भिलाईनगर। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएसपी में शॉप फ्लोर व अन्य कार्य क्षेत्रों में काम करने के दौरान मोबाइल को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पाए जाने वालों के विरु द्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : बस्तर दशहरा: फूल रथ की परिक्रमा के दौरान हुआ जमकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई झड़प, जानिए पूरा मामला…
बीएसपी मैनेजमेंट की ओर से मुख्य महाप्रबंधक सुरक्षा पुष्पा एंब्रोस ने 17 अक्टूबर को एक परिपत्र जारी किया है। उन्होंने कहा है कि कार्यस्थलों पर उत्पन्न हो रहे गंभीर सुरक्षा जोखिमों को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से सभी शॉप फ्लोर एवं सक्रिय कार्यक्षेत्र में मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाता है। उन्होंने निर्देश में कहा है कि केवल कार्यालय भवनों, विश्राम कक्षों, अथवा साइट / शॉप फ्लोर / कार्यक्षेत्र से दूर निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही मोबाइल का उपयोग किया जा सकेगा।

पता चला है कि बीएसपी के मैनेजमेंट में सुरक्षा संबंधी समीक्षा के दौरान यह बात भी ध्यान में लाया गया है कि प्रोडक्शन एरिया में कार्य के दौरान भी बीएसपी कार्मिक, ठेका श्रमिक सहित अन्य लोग मोबाइल का उपयोग करते हैं। इससे गंभीर दुर्घटनाएं होनी की आशंका हमेशा बनी रहती है।
बीते दिनों लगातार दुर्घटनाओं व मौतों को सेल व बीएसपी मैनेजमेंट ने बहुत गंभीरता से लिया है। सेल के सीएमडी डॉ. एके पंडा व डायरेक्टर केके सिंह ने दुर्घटनाओं के मद्देनजर संयंत्र का स्पेशल दौरा किया था। उन्होंने दुर्घटनाओं और मौतों को हर हाल में रोकने की हिदायत दी है।
सेल के डायरेक्टर इंचार्ज लगातार लार्ज गुरप इंटरेक्शन के माध्यम से सुरक्षा के प्रति कार्मिकों को आगाह कर हैं। वे प्रत्येक कार्मिक एवं कार्यबल को अपने कार्यक्षेत्र में सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं लेने, निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं व सुरक्षित कार्य पद्धतियों का पालन करने की अपील कर रहे हैं। वे कार्मिकों से सीधे संवाद कर उनसे सुरक्षा संबंधी सुझाव भी मांग रहे हैं। उनका जोर इस बात पर है कि शून्य घातक दुर्घटना लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पाली के बाद हर कार्मिक सुरक्षित घर लौटे।
प्रबंधन ने बताया, बीएसपी को बेचने की योजना संबंधी खबरें असत्य खबरें असत्य एवं भ्रामक
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ने सोशल मीडिया तथा कुछ प्रिंट मीडिया प्रकाशनों में भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की योजना के संबंध में प्रसारित हो रही खबरों को असत्य एवं भ्रामक बताया है। इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इन दावों का खंडन किया है। साथ ही, प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक इकाई ने भी इन खबरों को झूठा और निराधार बताया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपने कमर्चारियों, हितधारकों तथा छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की है कि वे ऐसी अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। भिलाई इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की पहचान, गौरव और औद्योगिक विरासत का अभिन्न अंग है।
अपनी स्थापना के बाद से ही संयंत्र ने राज्य के औद्योगिक विकास में 5 महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसने रोजगार के अवसर सृजित किए हैं, सहायक उद्योगों को प्रोत्साहन दिया है तथा हजारों परिवारों की आजीविका में महत्वपूर्ण योगदान दिया है ।
इसकी गौरवशाली विरासत और उल्लेखनीय योगदान ने इसे छत्तीसगढ़ की जनता के गौरव का प्रतीक बनाया है। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की एक प्रमुख इकाई के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र देश के इस्पात क्षेत्र की प्रगति तथा भारत की औद्योगिक क्षमताओं को सुदृढ़ करने में निरंतर योगदान दे रहा है।
फॉरेक्स ट्रेडिंग इंस्टीट्यूट में निवेश एवं मुनाफे का प्रलोभन देकर 18.63 लाख की ठगी, गिरफ्तार
भिलाईनगर। फॉरेक्स एवं ट्रेडिंग प्रशिक्षण संस्थान के संचालन तथा निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का प्रलोभन देकर कृषि व्यवसाय से 18.63 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक कार भी जब्त किया है।
शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने पत्रवार्ता में बताया कि प्रार्थी अक्षय राठौर ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका कृषि व्यवसाय है। एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान मीनल चौहान से हुई थी। मीनल चौहान ने रायपुर स्थित करेंसी टावर, वीआईपी चौक में टेनिंग इंस्टियूट के नाम से फॉरेक्स एवं ट्रेडिंग प्रशिक्षण संस्थान प्रारंभ करने तथा उसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने की बात कही गई थी।
प्रार्थी के अनुसार आरोपी के कहने पर दिसंबर 2025 से जून 2026 के मध्य संस्थान के संचालन, स्टाफ के वेतन, कार्यालय किराया, मेंटेनेंस, विज्ञापन, सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार एवं अन्य आवश्यक खर्चों के लिए अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से कुल 21,96,675 रुपए की राशि उपलब्ध कराई। इसमें से लगभग 3,33,000 रुपए वापस किए गए तथा शेष 18,63,675 रुपए बकाया होने की शिकायत की।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि संस्थान के संचालन एवं ट्रेडिंग से मुनाफा दिलाने का प्रलोभन देकर उससे राशि प्राप्त की। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में धारा 318 (4), 351 (3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। प्रकरण में थाना सुपेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मीनल चौहान (35 वर्ष) निवासी मदर टेरेसा नगर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है । पत्रवार्ता में भिलाईनगर सीएसपी निशांत पाठक, सुपेला टीआई एसएन सिंह उपस्थित थे।
दशहरा मैदान में रावण दहन पर होगी जमकर आतिशबाजी
भिलाईनगर। आदर्श सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा मंडल के तत्वाधान में दशहरा मैदान रिसाली सेक्टर में दुर्गा पूजा का आयोजन हर्ष व उल्लास के साथ किया जा रहा है। 19 अक्टूबर को पूजा हवन एवं भंडारा का आयोजन होगा। 20 अक्टूबर की संध्या 5 बजे से रामलीला भव्य अतिशबाजी व रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित है।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल होंगे। अध्यक्षता ललित चन्द्राकर विधायक दुर्ग ग्रामीण करेंगे। विशेष अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, रिसाली महापौर शशि सिन्हा रिसाली सभापति केशव बन्छोर, पूर्व विधायक प्रतिमा चन्द्राकर , जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष माया बेलचंदन होगे । छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत सोनहा बादर जितेन्द्र साहू के निर्देशन में प्रस्तुत होगा ।
नेहरू नगर दशहरा मैदान में होगा 50 फीट का रावण दहन
भिलाईनगर। नेहरू नगर वेलफेयर एंड दशहरा एसोसिएशन द्वारा इस वर्ष अपने 20 वे वर्ष में 20 अक्टूबर को रात्रि 7 बजे कालीबाड़ी के सामने नेहरू नगर दशहरा मैदान में विजयादशमी पर्व का आयोजन किया जा रहा है।
वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शुक्ला एवं महासचिव मनीष सोनी ने बताया कि नेहरू नगर का दशहरा पर्व पूरे छत्तीसगढ़ में एक मात्र ऐसा कार्यक्रम है जहां कि मुख्य अतिथि कोई राजनेता या प्रशासनिक अधिकारी नहीं बल्कि दर्शकों की भीड़ में उपस्थित सबसे ज्यादा उम्रदराज चार पांच व्यक्तियों को आमंत्रित कर उनसे रावण के पुतले का दहन कराया जाता है। इस वर्ष 50 फीट ऊंचे रावण एवं 40-40 फिट ऊंचे कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।
निगम चुनाव के पहले ही दावेदारों के बैनर पोस्टर से अट गया शहर
भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम चुनाव दिसंबर में संभावित है। चुनाव की तारीख का ऐलान होना बाकी है। लेकिन अभी से दावेदार सक्रिय हो गए हैं। पार्षद पद के प्रत्याशियों ने अपने अपने वार्डों में बड़े बड़े बैनर पोस्टर लगवा लिए हैं। विद्युत पोल पर बैनर पोस्टर झूल रहे हैं।
नेहरू नगर चौक से लेकर सूर्या मॉल तक, सूर्या मॉल से कोहका, रानी अवंती बाई चौक होते हुए सुपेला गदा चौक, गदा चौक से सुपेला घड़ी चौक तक 18 नंबर रोड, कैम्प, पावर हाउस, नंदनी रोड इत्यादि क्षेत्रों में विद्युत पोलों पर जनप्रतिनिधियों ने विज्ञापन लगाकर अपना प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। इससे शहर की सुंदरता पर ग्रहण भी लग रहा है।
फिर उठने लगा सवाल
नियमानुसार विद्युत पोल पर निजी विज्ञापन लगाना प्रतिबंधित है, बावजूद इसके निगम क्षेत्र में खुलेआम प्रचार सामग्री चस्पा की जा रही है। चुनाव अभी दूर है, लेकिन प्रचार की इस अति सक्रियता ने शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जनप्रतिनिधियों ने किया था इंदौर शहर का निरीक्षण
भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल एमआईसी सदस्य सहित बीजेपी कांग्रेस पार्षद इंदौर शहर स्वच्छता में नंबर वन आने पर निरीक्षण कर भिलाई की कमी कमियों को समझाने गए थे। उस दौरान उन्हें इंदौर शहर में एक भी बैनर पोस्टर नहीं दिखा। इस पर महापौर परिषद में एक संकल्प पारित किया था कि किसी भी चौक चौराहा सहित विद्युत पोल में किसी भी तरह का विज्ञापन बोर्ड नहीं लगाया जाएगा। अगर विद्युत पोल में विज्ञापन बोर्ड लगाया जाता है तो एजेंसी एवं प्रचार प्रसार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर करेंगे।
नए टेंडर का पता नहीं, फटे बारदानों से होगी धान की खरीदी
राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आगामी नवंबर माह से होना है। लेकिन यहां नए बारदाने का टेंडर प्रक्रिया अब तक नही हो पाया है। पता चला है कि जिले से टेंडर प्रक्रिया को शासन ने बजट नही होने का हवाला देकर टाल दिया है। जिसके चलते प्रशासन के पास अब पीडीएस और मिलरों से पुराना बारदाने के भरोसे खरीदी की जाएगी। लेकिन यह भी पर्याप्त नही है। हालांकि अफसरों का कहना है कि, राज्य स्तर से टेंडर किया गया है। जिसके बाद विभिन्न चरणों में बारदाना भेजा जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले साल जिले में 62 लाख 53504 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। जिसके हिसाब से जिले में 1 करोड़ 56 लाख 33760 नग बारदाने की जरूरत पडेगी। वर्तमान में मार्कफेड के पास वर्ष 2025-26 को सिर्फ 4200 गठान बारदाना (21 लाख नग) बारदाना है। वहीं शासन स्तर से 12600 (63 लाख नग) गठान बारदाना अतिरिक्त भेजा गया है। वही करीब छह लाख 80 हजार नग बारदाने पीडीएस के प्राप्त हुए है।
इस तरह मार्कफेड के पास वर्ष 2026-27 की खरीदी के लिए सिर्फ 90 लाख बारदान उपलब्ध है। मिलरो ने नहीं दिया बारदाना मार्कफेड से प्राप्त जानकारी अनुसार पिछले साल कस्टम मिलिंग के एवज में उपार्जन केन्द्रों से धान उठाया गया था। इस बारदाने को वापस करना था, लेकिन मिलरो ने इसे मार्कफेड को वापस नही किया है। ऐसे में मिलरों से बारदाना जमा कराए जाने की तैयारी है। इसके आलावा पीडीएस से भी बारदाने लिए जा रहे है।
उल्लेखनीय है कि, राजनांदगांव जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से संबद्ध 96 सहकारी समितियों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की जाती है। इसके लिए पुराने बारदानों के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों और राइस मिलरों से बारदाने जुटाने की तैयारी है।
पीडीएस दुकानों और राइस मिलरों से जुटेंगे बारदाने
बताया गया कि धान खरीदी के लिए बारदानों की जरूरत पूरी करने मार्कफेड अलग- अलग स्रोतों से खाली बोरों की व्यवस्था कर रहा है। पीडीएस दुकानों से खाली होने वाले बारदानों और राइस मिलरों के पास उपलब्ध बोरों का इस्तेमाल करने की तैयारी है। इधर उपार्जन केन्द्रों में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने धान खरीदी केंद्रों में बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बिजली, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने खरीदी शुरू होने से पहले तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया है।
झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग ने फिर कसा शिकंजा, दो क्लीनिक में छापा
गंडई – पंडरिया। केसीजी जिले में कथित झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला की चेतावनी के बाद विभागीय टीम ने वनांचल क्षेत्र के साल्हेवारा और खादी में संचालित दो क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान आवश्यक वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान खादी स्थित राकेश वर्मा के वर्मा क्लीनिक में बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें स्टेरॉयड और हाई डोज एंटीबायोटिक दवाइयां भी शामिल बताई गई हैं। इसके बाद दवाइयों के स्रोत, भंडारण, उपयोग और वितरण से संबंधित नियमों की जांच का विषय महत्वपूर्ण हो गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार जांच दल ने साल्हेवारा क्षेत्र में राकेश वर्मा के वर्मा क्लीनिक तथा खुशबू उइके द्वारा संचालित उइके क्लीनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता की जांच की गई। दस्तावेज नहीं मिलने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
गाय का कटा सिर मिलने के बाद आरोपी की दुकान पर चला बुलडोजर
राजनांदगांव। गौरीनगर में गाय का कटा सिर मिलने के बाद शहर में उपजे आक्रोश के बीच नगर निगम ने रविवार को आरोपी आरिफ की अतिक्रमण कर बनाई गई दुकान को ढहा दिया। सुबह 11 बजे निगम का अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। निगम अधिकारी यूके रामटेके के नेतृत्व में दुकान तोड़ने की कार्रवाई की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद वार्डवासी आरोपी की दुकान के साथ उसके मकान को भी जेसीबी से तोड़ने की मांग पर अड़े रहे। वे अपनी मांग पर डटे हुए थे और समझाइश के बाद भी शांत नहीं हो रहे थे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए महापौर मधुसूदन यादव गौरीनगर पहुंचे। उन्होंने वार्डवासियों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
शिकायत मिलने पर आगे भी होगी कार्रवाई महापौर मधुसूदन यादव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि गौरीनगर की घटना को लेकर शहर में आक्रोश है। आरोपी के खिलाफ थाने में नामजद शिकायत दर्ज है। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा अतिक्रमण कर बनाई गई दुकान को तोड़ा गया है। बस्तीवासियों ने अतिक्रमण के खिलाफ । कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
तीन और आरोपी गिरफ्तार
गौरीनगर में गाय की हत्या कर सिर शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज में फेंकने के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी को दो नागपुर से पकड़ा गया, जबकि महिलाओं खैरून निशा (60) और नसीमा बेगम उर्फ रानी (57) को गौरीनगर से हिरासत में लिया गया।
इस बार 61 फीट के रावण का होगा दहन, कटक की आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र
राजनांदगांव। शहर तथा जिलेभर में विजयादशमी पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है। इस बार शहर के विभिन्न दशहरा उत्सव स्थलों पर 61 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। रावण दहन के साथ होने वाली भव्य आतिशबाजी लोगों के उत्साह को और बढ़ाएगी। आयोजन को यादगार बनाने के लिए दशहरा उत्सव समितियां तैयारियों में जुटी हुई हैं। 20 अक्टूबर को नगर सहित अंचल भर में विजयदशमी का पर्व मनाया जाएगा।
राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत शहर के म्युनिसिपल स्कूल मैदान, स्टेट स्कूल मैदान, कमला कॉलेज मैदान, सिविल लाइन मैदान और गौरी नगर मैदान में दशहरा उत्सव की तैयारियां की जा रही को हैं। पुतला निर्माण, मैदान की व्यवस्था, विद्युत सजावट और आतिशबाजी लेकर आयोजन समितियां सक्रिय हैं। विजयादशमी के दिन इन स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। कुर्सियां भी लगाने का कार्य तेज कर दिया गया है। लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
आतिशबाजी काफी दिखेगा अद्भभुत नजारा
इस बार कटक के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों की व आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आतिशबाजी को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है। रंग-बिरंगी रोशनी और आसमान में आकर्षक नजारे दशहरा उत्सव की रौनक बढ़ाएंगे। रावण दहन के बाद होने वाली आतिशबाजी दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगी।
तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटीं समितियां
दशहरा उत्सव समितियों द्वारा आयोजन स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दर्शकों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और आतिशबाजी के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। आयोजकों की कोशिश है कि विजयादशमी का पर्व उत्साह और परंपरा के अनुरूप भव्यता के साथ मनाया जाए। सभी मैदाने में पूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही है।
रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था महत्वपूर्ण रहेगी। पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस प्रशासन द्वारा इसको लेकर विशेष तैयारी भी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर का कहना है कि इस बार भी सुरक्षा की व्यापक प्रबंध रहेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

