भिलाईनगर। दुर्ग जिले में चोरियों को पकड़ने जब पुलिस ने 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला तो अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा हो सका है। मास्टर माइंड कोई और नहीं बल्कि ड्राइवर निकला। चोर गिरोह महाराष्ट्र में चोरी के बाद भिलाई में चार थाना क्षेत्रों में 6 चोरियां और बालोद जिले में एक चोरी की वारदात को अंजाम दे ‘चुका है। इतना ही नहीं चोरी का सामान मास्टर माइंड आरोपी की पत्नी खपाती थी। इस मामले में चोरी के जेवर गिरवी रखने वाले ज्वेलरी शॉप संचालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें : Petrol-Diesel Price Hike: पेट्रोल 3.14 और डीजल 3.11 रुपए महंगा, जानें नई कीमतें

सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रुम में शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने पत्रवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि क्षेत्र में लगातार सूने मकानों में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस ने गश्त, मॉर्निंग पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही थी। प्रकरणों की विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण एवं लगभग 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो संदिग्ध आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। एसीसीयू एवं थाना वैशाली नगर पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

narayana

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने ससुराल गौतम नगर खुर्सीपार में रहकर मालवाहक वाहन चालक का कार्य करता था। आरोपी मूलतः उत्तर प्रदेश का निवासी है तथा दिन में सूने मकानों की रेकी कर रात्रि में अपने गिरोह के अन्य साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी नौशाद निवासी ग्राम बारा, थाना सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश), नगीना, निवासी गौतम नगर खुर्सीपार, मदीना, निवासी गौतम नगर खुर्सीपार, दुर्गेश गोस्वामी शुभलाभ ज्वेलर्स पावर हाउस को गिरफ्तार किया है। राठौर ने बताया कि मास्टर माइंड आरोपी नौशाद को पुलिस रिमांड पर लिया है।

दुर्ग जिले के तीन थाने में 362 म्यूल खाताधारकों पर एफआईआर

भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ा एक्शन लेकर अलग-अलग थानों में 362 संदिग्ध बैंक खाताधारकों की जांच के बाद एफआईआर दर्ज किया है। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुई है। इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेनदेन होने का खुलासा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि थाना सुपेला क्षेत्र में संचालित बंधन बैंक के खातों की जांच के दौरान साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन पाए गए। मामले में 172 खाताधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (2), 318 (3) और 318 (4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं थाना उतई क्षेत्र में संचालित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के संदिग्ध खातों की जांच में साइबर ठगी की रकम प्राप्त होने और अन्य खातों में ट्रांसफर किए जाने के तथ्य सामने आए।

इस मामले में 30 खाताधारकों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। है। इसी तरह थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र अंतर्गत संचालित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खातों की जांच में साइबर अपराध से जुड़ी रकम के लेनदेन का खुलासा हुआ। मामले में 160 खाताधारकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने, छिपाने, ट्रांसफर करने और अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के लिए किया गया। पुलिस का कहना है कि संबंधित खाताधारकों ने स्वयं अथवा अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने बैंक खातों का उपयोग साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के संचालन में किया।

दुर्ग जिला अस्पताल की समस्याओं को लेकर हल्लाबोल

दुर्ग। दुर्ग जिला अस्पताल में व्याप्त समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। जिला अस्पताल में चर्म रोग, न्यूरो और ऑर्थो जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी और पिछले 7 महीनों से थायराइड, शुगर और एंटी- रेबीज जैसी जीवन रक्षक दवाइयों का अकाल पड़ा हुआ है। इस पर बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर इन नियमितताओं पर कड़ी कार्यवाही नहीं हुई, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

बजरंग दल के प्रांत अध्यक्ष गौतम जैन, प्रांत संयोजक रतन यादव के मार्गदर्शन में जिला उपाध्यक्ष प्रिंस राजपूत के नेतृत्व में संगठन ने प्रशासन के समक्ष जो मुख्य मुद्दे रखे हैं, उनमें अस्पताल में प्रति डिलीवरी 2000 रुपए की अवैध राशि वसूली की जा रही है, जिसका कोई पारदर्शी हिसाब नहीं है। अस्पताल परिसर में निजी अस्पतालों की एम्बुलेंस का जमावड़ा प्रबंधन और निजी अस्पतालों के बीच साठगांठ को उजागर करता है।

शाम 7 बजे के बाद गर्भवती महिलाओं को भर्ती न करना प्रशासन की चरम संवेदनहीनता है। अस्पताल परिसर में बिना टेंडर के अवैध कैंटीन का संचालन हो रहा है, जिससे सरकारी राजस्व को हानि हो रही है। इसके अतिरिक्त, महीनों से बंद पड़े ऑपरेशन थिएटर और दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में जानबूझकर की जा रही देरी ने आम जनता के सब्र का बांध तोड़ दिया है।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ई- रिक्शा से पहुंचे भूमिपूजन कार्यक्रम में

दुर्ग। प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के पुलगांव एवं उरला स्थित शासकीय स्कूलों में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्र में ई-रिक्शा से पहुंचे। मंत्री के इस सरल और पर्यावरण हितैषी सफर का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है तथा लोगों द्वारा इसकी सराहना की जा रही है।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद के आह्वान पर ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्ष को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने ई-रिक्शा यात्रा कर समाज को सकारात्मक संदेश देने क कम प्रयास किया है। मंत्री यादव ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक ऊर्जा आधारित वाहनों का उपयोग न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि यह राष्ट्रहित में, जिम्मेदार नागरिक होने का परिचायक भी है।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रदेशवासियों, विशेषकर रण युवाओं से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकं ने मंत्री यादव को ई रिक्शा से आते देख उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी पहल बताया।

स्मृति गृह निर्माण संस्था को अधिग्रहित करने की मांग

भिलाईनगर। स्मृति गृह निर्माण संस्था के भिलाई निगम में विलय के लिए फिर एक बार पहल हुई है। प्रबुद्ध नागरिकों के एक समूह ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन से विलय का अनुरोध किया।

प्रबुद्ध नागरिकों ने स्मृति गृह निर्माण संस्था वर्ष 1980 में प्रारंभ हुई थी और सभी भूखंड विक्रय हो चुके हैं। बची हुई भूमि प्रमाणित अभिन्यास में सड़क, बगीचे, अस्पताल और स्कूल इत्यादि के लिए सुरक्षित की गई है जिन्हें आए दिन संस्था के द्वारा विक्रय करने का डर निवासियों में बना रहता है। संस्था भी हमें मूलभूत सुविधाएं देने में सक्षम नहीं है। नागरिकों द्वारा यह मांग कई वर्षों से उठाई जा रही थी कि इस संस्था का विलय नगर निगम में किया जाए।

विगत 5-6 माह पूर्व नगर निगम द्वारा संस्था का विलय नगर निगम में कर लिया गया किंतु संस्था द्वारा उच्च न्यायालय में इस प्रकरण को ले जाया गया। उच्च न्यायालय ने आदेश दिया कि नगर निगम द्वारा विधिवत रूप से स्थानीय समाचार पत्रों में तीन बार विज्ञापन देकर संस्था सदस्यों से आपत्तियां आमंत्रित की जाए। उनके निराकरण के पश्चात नगर पालिका निगम स्मृति गृह निर्माण संस्था का अधिग्रहण करें।

इस हेतु आयुक्त नगर पालिका निगम भिलाई ने स्थानीय समाचार पत्रों में पांच बार विज्ञापन देकर पर्याप्त समय देकर सदस्यों से आपत्तियां आमंत्रित की। उनका निराकरण करके समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर ली बावजूद नगर निगम के द्वारा संस्था के अधिग्रहण में विलंब हो रहा है। नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने ज्ञापन पत्र स्वीकार करके इस पर कार्यवाही का आश्वासन दिया।

कुम्हारी अग्निकांड की तीन दिन में रिपोर्ट सौंपेगी टीम

भिलाईनगर। कुम्हारी अग्निकांड की प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पूरे मामले की जांच के लिए 6 सदस्यीय कमेटी गठित की है। यह कमेटी तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। कलेक्टर कार्यालय की ओर से 13 मई को जांच समिति गठन का आदेश जारी किया गया।

आदेश के अनुसार नगर पालिका परिषद कुम्हारी के वार्ड क्रमांक- 4 महामाया पारा में 12 मई को हुई आगजनी की घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच कमेटी की जिम्मेदारी मिलाई – 3 के तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी रवि विश्वकर्मा को सौंपी गई है। कलेक्टर ने जांच टीम को तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद हादसे की असली वजह और संभावित जिम्मेदारों की तस्वीर साफ हो सकेगी।

गौरतलब हो कि 12 मई को दोपहर करीब 3.30 बजे अनिल वैष्णव के घर में अचानक आग लगी थी। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह बताया था। बताया गया था कि आग तेजी से घर तक पहुंची और किचन में रखे गैस सिलेंडर ने आग को और भयानक बना दिया। कुछ देर बाद सिलेंडर फटने से पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। हालांकि, अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बिजली के खंभे से चिंगारी या आग निकलती नजर नहीं आ रही है। फुटेज में घर के अंदर से धुआं उठने के बाद आग फैलती दिखाई दे रही है। पूरी घटना महज ढाई मिनट के भीतर घटित होती नजर आई।

बताया जाता है कि मृतक अनिल वैष्णव कुम्हारी की एक स्टील कंपनी में मजदूरी करता था। हादसे के दिन उसकी छुट्टी थी। इस अग्निकांड में अनिल, उसकी बेटी लक्ष्मी, दूसरी बेटी चांदनी और दो वर्ष की नातिन गोपिका की मौत हो गई। वहीं हादसे के समय अनिल की पत्नी गिरजा, बेटा गौतम, बेटी भारती और पिता राधेश्याम घर से बाहर थे। इससे उनकी जान बच गई।

योगा उद्यान में भगवान की प्रतिमा के बाद अब लगाया मुख्य गेट

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम के उद्यान में हुए अतिक्रमण को अधिकारी मुक्त नहीं कर पा रहे हैं। नेहरू नगर से कोसा नगर के मध्य ग्रीनलैंड में बनाए गए योगा उद्यान में पांच सदस्य समिति ने बजरंगबली की प्रतिमा रख दी थी। इसे हटाने में अफसर विफल साबित हुए। अब लोगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि जिस स्थान पर भगवान की प्रतिमा रखी गई थी, अब वहां मुख्य गेट भी अवैध रूप से लगा दिये हैं। भिलाई नगर निगम के अधिकारी अब भी मूकदर्शक बने हुए हैं।

यह एक मामला नहीं है। जवाहर नगर देसी शराब दुकान के आसपास एवं केडिया नाला के करीब की भूमि पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इसे भी अधिकारियों का संरक्षण मिल रहा है। उद्यान के नाम पर रिक्त भूखंड पर लगाए गए हजारों पेड़ को काट कर लोग भगवान के मंदिर निर्माण कर रहे हैं।

अधिकारी का हुआ तबादला : भिलाई नगर निगम के उद्यान से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने को लेकर जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत का तबादला भी हो गया। इसके बाद भी अधिकारी निगम की भूमि से अतिक्रमण मुक्त नहीं करा रहे हैं।

परिवाद होगा दायर : जनसंपर्क एवं उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू ने कहा कि आयुक्त को उक्त मामले से अवगत कराया है। उन्होंने परिवाद दायर किए जाने निर्देशित किए हैं। साहू ने कहा कि जोन एक के राजस्व अधिकारी एवं शासकीय एवं नजूल भूमि के अतिक्रमण मुक्त प्रभारी सुनील जोशी अवकाश में होने के कारण विलंब हो रहा है।

हॉलीडे पैकेज का झांसा देकर 24 लोगों से 21 लाख की ठगी

भिलाईनगर। स्मृति नगर चौकी अंतर्गत सूर्या मॉल के पांचवे फ्लोर पर स्थित क्लब रियॉन्ट टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी के संचालक श्रीमंत राम खांडे और उसके सहयोगियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। स्मृतिनगर पुलिस ने बताया कि अंजु कुमारी पति विकास कुमार राव निवासी सूर्या रेसीडेंसी की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है।

शिकायत में बताया कि बीते 26 जनवरी को वह सूर्या मॉल में बेटे अमन के साथ शॉपिंग करने गई थी। इसी दौरान कंपनी के कुछ कर्मचारी टूर पैकेज का वाउचर देकर चले गए। कुछ दिनों बाद एक कर्मचारी ने फोन पर बताया कि टूर पैकेज का नंबर लग गया है। इसका फायदा उठाने ऑफिस बुलाया। यहीं पर झांसा देकर 1.35 लाख रुपए जमा करवा लिए। इसी तरह नरेंद्र गच्ची, अतनु गांगुली, अनिल रजक, अविनाश, अक्षय राजू, श्याम सिंह समेत 24 लोगों से करीब 21 लाख की ठगी की है। संचालक भिलाई में पैसे लेने के बाद कंपनी बंद कर फरार हो गया है।

जनगणना कार्य प्रभावित करने वाला गिरफ्तार

भिलाईनगर। जनगणना कार्य में बाधा पहुंचाने और शासकीय कर्मचारी का सहयोग न कर दुर्व्यवहार करने वाले आरोपी को धमधा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थी अशोक कुमार देवांगन (32 वर्ष) निवासी देवांगन पा ने थाना धमधा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 12 मई को पटेल होटल धमधा में जनगणना संबंधी शासकीय कार्य के दौरान आरोपी संतोष पटेल निवासी धमधा ने वाद-विवाद कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना धमधा में धारा 296, 221 बीएनएस एवं जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

ऑक्सीजोन में रेत डंप करने वाला तस्कर गया जेल

राजनांदगांव। मोहारा स्थित ऑक्सीजोन के पास शिवनाथ नदी में लगातार रेत का उत्खनन और डंप किये जाने की शिकायत के बीच प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जहां एक तरफ सैकड़ों ट्रीप डंप रेत को जब्त किया गया है, वहीं दूसरी ओर एक आरोपी को गिरपफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहारा लगातार ऑक्सीजोन के आसपास पेड़ कटाई से लेकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन सहित डंप किये जाने की शिकायत आ रही थी, जिस पर एसडीएम राजनांदगांव के नेतृत्व में खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा छापामार कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर डंप रेत को जब्त किये जाने का आदेश दिया है। ग्रामीणों से पूछताछ करने पर भंवरमरा निवासी अविनाश सोनी का नाम सामने आया था। जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

अधिकारियों को बनाया बंधक, पार्षद के खिलाफ जुर्म दर्ज

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ के वार्ड क्र. 5 में बुधवार को आयोजित सुशासन तिहार के दौरान हंगामा मचाकर भवन में ताला जड़ देने एवं अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने एक महिला पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य शासन की महत्वकांक्षी सुशासन तिहार बुधवार 13 मई को डोंगरगढ़ के वार्ड क्र. 15 में आयोजित किया गया था। निर्धारित समय पर सुशासन तिहार में शामिल होने विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी निर्धारित स्थल आंबेडकर भावन पहुंचे। इस दौरान पिछले कई वर्षों से पट्टा वितरण की मांग को लेकर आक्रोशित नागरिकों ने सुशासन तिहार का विरोध शुरू कर दिया।

उस वक्त हंगामे की स्थिति खड़ी हो गई, जब आक्रोशित पार्षद वार्डवासियों ने कार्यक्रम स्थल आंबेडकर भावन में ताला जड़ दिया। महिला पार्षद सहित वार्डवासियों द्वारा भावन में ताला जड़ देने के कारण लगभाग दो घंटे तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही तथा कार्यक्रम प्रभावित हुआ। सुशासन तिहार के दौरान वार्डवासियों द्वारा हंगामा मचाए जाने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आंदोलन का नेतृत्व कर रही वार्ड पार्षद प्रीति चमन समुन्द्रे एवं पूर्व पार्षद कृष्णा लिल्हारे को हिरासत में लिया, जिसके बाद मौके पर विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया।

पुलिस ने पार्षद के अलावा कई लोगों को भी थाने लाया, जहां राजस्व विभाग की टीम के सामने वार्डवासियों की मांग को सुना गया। बताया जाता है कि सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान हंगामा मचाकर भावन में ताला जड़कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने संबंधित वार्ड की निर्दलीय पार्षद प्रीति चमन समुन्द्रे सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

महिला पार्षद का पति पुलिस विभाग में कार्यरत बताया जाता है। इस संबंध में डोंगरगढ़ एसडीओपी केशरी नंदन नायक ने बताया कि हंगामा सुशासन तिहार के दौरान मचाने तथा कार्यक्रम स्थल मंगल भावन में ताला जड़ देने के मामले में संबंधित वार्ड पार्षद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

हटाई गई सोमनी स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी

राजनांदगांव। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी से नदारत पाई गई प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकिता गोस्वामी को उनके प्रभार से हटा दिया गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोमनी में लंबे समय से लापरवाही बरते जाने की शिकायतें मिल रही थी। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए सीएमएचओ डॉक्टर नवरतन ने सोमनी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। बताया जाता है कि सोमनी स्वास्थ्य केंद्र में पांच डॉक्टरों की पोस्टिंग है।

सीएमएचओ के निरीक्षण के दौरान की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.अंकिता गोस्वामी मौके पर मौजूद नहीं पाई गई। इसके चलते उन्हें उनके प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

सीएमएचओ डॉ. नवरतन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरगी के चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तेजेंद्र वर्मा को उनके मूल कार्य साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोमनी का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस संबंध सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन ने कहा कि सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से अव्यवस्था की शिकायतें मिल रही थी। इन शिकायतों पर कार्रवाई की गई हैं।

मोहारा सोसाइटी में 40 लाख रुपए के धान का गबन

राजनांदगांव। जिले की सेवा सहकारी समितित मोहारा में लगभग 30 लाख 86 हजार रूपए 608 रूपए अनुमानित 1 हजार क्विंटल धान गबन के मामले में केंद्र प्रभारी सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है। बीती रात जांच के दौरान एक ट्रक धान कोचिए को बेचते हुए पकड़ा गया था।

मिली जानकारी के अनुसार मोहारा सोसाइटी में 13 मई को अवैध धान की सूचना मिलने पर सहायक खाद्य अधिकारी द्रोण कामड़े, तहसीलदार अमित श्रीवास्तव, अतिरिक्त तहसीलदार सोनित मेरिया ने मोहारा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जांच दल ने मौके पर वाहन क्रमांक सीजी 08 एल 1049 को पकड़ा।

वाहन चालक सुंदर लाल साहू ने बताया कि खैरी निवासी राजू वर्मा के निर्देश पर बिना किसी दस्तावेज के समिति से धान लोड करते हुए अवैध परिवहन कर रहा था। विभागीय आंकड़ों के मिलान से पता चला कि समिति ने कुल खरीदी गए धान में से 995.68 क्विंटल धान को कम करते हुए उसे सुखत बताकर फर्जी तरीके से बेच रहा था। जिसके कारण केंद्र को आर्थिक क्षति पहुंचाई जा रही थी. केंद्र प्रभारी और कर्मचारियों ने निजी लाभ के लिए कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 का उल्लंघन किया और शासन को तकरीबन 40 लाख रूपए का नुकसान पहुंचाया है।

इन अधिकारियों- कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, धान उपार्जन केंद्र प्रभारी संतोष वर्मा, कम्प्यूटर आपरेटर वेद प्रकाश साहू, कोचिया राजू वर्मा के खिलाफ धारा 318 (4), 316 (5), 3 (5) के तहत कार्रवाई की गई है. उक्त एफआईआर सहायक खाद्य अधिकारी की शिकायत पर थाना मोहारा में दर्ज किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m