Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रगति नगर (शुभकामना हाइट्स) में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक नकाबपोश बदमाश ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार के बल पर धमकाया और महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर फरार हो गया। घटना के वक्त बुजुर्ग दंपती का बेटा ड्यूटी पर था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय विभान्शु महोबिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के मंडला का रहने वाला है और भिलाई के हॉस्पिटल सेक्टर में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट में इस्तेमाल बाइक, हथियार और कपड़े बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
भिलाई में अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
भिलाई की जामुल पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है।
भिलाईनगर ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जामुल पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम खेरधा का रहने वाला एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में अवैध रूप से देशी शराब लेकर बेचने की फिराक में जा रहा है।
सूचना मिलते ही जामुल पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर संदेही भागने की कोशिश करने लगा, जिसे मुस्तैद जवानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमेश कुमार देशलहरे (36 वर्ष) निवासी सतनामी पारा, ग्राम खेरधा (थाना जामुल, जिला दुर्ग) बताया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो बोरी से 32 पौवा देशी शोले मसाला शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब कुल 5.7 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,200 बताई जा रही है। जामुल पुलिस ने आरोपी उमेश कुमार देशलहरे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।

डोंगरगढ़ में रोजगार मेला 8 जुलाई को
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र (मॉडल कैरियर सेंटर) द्वारा 8 जुलाई 2026 को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोंगरगढ़ परिसर में रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। रोजगार मेला में नियोक्ताओं द्वारा लगभग 713 पदों पर भर्ती की जाएगी।
प्रथम एज्यूकेशन फाउंडेशन द्वारा वैयर हाऊस हेल्पर (महिला) के 50 पद, पुस्कल एग्रोटेक लिमिटेड द्वारा एकाउंटेंट के 4 (पुरूष) पद, एग्रीकल्चर ऑफिसर के 4 (पुरूष) पद, सेल्स ऑफिसर के 20 (पुरुष) पद एवं सेल्स रिप्रेसेंटेटिव के 20 (पुरुष) पद, लाइफ इंश्योरेंश कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ द्वारा इंश्योरेंश एडवाईजर (महिला) के 50 पद, शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीस लिमिटेड द्वारा आईटीआई ट्रेनी के 50 पद, स्युमिलिटी फाइनेंश सॉलूशन द्वारा इंश्योरेंश एडवाईजर के 15 पद, शरमिन टॅलेंट प्राईवेट लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रीक मीटर (पुरूष) के 50 पद, प्रगति फिनसर्व प्राईवेट लिमिटेड द्वारा असिस्टेंट के 50 पद तथा अशवर फाउंडेशन व अशरव सिक्यूरिटी एण्ड एचआर सर्विस द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड (पुरूष) के 150 पद, सिक्यूरिटी सुपरवाईजर (पुरूष) के 25 पद, हाऊस कीपिंग स्टाफ (पुरुष) के 150 पद, बेबी सीटर (महिला) के 30 पद, केयर टेकर के 45 पद पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेला में शामिल होने वाले इच्छुक आवेदकों को ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदकों को अपने शैक्षणिक योग्यता के सम्पूर्ण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, 2 पासपोर्ट साईज फोटो के साथ निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर रोजगार मेला में शामिल हो सकते है।
बालोद में धंस गई किसान के खेत की जमीन
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश के बाद गुरुर ब्लॉक के ग्राम भानपुरी में एक किसान के खेत की जमीन धंस गई। खेत में करीब 20 फीट चौड़ा और 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया है, जो लगातार बढ़ता जा रहा है। इसकी जानकारी सोमवार सुबह खेत पहुंचने पर हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दिनभर बारिश के बाद सोमवार को सुबह ग्राम भानपुरी निवासी खेलन साहू पिता लेखराम साहू अपने खेत देखने के लिए गया, जहां धान का फसल लगाए खेत में किसान को एक बड़ा गढ्ढा नजर आया, जिसके बाद किसान उक्त जगह पर जाकर देखा तो खेत में 20 फीट लंबा चौड़ा व 20 से 25 फीट गहरा गढ़ा हो गया था।
लगातार भूस्खलन की वजह से उसका आकार बढ़ता जा रहा है। वही अब किसान को इस साल अपने फसल की चिंता सता रही है। क्षेत्र में ऐसी पहली घटना हुई है कि जमीन अचानक धंस गई हो। अचानक जमीन धंसने के पीछे का क्या कारण है। यह कोई समझ नहीं पा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

