे हैं। सीडलिंग यूनिट के जीर्णोद्धार का कार्य डीएमएफ की राशि से किया गया है। जिससे यहां पुनः किसानों के लिए अंकुरित पौधे उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। नर्सरी में कलमी पौधे, ग्रुटी पौध, शंकर पपीता, शंकर मुनगा और बिजू पौधे ब्रिकी के लिए उपलब्ध हैं।

शासकीय उद्यान रोपणी पेण्ड्री समृद्ध नर्सरी है, जहां फूल एवं फलों की विभिन्न किस्मत उपलब्ध है। यहां आम, अमरूद, संतरा, आंवला, लीची, अनार, पपीता, नारियल, अशोक, गंधराज, चंपा, गुलमोहर, हरसिंगार, बाटल ब्रश, चीकू, सिल्वर ओक, एक्जोरा, यूफोर्बिया, रातरानी, कदम, पीपल, बोगनविलिया, गुलाब, मनीप्लांट, अलमेंडा, रजनीगंधा, जरबेरा, कनेर, सहित विभिन्न पौधे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

गौरतलब है कि ऑटोमेटिक सीडलिंग प्रोडक्शन यूनिट के अंतर्गत सीडलिंग के लिए नारियल बुरादा, परलाईड, वर्मी कोलाईट का उपयोग किया जाता है। इसमें मृदा का उपयोग नहीं विकास किया जाता। बीज का मशीनरी स्वींग मेथड से होता है। प्लग टाइप वेजीटेबल सीडलिंग प्रोडक्शन यूनिट में टमाटर, बैंगन, पत्ता गोभी, फूल गोभी, खीरा, करेला, कद्दू, लौकी जैसी फसलों का सिडलिंग किया जाता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H