Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाई. तेज रफ्तार ट्रक चालक ने जुपिटर सवार तीन स्कूली छात्रा को चपेट में लिया। घटना में छात्राएं घायल हो गई है। उपचार के लिए अस्पताल लेकर जाया गया, जहां एक छात्रा की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, घासीदास नगर के पास ट्रक चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए जुपिटर सवार प्रीति, लक्ष्मी, हिमानी को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में प्रीति कुमारी की मौत हो गई है। वही लक्ष्मी और हिमानी घायल है। चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। तीनों छात्राएं नालंदा स्कूल में पढ़ाई करती है। जामुल के पास जूस दुकान में रुक कर तीनों जूस भी पिया था। उसके बाद अपनी सहेली हिमानी को छोड़ने के लिए जामुल की ओर जा रहे थे। तभी हादसा होना बताया गया है। घटना की खबर लगते ही आसपास के लोगों को भीड़ लग गई थई। ट्रक चालक ठोकर मारकर फरार हो गया था। उसे दो किमी तक पीछे कर पकड़ा गया है। हादसे की जानकारी लगने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। लोगों का कहना है कि वाहनों की रफ्तार के कारण रोज हादसे हो रहें हैं। सड़क दुर्घटनाओं में लगातार जाने जा रहीं हैं। इस पर रोक लगाने वाहनों पर कार्रवाई हो। पुलिस के अनुसार शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया गया है कि वाहन को लक्ष्मी चला रही थी, पीछे प्रीति बैठी थी। सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि घटना में एक युवती की मौत हो गई है। चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। फिलहाल जांच किया जा रहा है।
बिना अनुमति प्रदर्शन, 8 कांग्रेस नेता गिरफ्तार
भिलाई. उतई पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन के मामले में दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इन्होंने मासूम से अनाचार के मामले में पिछले माह प्रदर्शन किया था। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल द्वारा अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, जो उपलब्ध नहीं कराया गया। पुलिस ने बताया, 12 अप्रैल की शाम मिनीमाता चौक पर 50-60 लोगों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुतला दहन के दौरान ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गिरधारी मंडावी के दोनों हाथ, आरक्षक अविनेश प्रताप सिंह के दाहिने हाथ एवं आरक्षक टिकेंद्र साहू को आंख के पास चोट आई। पुलिस ने जिलाध्यक्ष समेत पूर्व पार्षद प्रहलाद वर्मा, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका प्रसाद साहू, धर्मेंद्र बंजारे, सत्यप्रकाश कौशिक, लोचन यादव और दिवाकर गायकवाड़ को गिरफ्तार किया। सभी को मुचलके पर छोड़ दिया गया।
BSP के रिटायर्ड कर्मी से 45 लाख की ठगी
भिलाई. बीएसपी के रिटायर्ड कर्मी से विदेशी कंपनियों में निवेश का झांसा देकर 45 लाख रुपए की ठग लिए गए। पहले साइबर ठग पीड़ित से करीब महीनेभर निवेश के नाम पर रकम लेते रहे। जब उसने रकम वापस मांगी तो उसका लाभांश 2.70 लाख डॉलर होने का हवाला देकर 34 लाख रुपए और मांगने लगे, तब जाकर बुजुर्ग को ठगी का अहसास हुआ। मामले में जयंत बागची (61), निवासी आमदी नगर हुडको ने पुलिस को बताया कि 10 मार्च को वह फेसबुक पर निवेश संबंधी वीडियो देख रहे थे। वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन, सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति के नाम और तस्वीरों का उपयोग किया गया था। वीडियो से प्रभावित होकर उन्होंने दिए गए लिंक पर रजिस्ट्रेशन कर लिया। इसके बाद कृतिका नाम की महिला ने संपर्क कर रजिस्ट्रेशन के लिए 18,998 रुपए जमा करवाए। फिर सिद्धार्थ विपुल ने खुद को अकाउंट मैनेजर बताकर 17 मार्च को 1 लाख और 25 मार्च को 5 लाख रुपए निवेश के नाम पर जमा कराए। बाद में करण तनेजा ने व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के तनाव के कारण सोने के दाम गिरे हैं और निवेश का यह सही समय है। इसके झांसे में आकर पीड़ित ने 25 लाख रुपए और जमा कर दिए। इसके बाद 3 अप्रैल को 2 लाख, 9 अप्रैल को 5 लाख और 16 अप्रैल को 4 लाख रुपए और लिए गए। जब जयंत बागची ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कहा कि उनकी राशि बढ़कर 2.71 लाख डॉलर हो गई है, जिसे निकालने 34 लाख रुपए टैक्स देना होगा। बाद में 12 लाख रुपए मांगे गए, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

दल्लीराजहरा में सुशासन तिहार कल
दल्लीराजहरा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सुशासन तिहार’ के तहत 5 मई 2026, मंगलवार को नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन सीधे उनके बीच पहुंचकर सेवा दे सके। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने बताया कि यह अभियान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और नगरी प्रशासन विभाग के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि एक ही स्थान पर उपस्थित रहेंगे, जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे दर्ज करवा सकेंगे और मौके पर ही समाधान का प्रयास किया जाएगा। शिविर में राजस्व प्रकरण, राशन कार्ड, पेंशन, सड़क, बिजली, पेयजल, यातायात, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, आयुष्मान कार्ड, श्रमिक पंजीयन, शिक्षा सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर विशेष रूप से सुनवाई होगी। लंबे समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष फोकस रहेगा, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
6 करोड़ की लागत से बदलेगा हॉकी स्टेडियम का एस्ट्रोटर्फ
राजनांदगांव. हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम की हालत सुधरने वाली है। चार महीने पहले राज्य सरकार द्वारा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम के अपग्रेडेशन के लिए मंजूर किए गए 6.04 करोड़ रुपए के कामों के टेंडर को लेकर स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। ऐसे में अब जल्द ही स्टेडियम में काम शुरू हो जाएगा। जिससे खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर टर्फ में खेलने की सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा स्पीकर एवं स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रयासों के बाद शासन से यह स्वीकृति मिली थी। खेल और युवा कल्याण विभाग के अनुसार इन पैसों का इस्तेमाल एस्ट्रोटर्फ बदलने, नई इमारत बनाने और स्टेडियम की कुल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अंदरूनी सड़कों को सुधारने में किया जाएगा। इस अपग्रेड से स्टेडियम के आधुनिक होने और खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के बेहतर मौके मिलने की उम्मीद है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

