Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले तुमाकला गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बाइक सवार चार बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से गांव के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी।

इसके बाद आरोपी उपसरपंच का मोबाइल और 4 हजार रुपए नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। वहीं, इस घटना के वक्त उपसरपंच के साथ मौजूद उनके साथी ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

देवर निकला भाभी का हत्यारा

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। मृतिका की हत्या का कोई सुराग नहीं था, लेकिन फिर भी पुलिस ने जांच के बाद आरोपी देवर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

कैसे हुआ खुलासा?

ग्राम पेण्डरवानी में 28 वर्षीय तामेश्वरी साहू का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तुमडीबोड़ और साइबर थाने की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिक अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई।

शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री में मेडिको-लीगल डॉक्टरों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोटने (दम घुटने) के कारण हुई थी, जो कि हत्या की ओर इशारा कर रही थी।

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतिका अक्सर अपने देवर देवेन्द्र साहू से कहती थी कि वह कोई काम-धाम नहीं करता है और घर में बैठे-बैठे खाता है। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने साड़ी से मृतिका का गला घोटकर उसकी हत्या कर दी थी।

मृतिका के देवर देवेन्द्र साहू के खिलाफ पुलिस चौकी तुमडीबोड़ में अपराध क्रमांक 334/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

छात्रा के साथ सरेआम अश्लील हरकत

दुर्ग। जिले के एजुकेशन हब भिलाई में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्मृति नगर थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा के साथ सरेआम अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोपी ने चाय की दुकान पर बैठकर दोस्तों के साथ कैरम खेल रही छात्रा को जबरन किस करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी सहेली से भी मारपीट की गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले की रहने वाली है और भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में रहकर पढ़ाई करती है। 31 जुलाई को वह अपने दोस्तों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की टपरी पर बैठी थी। इसी दौरान हेमंत क्षत्री नाम का युवक वहां पहुंचा और छात्रा के साथ अश्लील हरकत करते हुए जबरन किस करने की कोशिश करने लगा।

आरोपी की हरकत से छात्रा घबरा गई और खुद को बचाने के प्रयास में कुर्सी से नीचे गिर गई। इसके बाद आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची छात्रा की सहेली के साथ भी आरोपी ने मारपीट की।

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। छात्रा की शिकायत के बाद शनिवार को स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी हेमंत क्षत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मोबाइल चलाने से मना करने पर छात्रा ने दी जान

मोबाइल फोन की लत और एक पल का गुस्सा आज फिर एक हंसते- खेलते परिवार पर कहर बनकर टूटा। बोड़ला में मोबाइल चलाने से मना करने पर 9वीं कक्षा की छात्रा प्रगति मरकाम ने किराए के मकान में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीलासमाप्त कर ली।

इस खौफनाक कदम के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, ‘बालिका प्रगति मरकाम कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उसके पिता राजेश मरकाम और माता बोड़ला स्थित शासकीय छात्रावास में रसोइया का काम करते हैं। परिवार बोड़ला में ही एक किराए के मकान में रहता है।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन प्रगति लगातार मोबाइल चला रही थी। इस दौरान पिता राजेश मरकाम ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने और मोबाइल न चलाने की हिदायत देते हुए डांट दिया। पिता की इस बात से दुखी और नाराज होकर बच्ची ने घर के कमरे में खुद को बंद कर लिया और फांसी का फंदा लगा लिया। जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर प्रगति फंदे पर लटकी मिली।

घटना के बाद परिजनो ने आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बच्चों में मोबाइल की लत और छोटी-छोटी बातों पर उग्र कदम उठाने की प्रवृत्ति बेहद चिंताजनक है। अभिभावक बच्चों को अचानक डांटने के बजाय धैर्य और समझाइश से मोबाइल के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करें।

भीषण सड़क हादसे में दो की मौत

बालोद: जिले के राजहरा मार्ग पर रविवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम दैहान के समीप दो मोटरसाइकिलें आपस में आमने-सामने टकरा गईं, जिसके बाद एक बाइक पर सवार तीन लोग अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, पोषण गोयल और नरेंद्र सिकोसा से राजहरा की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर से यशु देशमुख, अपने दोस्त गेमन देशमुख और वरुण के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बालोद की तरफ आ रहे थे। ग्राम दैहान के पास दोनों बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे सभी सड़क पर गिर पड़े।

उसी दौरान राजहरा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक (CG 07 CG 3190) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गेमन देशमुख और वरुण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ट्रक में फंसी बाइक और लगी आग

दर्दनाक पहलू यह रहा कि दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल ट्रक में ही फंस गई और ट्रक उसे घसीटते हुए करीब 100 मीटर आगे ले गया, जिससे बाइक में अचानक आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पुलिस वाहन की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल यशु देशमुख को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m