Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: भिलाई। आटो सवारी के जेब से रकम निकालने के मामले में पुलिस ने चालक व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। भिलाई तीन पुलिस ने बताया कि भिलाई 3 निवासी अरविंद कुमार अपने कार्यालय से केनरा बैंक, चरोदा शाखा, भिलाई 3 में 74 हजार रुपये जमा करने के लिए आटो से जा रहा था। इस दौरान नीले सफेद रंग के ऑटो में सवार हुआ। जिसमें पहले से दो युवक सवार थे। ऑटो चालक द्वारा पीड़ित को पहले पीछे एवं बाद में आगे बैठाया गया। केनरा बैंक तक न ले जाकर ज्योति कटिंग, चरोदा के पास आटो चालक ने उतार दिया। वहां उतरने के बाद पीड़ित अपनी जेब की टटोलना शुरु किया तो उसके रकम गायब मिले। पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच करने पर संदेह के आधार पर ऑटो सीजी 07 डीबी 6016 के चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर अपना नाम हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जामुल निवासी बॉबी गुरजीत सिंह, धीरज वर्मा होना बताया है।

अवैध शराब बेचने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। अवैध रूप से शराब बेचने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उतई पुलिस ने बताया कि ग्राम उमरपोटी स्थित गौठान के पास अवैध शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां से ग्राम पंचायत रोड, ग्राम गोडपेंड्री, उतई निवासी भुनेश्वर आग्नेकर उर्फ भुवनु और नकुल वर्मा को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में रखी 30 पौवा देशी मदिरा प्लेन (कुल 5.4 बल्क लीटर) शराब, जिसकी कीमत 2,400 रुपये है, जब्त की।

कमीशन के लालच में साइबर ठगों को खाते उपलब्ध कराने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। म्यूल खाता मामले में पुलिस ने 9 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। भिलाई-3 पुलिस ने बताया कि विवेचना एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान पता चला कि आरोपी 2,000 से 10,000 रुपए तक का कमीशन लेकर साइबर ठगों को बैंक खाते किराये पर उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने ग्राम फुंडा, थाना बोरी निवासी लक्की खुटेल, गौतम नगर सुपेला निवासी भारत गिरी, खुर्सीडीह-नगपुरा निवासी भोज ठाकुर, चोमन साहू, फुंडा बोरी निवासी कमलेश देशलहरे, ग्राम मचांदुर, उतई निवासी रमाकांत साहू, लक्ष्मी नारायण चौक, अहिवारा-नंदनी नगर निवासी आकाश भट्ट, ग्राम दनिया, थाना बोरी निवासी (एजेंट) संजय निषाद तथा ग्राम कुर्सीडीही, नगपुरा निवासी मनोज कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन तथा बैंकिंग से संबंधित अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त

दुर्ग। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को खेल पुरस्कार प्रदान कर राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। इसके तहत शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौथे सम्मान एवं मुख्यमंत्री ट्रॉफी तथा वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार एवं खेलवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरस्कारों के आवेदन पत्रों का प्रारूप एवं विज्ञापन विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिला कार्यालय, संचालनालय में कार्यालयीन समय के दौरान आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला कार्यालय या संचालनालय में संपर्क कर सकते हैं।

अवैध शराब और गांजा बिक्री का विरोध करना शिक्षक को पड़ा भारी

अण्डा। ग्राम चंदखुरी स्थित गुरु घासीदास चौक में अवैध शराब और गांजा बिक्री का विरोध करने वाले शिक्षक नरसिंग बारले पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक ने आरोप लगाया है कि वासु बारले और यीशु निर्मलकर ने उनके साथ मारपीट की तथा ईंट-पत्थर और नुकीली वस्तु से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई को शाम करीब 5 बजे शिक्षक स्कूल से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चंदखुरी के राम मंदिर, पुराना बाजार चौक के पास पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ईंट के टुकड़े से सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान नुकीली वस्तु से नाक के पास भी वार किया गया, जिससे उन्हें चोट आई और खून निकलने लगा।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि घटना को रमेश देशमुख, डोमन सिन्हा, धन बघेल और संजय बघेल ने देखा। पीड़ित ने परिवार को घटना की जानकारी देने के बाद अपनी पत्नी और भाई के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि क्षेत्र में चल रही अवैध शराब और गांजा बिक्री के कारण आए दिन मोहल्ले में गाली-गलौज और असामाजिक तत्वों द्वारा हुड़दंग किया जाता है। इससे क्षेत्र के लोग भयभीत रहते हैं और छोटे-छोटे बच्चों पर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने इस अवैध कारोबार को बंद कराने के लिए जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उन पर हमला किया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध शराब और गांजा कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शराब पीने के लिए मांगे पैसे, नहीं देने पर की मारपीट और तोड़फोड़

भिलाई। शराब पीने के लिए रकम की डिमांड करने, नहीं देने पर मारपीट करने और वाहन में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।जामुल पुलिस ने बताया कि ग्राम ढौर, जामुल निवासी दिनेश रात्रे काम से भाठापारा ढौर की ओर गया था। इसी दौरान ढौर निवासी आरोपी दुर्गेश बंजारे ने शराब पीने के लिए उससे रकम की डिमांड की। रकम नहीं देने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। पीड़ित भयभीत होकर आरोपी को 1 हजार रुपये दे दिया। उसी दिन शाम को फिर आरोपी ने पीड़ित के साथ मारपीट और उसके पीकअप वाहन में तोड़फोड़ कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस न दुगश बंजारे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकरा किया है।

रेजाओं के सामूहिक अवकाश से कृषि उपज मंडी की नीलामी प्रभावित

राजनांदगांव। कृषि उपज मंडी में रेजाओं (श्रमिकों) के सामूहिक अवकाश पर रहने से सोमवार को मंडी की नीलामी व्यवस्था प्रभावित रहेगी। इसकी एक दिन पहले भी श्रमिक सामूहिक अवकाश में थे जिसके कारण सन्नाटा पसरा रहा। श्रमिकों की अनुपस्थिति के कारण मंडी परिसर में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और सामान्य दिनों की तुलना में किसानों, हमालों तथा व्यापारियों की मौजूदगी भी काफी कम रही। मंडी प्रबंधन की माने तो प्रतिदिन मंडी में 30 से 35000 कट्टा धान की आवक होती है सहित अन्य फसलों की भी खरीदी की जाती है। जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव कृषि उपज मंडी में प्रतिदिन औसतन 30 से 35000 कट्टा धान की आवक होती है। लेकिन रेजाओं के अवकाश के चलते उपज की तुलाई, बुलाई और नीलामी का कार्य प्रभावित हुआ, जिससे व्यापारिक गतिविधियां धीमी पड़ गई।

मंडी से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि श्रमिकों की अनुपस्थिति का सीधा असर नीलामी प्रक्रिया पर पड़ा है। वहीं किसान भी अपनी उपज लेकर कम संख्या में मंडी पहुंचे, क्योंकि समय पर तुलाई और नीलामी नहीं होने की आशंका बनी रही। बताया जा रहा है कि आज भी मंडी की व्यवस्था पर इसका असर पड़ सकता है। यदि रेजाओं का अवकाश जारी रहा तो नीलामी और कृषि उपज के उठाव में और अधिक बाधा आने की संभावना है। मंडी प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सामान्य व्यवस्था चहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में मंडी सचिव पंचराम वर्मा का कहना है कि सभी रेजाओं द्वारा बस्तर अंचल घूमने जाने के कारण कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि यहां पर 80 से 85 रेजा काम करती हैं।

उपद्रव मचाने वाले 6 बदमाशों पर कार्रवाई, पुलिस ने भेजा जेल

राजनांदगांव। अलग-अलग स्थानों पर उपद्रव मचाकर शांति व्यवस्था भंग करने वाले छह बदमाशों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराधों पर नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना बसंतपुर क्षेत्रांतर्गत अलग-अलग स्थानों पर मोहल्ले में हुड़दंग करने वाले आरोपी राजू साहू पिता गजाधर साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी कुआं चौक, नंदई; कन्हैया यदु पिता स्व. भुजबल यदु, उम्र 30 वर्ष, निवासी कुआं चौक, नंदई; हरिश भोजवानी पिता स्व. शिवदास भोजवानी, उम्र 47 वर्ष, निवासी चौखड़िया पारा तथा मनोज भोजवानी पिता कन्हैयालाल भोजवानी, उम्र 41 वर्ष, निवासी चौखड़िया पारा के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी चार आरोपियों को जेल भेज दिया गया। इसी प्रकार सुरगी पुलिस ने कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने तथा गंभीर अपराध घटित होने की आशंका पर बसंत कुमार विश्वकर्मा पिता स्व. छबिलाल विश्वकर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कोटराभाठा, पुलिस चौकी सुरगी तथा शनि कंवर पिता सुदामा कंवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम कुम्हड़ाटोला, थाना डोंगरगढ़, हाल निवासी ग्राम कोटराभाठा के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत मामला न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

कांग्रेस के 10 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

खैरागढ़। खैरागढ़ के ग्राम पंचायत गातापार जंगल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के 10 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने की उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं का भाजपा में प्रवेश कराया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का गमछा पहनाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति और संगठन की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी।

विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक और जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा संगठन के कार्यों को परिवार की जिम्मेदारी समझकर समर्पण भाव से निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य चम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H