दुर्ग। दुर्ग जिले को सरकारी स्तर पर आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात मिलने जा रही है। विद्यार्थियों को स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आधुनिक लाइब्रेरी निर्माण की पहल की है। लाइब्रेरी की सुविधा होने से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को मदद मिलेगी। लाइब्रेरी निर्माण के लिए 50 लाख का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
यह भी पढ़ें : CG Crime News : कांग्रेस नेता के खिलाफ हुई FIR, विवाहिता से अनाचार और धमकी देने का आरोप, जाने पूरा मामला
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग दुर्ग द्वारा प्रपोजल तैयार किया गया है। उनके इस प्रपोजल को जिला शिक्षा अधिकारी ने 6 अक्टूबर को लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) को भेजा है। आधुनिक लाइब्रेरी के लिए जगह का चिन्हांकन किया जा चुका है। पद्मनाभपुर में मैथ्यू बुक डिपो के बाजू आंगनवाड़ी के समीप में रिक्त जमीन पर इसे बनाए जाने का प्रस्ताव है।

प्रस्ताव के मुताबिक आधुनिक लाइब्रेरी में लड़के लड़कियों के लिए अलग-अलग रीडिंग रूम की व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर छात्रों के लिए रीडिंग रूम बनाई जाएगी। वही छात्राओं के लिए रीडिंग रूम की सुविधा फर्स्ट फ्लोर पर होगी। रीडिंग रूम में बैठकर वे शांतिपूर्वक पुस्तकें, समाचार पत्र और पत्रिकाएं पढ़ सकेंगे। वैसे रीडिंग रूम में विद्यार्थी तथा अन्य लोग शान्त वातावरण में बिना शोर-शराबे के अध्ययन करते हैं।
ग्राउंड तथा फर्स्ट फ्लोर पर अलग-अलग टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। सीनियर सिटीजन के लिए अलग से रीडिंग रूम बनाए जाने का प्रस्ताव है। डिलीवरी तथा स्टोर रूम का भी प्रावधान किया गया है। आधुनिक लाइब्रेरी में सामग्री के नाम पर दैनिक समाचार पत्र, साप्ताहिक / मासिक पत्रिकाएं, रोजगार समाचार, स्टडी मटेरियल और संदर्भ पुस्तकें उपलब्ध होती हैं यानी पुस्तकों का पूरा संग्रह होता है।
त्योहारी सीजन में यातायात दुरुस्त करने अभियान के तहत ठेले व सोफा सेट जब्त
दुर्ग। नगर निगम द्वारा त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए शहर में व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में इंदिरा गांधी प्रतिमा के समीप एवं मल्टीलेवल पार्किंग के आसपास से अवैध दुकानों एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। वही मालवीय चौक के आगे संभाग आयुक्त कार्यालय के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से व्यवसाय करने पर 20 सोफा सेट जब्त किए।
बता दें कि महापौर अलका बाघमार ने बैठक के दौरान अतिक्रमण अधिकारी को शहर में अवैध कब्जों एवं सड़क किनारे किए जा रहे अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश के पालन में अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार के नेतृत्व में निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
निगम की कार्रवाई के दौरान संबंधित अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ, पार्किंग स्थल अथवा अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर दोबारा अवैध रूप से दुकान, ठेला अथवा सामान रखकर कब्जा न किया जाए। निगम ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीएसपी कर्मियों के खातों में आया बोनस
भिलाईनगर। सेल मैनेजमेंट के आदेश के बाद गुरुवार की देर रात बैंकों में बोनस की राशि अंतरित कर दी गई। बैंकों ने बीएसपी कर्मियों के खाते में यह राशि ट्रांसफर कर दिया। पूरे सेल में कर्मियों को 121 करोड़ बोनस बंटा है। भिलाई में 28 करोड़ वितरित किया गया।
नेहरू नगर चौक का वर्टिकल गार्डन बर्बाद
भिलाईनगर। स्मार्ट सिटी और सुंदर भिलाई के नाम पर नगर निगम भिलाई द्वारा नेहरू नगर चौक पर लाखों रुपये खर्च कर लगाया गया वर्टिकल गार्डन देखरेख के अभाव में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले नेहरू नगर चौक पर यह प्रोजेक्ट आज निगम की लापरवाही का नमूना बनकर खड़ा है।
वर्टिकल गार्डन में 70 प्रतिशत से ज्यादा पौधे सूख चुके हैं, अधिकांश पॉट खाली हैं, सिर्फ मिट्टी बची है। गमले रखने वाला लोहे का वर्टिकल फ्रेम जंग खा चुका है, कई जगह से टूटकर लटक रहा है। पौधों को पानी देने के लिए लगाया गया ऑटोमेटिक ड्रिप सिंचाई सिस्टम महीनों से बंद पड़ा है, पाइप फटे हुए हैं। गार्डन के नीचे और आसपास पॉलिथीन, गुटखा पाउच और कचरे का ढेर लगा है।
17 लाख का प्रोजेक्ट, मेंटेनेंस का पता नहीं – भिलाई दुर्ग फ्लाईओवर के पास / नेहरू नगर क्षेत्र में बनाए गए वर्टिकल गार्डन की लागत लगभग 17 लाख रुपये है। इस प्रोजेक्ट के तहत पिल्लरों पर हजारों पौधे लगाकर हरियाली और सुंदरता बढ़ाने का काम किया गया था। इसके मेंटेनेंस, पानी, खाद और पौधों की रिप्लेसमेंट के लिए अलग से हर महीने ठेकेदार को भुगतान का प्रावधान था। लेकिन ठेकेदार ने मेंटेनेंस छोड़ दिया और निगम के उद्यान विभाग ने भी सुध नहीं ली। यह चौक वीआईपी चौक है ।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
नेहरू नगर के व्यापारी घनश्याम चित्रांश ने बताया कि शुरुआत में बहुत सुंदर लगता था, लोग रुककर फोटो खींचते थे। लेकिन 3-4 महीने में ही पौधे सूखने लगे। न पानी दिया गया, न देखरेख । अब यह सुंदरता की जगह शहर के बीच बदनुमा दाग बन गया है। अधिकारी लेना नहीं चाहते जिम्मेदारी- जब इस संबंध में जोन 1 के अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने कहा यह उद्यान शाखा का काम है। उद्यान शाखा के अधिकारी ने कहा कि यह जोन का मेंटेनेंस है। इसी टालमटोल में लाखों का प्रोजेक्ट बर्बाद हो गया।
किराए के फ्लैट में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा पैनल
भिलाईनगर। म्यूल बैंक खातों के दुरुपयोग एवं संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों से महाराष्ट्र के ठाणे में संचालित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। थाना वैशाली नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठाणे स्थित किराए के फ्लैट में दबिश देकर दो अलग- अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन करते 10 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों में भिलाई, धमतरी, कांकेर और बिहार के युवकों का शामिल होना बताया जाता है।
शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने पत्रवार्ता में बताया कि म्यूल बैंक खातों के दुरुपयोग एवं ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान थाना वैशाली नगर में पंजीबद्ध अपराध धारा 317(2), 317 (4), 112, 3 ( 5 ) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 7 के प्रकरण की विवेचना में संदिग्ध बैंक खातों एवं ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की जांच की।
विवेचना के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जानकारी मिली कि दुर्ग-भिलाई एवं धमतरी क्षेत्र के कुछ युवक महाराष्ट्र के ठाणे स्थित किराए के फ्लैट में रहकर ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने ठाणे क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान फ्लैट में 10 व्यक्ति दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन करते पाए गए।
मौके से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में विभिन्न बैंक खातों एवं डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों से संबंधित राशि का लेन-देन किया जाना पाया गया है। बरामद डिजिटल उपकरणों का तकनीकी परीक्षण एवं डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराया जा रहा है। जांच के माध्यम से नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, बैंक खातों तथा वित्तीय लेन-देन की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।
ऊंची ब्याज दर पर कर्ज देने की दूसरी शिकायत
मोहला। आदिवासी बहुल मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में कथित निजी साहूकारी और ऊंची ब्याज दर पर कर्ज देने का मामला एक बार फिर सामने आया है। मोहला में एक महिला ने अपनी बेटी की चांदी की पायल गिरवी रखकर 15 हजार रुपए कर्ज लेने, ब्याज की राशि चुकाने के बावजूद गिरवी रखी पायल वापस नहीं मिलने की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय मोहला में किए जाने की जानकारी सामने आई है।
शिकायतकर्ता आसिन बाई मंडावी के अनुसार उनकी बेटी ने करीब एक वर्ष पूर्व अत्यावश्यक जरूरत के चलते मोहला निवासी कल्पना गुप्ता से 15 हजार रुपए उधार लिए थे। इसके बदले चांदी की दो जोड़ी पायल गिरवी रखी गई थीं। शिकायत में एक पायल का वजन करीब 22 तोला और दूसरी का करीब 10 तोला बताया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है। कि 15 हजार रुपए के कर्ज के बदले हर सप्ताह 1500 रुपए ब्याज के रूप में लिए जा रहे थे।
शिकायतकर्ता ने इसे करीब 40 प्रतिशत मासिक ब्याज बताया है। इसके अलावा 200 रुपए अतिरिक्त फीस लिए जाने का भी उल्लेख आवेदन में किया गया है। शिकायत के अनुसार कुछ सप्ताह ब्याज की राशि नहीं दी जा सकी। इसके बाद जब गिरवी रखी पायल वापस मांगी गई तो कथित तौर पर 24 हजार रुपए देने की मांग की गई।
गौरतलब है कि सितंबर में भी मोहला क्षेत्र में कथित निजी साहूकारी और ऊंची ब्याज दरों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। उन शिकायतों में भी कल्पना गुप्ता का नाम सामने आने की बात कही गई थी। उस समय प्रशासन की ओर से शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई थी। मोहला- मानपुर- अंबागढ़ चौकी क्षेत्र पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है।
औचक जांच से हड़कंप, तीन क्लिनिक – पैथोलॉजी संचालकों को नोटिस
खैरागढ़। जिले में बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे क्लिनिकों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला के निर्देश पर विभागीय अमला लगातार स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर रहा है।
अभियान शुरू होने के बाद नियमों की अनदेखी कर क्लिनिक और पैथोलॉजी संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। इसी कड़ी में नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी के नेतृत्व में गठित जांच दल ने विकासखंड खैरागढ़ के बाजार अतरिया क्षेत्र में संचालित विभिन्न क्लिनिकों और पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कुछ संस्थानों के संचालन से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। दस्तावेजों के अभाव में स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर क्लिनिक एवं पैथोलॉजी संचालन से संबंधित समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान जितेंद्र वर्मा की दिशा पैथोलॉजी, हिमलेश वर्मा के श्रेया क्लिनिक सहित कुल तीन क्लिनिक एवं पैथोलॉजी संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में यदि संबंधित संचालक आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अवैध अथवा बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे क्लिनिकों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नवरात्र में डोंगरगढ़ स्टेशन पर मिलेगा शुद्ध पेयजल
डोंगरगढ़। 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे क्वांर नवरात्र पर्व के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर रेलवे ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार कों दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले नवरात्र में प्लेटफॉर्मों पर मटमैला पानी और पेयजल की कमी की शिकायतों को देखते हुए इस बार रेलवे ने पानी की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया है। रेलवे के चिकित्सा विभाग ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर उपलब्ध पेयजल स्रोतों की बैक्टीरियोलॉजिकल व तकनीकी जांच कराई है। रेलवे के अनुसार जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और स्टेशन पर उपलब्ध पानी पीने योग्य एवं सुरक्षित पाया गया है।
नवरात्र के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त अनारक्षित टिकट काउंटर खोलने और 24 घंटे उद्घोषणा व्यवस्था चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।
स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। डीआरएम ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोल्ड ड्रिंक में नशे की दवा पिलाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
डोंगरगढ़। दस्तावेज देने के बहाने महिला को बुलाकर कार में ले जाने, पेय पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने तथा आपत्तिजनक फोटो के जरिए ब्लैकमेल कर रकम वसूलने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 दिसंबर 2025 को खैरागढ़ निवासी आदित्य अग्रवाल ने दस्तावेज देने के बहाने उसे कार्यालय के बाहर बुलाया और कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में आरोपी ने उसे स्लाइस पिलाई। इसके बाद चक्कर आने पर आरोपी उसे डोंगरगढ़ मंदिर के आसपास स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता की आपत्तिजनक फोटो दिखाकर उसे पति को भेजने और वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर ब्लैकमेल करते हुए पहले 5 हजार रुपए मांगे और बाद में 9 हजार रुपए नगद तथा करीब 1 लाख रुपए ऑनलाइन लिए। लगातार दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने से परेशान होकर पीड़िता ने थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 507 /2026, धारा 64, 308 एवं 351 (3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी आदित्य अग्रवाल, निवासी कुम्हारपारा, वार्ड – 9, इतवारी बाजार, खैरागढ़, जिला केसीजी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
भाजपा जिला संगठन में हुए विवाद के बाद पदाधिकारी का इस्तीफा, कार्रवाई की मांग पर अड़े
राजनांदगांव। जिला भाजपा संगठन की 7 अक्टूबर की बैठक के दौरान उत्तर मंडल से जुड़े दो नेताओं के बीच हुए विवाद और कथित झूमाझटकी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विवाद के बाद एक पदाधिकारी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। बताया जा रहा है कि संबंधित पदाधिकारी इस बात पर अड़ा हुआ है कि झूमाझटकी करने वाले नेता के खिलाफ संगठन स्तर पर कार्रवाई की जाए।
विवाद की जानकारी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचने के बाद मामले को शांत कराने की कोशिश की गई। बताया जाता है कि बुधवार रात ही सुलह के लिए बैठक बुलाई गई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद संगठन से जुड़े कुछ नेताओं को गुरुवार को रायपुर तलब किए जाने की जानकारी सामने आई है।
एक पक्ष कार्रवाई के तो दूसरा पक्ष समझाइश देकर मामला खत्म करने के पक्ष में
भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेताओं की चर्चा के बाद सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, विवाद को लेकर संगठन के भीतर दो तरह की राय है। एक पक्ष पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए संबंधित नेता के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के पक्ष में है। वहीं दूसरा पक्ष दोनों नेताओं को समझाइश देकर विवाद को खत्म करने के पक्ष में बताया जा रहा है।
इस बीच पार्टी संगठन के भीतर हुए इस विवाद और कथित झमाझटकी को लेकर भाजपा नेताओं ने सार्वजनिक रूप से चुप्पी साध रखी है। मामले को लेकर संगठन स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
जिलाध्यक्ष ने मारपीट की घटना से किया इनकार
कोमल सिंह ने इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष किसी भी तरह की मारपीट की घटना से इनकार किया है। उनका कहना है कि बैठक के दौरान मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई। हालांकि, विवाद के बाद एक पदाधिकारी के त्यागपत्र और कार्रवाई की मांग की चर्चा के बीच संगठन में मामला पूरी तरह शांत होता नजर नहीं आ रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

