दुर्ग। स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्णय लिया है कि गैर शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए वर्ष में न्यूनतम दो बार निजी तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) से टीईटी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा से सेवारत शासकीय शिक्षक जिनकी सेवा अवधि 5 वर्ष या अधिक शेष हैं, उन्हे सेवा में बने रहने या पदोन्नति हेतु समुचित स्तर की टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।

यह भी पढ़ें: CG Accident News : रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर भीषण हादसा, खड़ी ट्रक में जा घुसी बस, 3 यात्रियों की मौत, 10 घायल

सर्वोच्च न्यायालय ने राज्यों को निर्देशित किया है कि गैर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों के लिए प्रतिवर्ष न्यूनतम दो बार शिक्षक पात्रता परीक्षा का विशेष आयोजन किया जाए। इसी परिप्रेक्ष्य में राज्य शासन ने यह निर्णय लिया है। वर्तमान में दुर्ग जिले के 2756 शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करना है।

संचालक लोक शिक्षण संचालनालय ने बताया कि सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिये आयोजित टीईटी परीक्षा से छत्तीसगढ़ में लगभग 60 हजार से अधिक सेवारत शासकीय शिक्षकों जिनका टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण नहीं होने से सेवा निरंतरता में व्यवधान आ रहा था, उन्हे लाभ मिलेगा। इसमें उत्तीर्ण होने वाले शिक्षकों को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् से प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त सेवारत शासकीय शिक्षकों एवं अन्य गैर सेवारत अभ्यर्थियों के लिए सामान्य टीईटी परीक्षा का भी आयोजन छ.ग. कर्मचारी चयन मण्डल से कराये जाने हेतु राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है। पूर्व में शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा समय-समय पर किया जाता रहा है, जिसके आयोजन किए जाने हेतु छ.ग. कर्मचारी चयन मण्डल को अधिकृत किया गया है। जो कि वर्ष में कम से कम एक बार सामान्य टीईटी परीक्षा का आयोजन करेगी।

विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए पुलिस ने चलाया अभियान

भिलाईनगर। दुर्ग जिले में विदेशी नागरिकों की पहचान और अवैध रुप से रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। अभियान के तहत करीब 32 हजार लोगों के स्कैन किए गए डेटा की जांच की। इसमें 250 से अधिक लोगों को विस्तृत पड़ताल के लिए चिन्हित किया है। पुलिस अब इन लोगों से जुड़ी जानकारियां और दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।

शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग पुलिस ने अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दुर्ग पुलिस की एसटीएफ टीम उपलब्ध डेटा के आधार पर विशेष सर्च अभियान चलाया।

इस अभियान के तहत लगभग 32 हजार व्यक्तियों के स्कैन किए गए डेटा का परीक्षण एवं विश्लेषण किया। इसमें से 250 से अधिक व्यक्तियों को आगे की जांच के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। शॉर्टलिस्ट किए गए व्यक्तियों के संबंध में जानकारी के संकलन एवं सत्यापन के उददेश्य से एसटीएफ टीम ने पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना एवं मुशिर्दाबाद सहित अन्य संबंधित क्षेत्र शामिल हैं।

इस दौरान संबंधित व्यक्तियों के संबंध में उपलब्ध जानकारियों का संकलन एवं दस्तावेजीकरण किया है। संकलित डेटा का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। विश्लेषण एवं सत्यापन के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दुर्ग पुलिस पूर्व में भी अवैध रूप से निवासरत बांग्लादेशी नागरिक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे डिपोर्ट किया जा चुका है।

बीटेक और बी फार्मेसी के परीक्षार्थियों के लिए खुला डिजिवर्सिटी पोर्टल

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने नवंबर-दिसंबर 2026 की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के डिजिवर्सिटी पोर्टल पर 24 अक्टूबर से फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इसके तहत बीटेक और बी फार्मेसी के सातवें सेमेस्टर के नियमित एवं बैकलॉग तथा आठवें सेमेस्टर के बैकलॉग परीक्षार्थी आवेदन कर सकेंगे।

बीटेक सातवें तथा आठवें सेमेस्टर और बी फार्मेसी सातवें सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म 28 अक्टूबर तक भरे जा सकेंगे। जबकि 2 नवंबर तक 30 रुपए प्रतिदिन, 7 नवंबर तक 120 रुपए प्रतिदिन और 12 नवंबर तक 200 रुपए प्रतिदिन विलंब शुल्क के साथ फॉर्म जमा करना होगा। वहीं बी फार्मेसी आठवें सेमेस्टर के छात्र- छात्राएं 10 नवंबर तक ही परीक्षा फार्म भर सकेंगे।

परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए एबीसी आईडी बनाना अनिवार्य है । प्रायोगिक परीक्षाएं संबंधित पाठ्यक्रम की अंतिम परीक्षा समाप्त होने के चार दिनों के भीतर आयोजित की जाएगी। प्रायोगिक परीक्षा के अंक 10 दिनों और सत्रीय अंक परीक्षा प्रारंभ होने के 20 दिनों के भीतर पोर्टल पर जमा करने होंगे। संस्थानों को 15 नवंबर तक करना होगा अनुमोदन तकनीकी विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा फॉर्म का अनुमोदन संबंधित संस्थान के प्रमुख को 15 नवंबर तक करना होगा। परीक्षा की समय-सारणी अलग से जारी की जाएगी।

विद्यार्थियों को अपने नाम और पात्रता की जांच डिजिवर्सिटी पोर्टल पर करनी होगी। किसी अपात्र विद्यार्थी का नाम प्रदर्शित होने पर तत्काल विश्वविद्यालय को सूचित करना होगा। परीक्षा संबंधी शिकायतों के लिए केवल टिकट जनरेट करने की व्यवस्था मान्य होगी। एमटेक व एमसीए के छात्रों को 28 तक आवेदन का मौका छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने अप्रैल-मई 2026 परीक्षा सत्र के एमटेक और एमसीए पाठ्यक्रमों के पुनर्मूल्यांकन का परिणाम जारी कर दिया है। विद्यार्थी डिजिवर्सिटी पोर्टल पर अपना परिणाम देख सकते हैं और टीआर शीट डाउनलोड कर सकते हैं।

एमटेक तृतीय सेमेस्टर और एमसीए द्वितीय सेमेस्टर के पुनर्मूल्यांकन परिणाम उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी अब अपने अंकों की जांच कर सकते हैं। जबकि पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर है। निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित विद्यार्थी डिजिवर्सिटी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद किसी भी परिस्थिति में पुनर्मूल्यांकन के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

चक्रवाती तूफान से पांच दिन बारिश के आसार, किसानों में चिंता

खैरागढ़। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने की संभावना है। इसे लेकर खैरागढ़ जिला प्रशासन ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

जिला जनसंपर्क अधिकारी राजेश नेताम ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर ने 25 से 29 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश की आशंका जताते हुए किसानों के लिए कृषि सलाह जारी की है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए किसानों को धान की कटाई फिलहाल रोकने, कटी फसल सुरक्षित स्थानों पर रखने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने कहा गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से चक्रवाती गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसके प्रभाव से 25 अक्टूबर से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। अक्टूबर को दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव और मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 27 अक्टूबर को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं 28 और 29 अक्टूबर को सभी जिलों में वर्षा के आसार हैं।

लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है। धान की फसल पकने की अवस्था में होने के कारण कृषि विश्वविद्यालय ने आगामी दो से चार दिनों तक कटाई स्थगित रखने की सलाह दी है। जिन किसानों ने फसल काट ली है, वे उसे जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं ताकि बारिश से नुकसान न हो। खेतों में अतिरिक्त पानी जमा न होने दें। कीट और रोग के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाएं वहीं गेहूं की बुवाई फिलहाल टालने और रबी फसलों की बुवाई नवंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू करने की सलाह भी दी गई है।

गौ हत्यारों का केस नहीं लड़ेंगे वकील

राजनांदगांव। गौरीनगर वार्ड में गौ हत्या कर मांस की बिक्री करने वाले आरोपियों की पैरवी नही करेगें। एक नही बल्कि पूरे अधिवक्ता संघ ने पैरवी नहीं करने एकजूट दिखाई है। इस घटना को लेकर समूचे शहरवासियों में नाराजगी हैं, वही अब अधिवक्ता संघ ने भी पैरवी नहीं करने का लिखित पत्र जारी किया हैं।

जानकारी के अनुसार, जिला अधिवक्ता संघ, राजनांदगांव की कार्यकारिणी समिति की 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित बैटक में प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया गया है कि गौरीनगर में घटित गौहत्या के अपराध से संबंधित प्रकरण में संघ का कोई भी सदस्य प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से आरोपियों को किसी भी प्रकार का सहयोग प्रदान नहीं करेंगे।

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नारायण कन्नौजे व सचिव संतोष रजक ने कहा कि बैठक मे यह फैसला लिया गया है। उल्लेखनीय है कि, गौरीनगर में गौ हत्या कर मांस बेचने की घटना उजागर हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों को जेल भेज दिया है। इस घटना को लेकर शहरवासियों में बेहद आक्रोश भी दिखा।

हिंदू संगठन से लेकर बजरंग दल व सर्व समाज ने इसकी खूब निंदा की और आरोपियों को फांसी देने की भी मांग की है। इस घटना के बाद ऐसे मांस विक्रय करने वालों लोगो को शहर से अलग स्थान पर निश्चित जगह उपलब्ध कराने की मांग भी उठी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m