दुर्ग। ऑपरेशन विश्वास के तहत हेरोइन (चिट्टा) का अवैध कारोबार करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। भिलाई भट्टी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर 3 शिव मंदिर के पास भिलाई क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से चिट्टा हेरोइन का सेवन कर विक्रय कर रहे हैं। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर टीम पहुंची और घेराबंदी करते हुए वहां पांच आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ के साथ पकड़ा।

यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : मौसी की बेटी से शादी अवैध, गुजारा भत्ता का अधिकार बरकरार

आरोपियों के कब्जे से चिट्टा, नगदी रकम, मोबाइल फोन जब्त किए गए है। आरोपियों हरजिंदर सिंह निवासी खुर्सी पार भिलाई, मोंटी अरोरा हाउसिंग बोर्ड जामुल, सूरज कुमार लोहार निवासी राजनांदगांव, नवजोत सिंह सेक्टर 4 भिलाई, इशा कौर कैंप एक भिलाई के खिलाफ धारा 8,21 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों सेअपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध जागरूक रहे एवं किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दे और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें।

narayana

सीएसवीटीयू ने परीक्षा फॉर्म भरने पोर्टल किया ओपन

भिलाईनगर। परीक्षा फार्म भरने में देरी तो छात्र-छात्राओं को लेट फीस देनी होगी। तय तारीख के बाद परीक्षा फार्म भरने पर हर दिन देरी पर छात्रों की जेब पर भारी पड़ेगी। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने अप्रैल-मई 2026 परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बी.टेक पांचवें एवं छठवें सेमेस्टर (एआईसीटीई स्कीम) के लिए परीक्षा फॉर्म 27 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं, जिनकी अंतिम तिथि 11 मई है। छात्रों को केवल डिजिवर्सिटी पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 3 मई तक 30 रुपए प्रतिदिन, 7 मई तक 120 रुपए प्रतिदिन और 11 मई तक 200 रुपए प्रतिदिन की दर से विलंब शुल्क देना होगा।

सीएसवीटीयू ने सभी कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे पोर्टल पर छात्रों की पात्रता सूची की जांच करें, ताकि किसी अपात्र छात्र को अनावश्यक शुल्क न देना पड़े। वहीं किसी भी प्रकार की समस्या या त्रुटि के लिए केवल ऑनलाइन टिकट सिस्टम के माध्यम से ही शिकायत दर्ज की जा सकेगी।

एबीसी आईडी अनिवार्य : जिन छात्रों की एबीसी आईडी नहीं बनी होगी, उनके एडमिट कार्ड जारी नहीं किए जाएंगे। परीक्षा फॉर्म की अंतिम स्वीकृति की तारीख 12 मई निर्धारित की गई है। इसी तरह थ्योरी परीक्षा समाप्त होने के 4 दिनों के भीतर प्रैक्टिकल आयोजित किए जाएंगे, जबकि प्रैक्टिकल अंक 10 दिनों के भीतर और सेशनल अंक 20 दिनों के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

तेंदूपत्ता तोड़ाई का लक्ष्य बढ़ाकर 80,800 मानक बोरा किया

राजनांदगांव। जिले के वन क्षेत्र में तेंदूपत्ता का अधिक से अधिक संग्रहण सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग द्वारा इस वर्ष 638 फड की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है ।जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित राजनांदगांव द्वारा तेंदूपत्ता का संग्रहण सुनिश्चित किया जाएगा। 1 मई से तेंदूपत्ता की तोड़ाई शुरू कर दी गई है।

वन विभाग के अधिकारी आज स्थल का मौका मुआयना भी कर लिया है। समिति प्रबंधकों के काम पर लौटने से वन विभाग को राहत मिली है। तेंदूपत्ता का संग्रहण सुनिश्चित कराने के लिए कुल 49334 संग्राहकों को जोड़ने की तैयारी की गई है। इस वर्ष बारिश नहीं होने के कारण अच्छी क्वालिटी का तेंदुपत्ता बताया जा रहा है। लक्ष्य भी बढ़ा दिया गया है। जिले में विश्वास 80,800 मानक तेंदूपत्ता तोड़ा जा रहा है।

ज्ञात हो कि राजनांदगांव वन मंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहला, मानपुर, अंबागढ़ चौकी पाना बरस, आंधी, डोगर गांव, अर्जुनी, छुरिया चिचोला, बागनदी, डोंगरगढ़ से लगे वन क्षेत्र सहित आसपास के जंगली क्षेत्रों में तेंदूपत्ता का अधिक से अधिक संग्रहण सुनिश्चित करने का कार्य किया जाएगा। जिसकी तैयारियां विभाग द्वारा पूर्ण कर ली गई। है।

वन क्षेत्र में तेंदूपत्ता संग्रहण पर एक नजर

विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2026 तेंदूपत्ता संग्रहण में प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों की संख्या 50 रखी गई है। लॉट इकाई संख्या – 51 बनाई गई है। संग्रहण केन्द्रों की संख्या (फड़ संख्या) 639 तैयार किए गए हैं। वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता संग्रहण लक्ष्य 80800 मानक बोरा रखा गया है। वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता का संग्रहण दर 5500 रुपए प्रति मा.बो. शासन द्वारा निर्धारित किया गया है। तेंदूपत्ता संग्राहकों की संख्या वर्ष 2025 के आधार पर 49334 रखी गई है।

2 करोड़ के आईपीएल क्रिकेट सट्टा का खुलासा

राजनांदगांव। शिकारीपारा बसंतपुर में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का खुलासा करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। आरोपी से जप्त मोबाइल में लगभग 2 करोड़ रुपए के क्रिकेट सट्टा का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम श्याम यादव पिता अशोक यादव उम्र 30 वर्ष निवासी शिकारीपारा बंगाली चाल बसंतपुर राजनांदगांव बताया जाता है। फरार आरोपी की पहचान राकेश कुमार उमरे निवासी समता कॉलोनी पनेका के रूप में की गई है।

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना बसंतपुर क्षेत्र के शिकारीपारा में एक व्यक्ति आईपीएल मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम गुजरात टाइटन्सके दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई, जहां आरोपी श्याम यादव को मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपी के कब्जे से एक की-पैड मोबाइल, एक टच मोबाइल एवं 25 सौ रूपये नगद जप्त किया गया। मोबाइल की जांच में लगभग 2 करोड़ रूपये के लेन-देन का विवरण प्राप्त हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर में धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं न्यायिक अभिरक्षा में प्रस्तुत कर जेल वारंट प्राप्त होने पर जेल भेजा गया। मुख्य आरोपी राकेश उमरे फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बालक की मौत, चालक व मालिक ने शव खेत में फेंका

छुरिया। खेत में काम करते समय ट्राली पलटने से उसके नीचे दबने से 13 वर्षीय मासूम बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुरुवार की रात ग्राम मातेखेड़ा की बताई जाती है। घटना को छुपाने ट्रैक्टर चालक व मालिक ने मिलकर शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर दूसरे गांव में ले जाकर एक खेत में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गैंदाटोला पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मातेखेड़ा निवासी ट्रैक्टर मालिक ओमप्रकाश साहू पिता अलख राम साहू उम्र 32 वर्ष के एक खेत से मिट्टी निकाल कर उसी के दूसरे खेत में ट्रैक्टर के माध्यम से डाली जा रही थी । ट्रैक्टर जसवंत नेताम पिता चतुर नेताम उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मातेखेड़ा चला रहा था। उसके साथ गांव में ही रहने वाला 13 वर्षीय बालक भावेश सिंग पिता रघुवीर सिंग काम करता था, जो ट्राली को खोलने और बंद करने का काम करता था।

बताया जाता है कि खेत में काम करते समय अचानक ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई। घटना के समय 13 वर्षीय बालक भावेश सिंह उसके पीछे खड़ा था। वह ट्राली पलटने से उसमें रखी मिट्टी के ढेर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैक्टर चालक जसवंत नेताम घबरा गया। उसने ट्रैक्टर मालिक ओमप्रकाश साहू को घटना की जानकारी दी। दोनों ने घटना को छुपाने के लिए मिट्टी के ढेर से भावेश सिंग का शव बाहर निकाला और उसे ग्राम मातेखेड़ा से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम केशव टोला के एक खेत में ले जाकर फेंक दिया। इसके बाद दोनों अपने घर लौट आए।

जब देर रात तक भावेश सिंग अपने घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने ट्रैक्टर चालक जसवंत नेताम से पूछताछ की, लेकिन वह गोलमोल जवाब देने लगा । इससे संदेह होने पर भावेश के परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रैक्टर चालक जसवंत नेताम तथा ट्रैक्टर मालिक ओमप्रकाश साहू को पड़कर पूछताछ की। जिन्होंने सारी घटना का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपी जसवंत नेता तथा ओम प्रकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर ग्राम केशवटोला के एक खेत से भावेश सिंग का शव भी बरामद कर लिया गया। पंचनामा व पोस्टमार्टम पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में गमगीन माहौल में 13 वर्षीय मासूम बालक भावेश सिंग के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जिला रोजगार कार्यालय में रोजगार मेला 6 मई को

राजनांदगांव। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र (मॉडल कैरियर सेंटर) राजनांदगांव में बुधवार 6 मई को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। रोजगार मेला में 8 कंपनियों द्वारा 794 पदों पर भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेला में फायर एण्ड सेफ्टी डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्ट्रीट्यूट राम नगर सुपेला भिलाई द्वारा फायरमेन के 20 पद (केवल पुरुष), सिक्यूरिटी गार्ड के 50 पद, पैकेजिंग स्टॉफ 25 पद, ड्राईवर (हैवी लाईसेंस) 10 पद (केवल पुरूष), होम केयर टेकर सर्विस के 50 पदों के लिए भर्ती की जाएगी।

टैंगो सिक्यूरिटी सर्विसेस द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड के 80 पद (केवल पुरुष), प्रथम एजुकेशन फाउण्डेशन राजनांदगांव द्वारा होटल मैनेजमेंट के 50 पद (केवल महिला), रेयॉन इलेक्ट्रिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वीडियो एडिटर के 2 पद तथा सेफ इंटेलीजेंट सिक्यूरिटी सर्विसेस भिलाई जिला दुर्ग द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड के 150 पद, फिल्ड ऑफिसर के 6 पद, सिक्यूरिटी सुपरवाईजर के 50 पद, लेबर के 100 पद, ट्रेनिंग ऑफिसर के 2 पद, मार्केटिंग एक्सीक्यूटिव के 2 पदों के लिए भर्ती की जाएगी।

हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल की अवसर परीक्षा के लिए भरे जाएंगे आवेदन फार्म

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 2 दिन पहले 10वीं और 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा अवसर परीक्षा के लिए भी आवेदन फार्म जमा करने की तिथि का निर्धारण कर दिया गया है । अवसर परीक्षा के लिए विद्यार्थी 4 मई से 30 मई तक आवेदन फॉर्म ऑनलाइन जमा कर सकेंगे।

पूरक, अनुत्तीर्ण और श्रेणी सुधार वालों को भी मिलेगा अवसर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित की गई दसवीं तथा 12वीं बोर्ड और की परीक्षा में जिन विद्यार्थियों को पूरक की पात्रता मिली है उन्हें भी अवसर दिया जाएगा। इसके साथ-साथ अनुत्तीर्ण प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय श्रेणी में जो विद्यार्थी पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है, उन्हें भी श्रेणी में सुधार के लिए अवसर देने की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थी अवसर परीक्षा का लाभ ले सकेंगे ।

राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित संभागीय शिक्षा कार्यालय के प्रमुख मूर्ति सिंह ने बताया कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों को अवसर परीक्षा के लिए 4 मई आवेदन फार्म भरे जाएंगे। विद्यार्थी 30 मई तक आवेदन फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें