Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update, भिलाई। मोहन नगर थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशन में रह रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शंकर नगर दुर्ग निवासी अंजली जगदीश घोड़ेश्वर पिछले करीब दो साल से CISF जवान करण सिंह के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। करीब 15 दिन पहले ही दोनों शंकर नगर गली नंबर-10 स्थित एक किराए के मकान में रहने आए थे।
बताया जा रहा है कि अंजली का शव मकान में सीढ़ियों के ऊपर मिला। ऐसे में युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और फांसी लगाने की घटना किस तरह हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। मौके की परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सूचना दी और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस युवती के साथ रहने वाले CISF जवान करण सिंह, मकान मालिक और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशवराम कोसले ने बताया कि युवती द्वारा फांसी लगाने की जानकारी मिली है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
कट मारने के विवाद में फायरिंग
राजनांदगांव। कट मारने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान एक युवक पर बंदूक से फायर कर दिया गया। हालांकि मिस फायर होने के कारण इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं पहुंची। घटना शहर के महावीर चौक के आसपास की बताई जा रही है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सर्विस लेन में महावीर चौक के पास रविवार की रात लगभग 11:15 से 11:30 के बीच एक युवक अविनाश शेंद्रे ने तेज व लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए कट मारा। मौके पर विपिन अपने कुछ दोस्तों के साथ खड़ा था। लापरवाही पूर्वक कट करने की बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी विपिन ने पहले उसके माथे पर पिस्टल टिकाई और हवा में फायरिंग कर दी। महावीर चौक के पास फायरिंग की घटना होते ही हड़कंप मच गया। अफरा तफरी की स्थिति निर्मित होने के दौरान प्रार्थी अविनाश शेन्द्रे कोतवाली पुलिस थाने पहुंचा, जहां उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार महावीर चौक के सामने गोली चलने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची घटनास्थल पर बंदूक की गोली के खोखे की तलाश की गई, लेकिन पुलिस के अनुसार घटनास्थल या आसपास कहीं बंदूक की गोली का खोखा फिलहाल नहीं मिला है।
इस संबंध में डीएसपी क्राईम सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि गोली चलने की शिकायत पर फोरेंसिक विशेषज्ञ की टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। फिलहाल मौके से बंदूक की गोली का खोखा बरामद नहीं हुआ है। किन परिस्थितियों में घटना हुई, इसकी जांच की जा रही है।
नशे के तीन सौदागर गिरफ्तार
भिलाई नगर पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 260 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, 1 लाख 4 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की कार को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हुड़को के लाल मैदान स्थित गणेश पंडाल के पास कुछ युवक कार में नशीली टैबलेट लेकर खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध कार क्रमांक CG 04 H 4345 की घेराबंदी की।
कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। उनकी पहचान पाटनकर कॉलोनी, मोहननगर दुर्ग निवासी हेमन्त कुमार देवांगन, हुड़को निवासी आशीष दास और परिजात, तालपुरी निवासी अमन सिंह के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 260 नग अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुई। इसके अलावा 1 लाख 4 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नशीली दवाओं या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

CBI करेगी BSP स्क्रैप चोरी मामले में जांच
दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र से स्क्रैप चोरी के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगी। मामले में विधायक रिकेश सेन की शिकायत और लगातार केंद्रीय जांच की मांग के बाद गृह मंत्रालय की ओर से राजपत्र जारी कर जांच CBI को सौंपे जाने की जानकारी दी गई है। यह मामला पुरानी भिलाई थाना में दर्ज है।
26 मई को हुई थी बड़ी कार्रवाई
दरअसल, 26 मई को दुर्ग पुलिस ने हथखोज के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ए.के. ट्रेडर्स नाम की फैक्ट्री में छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये की गाड़ियां और लगभग 90 लाख रुपये कीमत का 250 टन स्क्रैप बरामद किया था।
मामले में अब तक 19 गिरफ्तार
स्क्रैप चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें संजय सिंह समेत 5 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि 3 कारोबारियों ने अग्रिम जमानत ले ली है।
विधायक कर रहे थे जांच की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक रिकेश सेन लगातार इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग कर रहे थे। अब गृह मंत्रालय की ओर से जारी राजपत्र के बाद इस मामले की जांच CBI द्वारा किए जाने का रास्ता साफ हो गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


