भिलाईनगर। ट्विनसिटी के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के घोषित परिणाम में डीपीएस भिलाई के छात्र आयुष प्रिया 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले के टॉप टेन की सूची में प्रथम स्थान पर रहे। वहीं छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की टॉप-10 सूची में अधिकांश स्थानों पर कब्जा जमाकर शिक्षा जगत में इतिहास रच दिया।
भिलाई – दुर्ग के प्रतिष्ठित स्कूलों डीपीएस भिलाई, डीपीएस दुर्ग, केपीएस नेहरू नगर, हेरीटेज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल दुर्ग, डीएवी पब्लिक स्कूल हुडको, शंकर विद्यालय सेक्टर 10, बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 10 के विद्यार्थियों ने इस बार शानदार अंक अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया।

खास बात यह रही कि छात्राओं ने न केवल प्रतिशत में बढ़त बनाई, बल्कि विज्ञान, कॉमर्स जैसे संकायों में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। कई छात्राओं ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर परिवार और स्कूल का गौरव बढ़ाया। इस बार बारहवीं बोर्ड की परीक्षा में कुल 6767 छात्र छात्राएं बैठे। जबकि 6294 छात्र छात्राओं ने ही सफलता प्राप्त की। इस तरह से इस बार 92 फीसदी रिजल्ट रहा, जो विगत वर्ष से 2 प्रतिशत अधिक रहा। विगत वर्ष रिजल्ट 89 प्रतिशत रहा। अर्थात इस बार रिजल्ट में सुधार हुआ है।
महापौर परिषद की बैठक आज
भिलाईनगर। भिलाई निगम महापौर परिषद की बैठक 14 मई को दोपहर 12 बजे निगम मुख्य कार्यालय स्थित कक्ष क्रं. 26 में आयोजित की गई है। इसमें 22 महत्वपूर्ण एजेंडे पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना सबके लिये आवास मिशन ए. एच. पी. घटक अंतर्गत समय पर 90 प्रतिशत राशि जमा करने वाले हितग्राहियों को 10 प्रतिशत अंशदान गरीबों की सेवा निधि से प्रदान करने सहित 21 एजेंडे में चर्चा होनी है।
दसवीं में 50% से कम रिजल्ट पर प्राचार्यों को नोटिस
दुर्ग। सीजी 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा में खराब परिणाम को लेकर प्राचार्यों पर शिकंजा कसा जा रहा है। आए दिन परीक्षा परिणाम की समीक्षा हो रही है। अब दसवीं में 50% से कम रिजल्ट वाले 10 स्कूलों के प्राचार्यों को जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इन्हें अपना स्पष्टीकरण 15 मई को दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत करने कहा गया है।
इसके पहले भी पिछले वर्ष की तुलना में 10वीं-12वीं रिजल्ट में इस वर्ष 15% या उससे अधिक गिरावट वाले स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी किया गया था। ऐसे प्राचार्यों से 13 मई को दोपहर 3 बजे तक स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बता दें कि छत्तीसगढ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा हाई एवं हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा सत्र 2025-26 का परिणाम 29 अप्रैल को घोषित किया गया है । सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया है। डीईओ अरविंद मिश्रा का कहना है कि जिला एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा विद्यालय के सतत निरीक्षण के दौरान प्राचार्यों को नियमित प्रायोगिक कार्य करने, ब्लू प्रिंट के अनुरूप 5 वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल कराने निर्देशित किया गया था।
तिमाही परीक्षा के आधार पर चिन्हांकित विद्यार्थियों को सीमित पाठ्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कराने एवं प्रायोगिक परीक्षा के बाद भी बोर्ड परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व तक विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के निर्देश भी दिए गए हैं।
सेल रिफ्रैक्टरी यूनिट ज्वाइंट वेंचर की ओर
भिलाईनगर। बीआरपी से सेल में मर्ज होने के बाद बनी सेल रिफ्रेक्टरी यूनिट अब एक बार फिर डी मर्जर की ओर है। इसका खुलासा आज बोकारो से आए कार्यपालक निदेशक पीके रथ ने कर दिया। उन्होंने कहा कि यूनिट ज्वाइंट मर्जर की ओर है। कार्मिकों को यह विकल्प दिया जाएगा कि वे सेल में बने रहना चाहते हैं या फिर ज्वाइंट वेंचर में जाना चाहते हैं।
यह वर्ष 2009 में सेल में मर्ज हुई कम्पनी भारत रिफ्रैक्टरी लिमिटेड के अंतर्गत रही भिलाई रिफ्रैक्टरी प्लांट यानी बीआरपी के कार्मिकों के लिए फिर एक सदमें वाली खबर है। सेल रिफ्रैक्टरी यूनिट के कार्यपालक निदेशक पीके रथ ने आज भिलाई यूनिट के दौरे के दौरान कहा कि सरकार एवं सेल प्रबंधन कुछ बड़ी कंपनियों के साथ मिलकर जॉइंट वेंचर मॉडल पर कार्य कर रहा है। यह योजना अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
कार्यपालक रथ ने कहा कि प्रस्तावित जॉइंट वेंचर के लागू होने के बाद एसआरयू भिलाई में सेल की विभिन्न इकाइयों, भिलाई इस्पात संयंत्र तथा देश के अन्य बड़े उद्योगों के लिए बड़े पैमाने पर रिफ्रैक्टरी उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इससे वर्तमान समय में रिफ्रैक्टरी उत्पादों की बढ़ती मांग एवं सप्लाई संबंधी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। रथ ने एसआरयू प्रबंधन एवं विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ एक बड़ी बैठक आयोजित की। बैठक में एसआरयू के मुख्य महाप्रबंधक विशाल शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पुराना बस स्टैंड-इंदिरा मार्केट में बनेगी अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग
दुर्ग। निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत पुराना बस स्टैंड स्थित इंदिरा मार्केट में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण कार्य का महापौर अलका बाघमार ने निगम अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए ताकि शहरवासियों को शीघ्र बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सके।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते यातायात एवं बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस परियोजना के पूर्ण होने से इंदिरा मार्केट एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा आम नागरिकों, व्यापारियों एवं बाहर से आने वाले लोगों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि निगम द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं यातायात सुधार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मल्टीलेवल पार्किंग बनने से सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण लगेगा तथा बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति से भी राहत मिलेगी।
प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना बेसमेंट, ग्राउंड एवं दो फ्लोर सहित निर्मित की जाएगी। परियोजना में लगभग 298 कार पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त परिसर में 11 दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे नागरिक सुविधाओं के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लगभग 17 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की निर्माण अवधि 18 माह निर्धारित की गई है।
दुर्ग जिले में बनेगा फिजियोथेरेपी कॉलेज
दुर्ग। दुर्ग जिले के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को नई दिशा देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल हुई। कचांदूर स्थित चंदूलाल चंद्राकर शासकीय मेडिकल कॉलेज के पास नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किए।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह संस्थान केवल उपचार केंद्र ही नहीं बल्कि दुर्ग जिले के चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण का भी प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण तथा बेहतर करियर अवसर प्राप्त होंगे। इससे जिले सहित पूरे संभाग के युवाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं मेडिकल कॉलेज स्टॉफ ने भी इस पहल को जिले के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। भूमिपूजन अवसर पर विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, जिला पंचायत सदस्य जीतेन्द्र यादव, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकगण, स्टॉफ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उर्स आयोजन के दौरान दुर्ग शहर में यातायात व्यवस्था परिवर्तित
भिलाईनगर। दुर्ग शहर के पुराना बस ‘स्टैंड स्थित मजार में 13 से 16 मई तक उर्स आयोजन किया जाना है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने विशेष यातायात प्लान लागू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात किया है। ऋचा मिश्रा ने बताया कि उसे आयोजन के दौरान पटेल चौक से इंदिरा मार्केट की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसी प्रकार फरिश्ता कॉम्प्लेक्स से पटेल चौक की ओर वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा। आयोजन अवधि में दुर्ग शहर के भीतर रात्रिकालीन समय में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भिलाई / पावर हाउस की ओर आने वाले वाहनों के लिए बस स्टैंड में पार्किंग स्थल रहेगा, रिसाली की ओर से आने वाले वाहनों के लिए झाडूराम देवांगन स्कूल परिसर, गंजपारा / पुलगांव / राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहनों के लिए गंज मंडी गंजपारा एवं पुलिस लाइन दुर्ग रहेगा। यातायात पुलिस दुर्ग ने आयोजन अवधि के संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि यातायात दौरान प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके ।
आयुक्त को हटाने महापौर-पार्षद पहुंचे हाईकोर्ट
भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम के आयुक्त को हटाने के लिए महापौर ने पूरी ताकत झोंक दी है। अब 32 कांग्रेस पार्षदों के साथ हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है। महापौर वर्सेस आयुक्त के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। महापौर नीरज पाल एमआईसी सदस्य और कांग्रेस के सभी 32 पार्षदों ने संयुक्त रूप से उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर कर भिलाई निगम के आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि 25 मार्च को हुई सामान्य सभा में नगर निगम अधिनियम 1956 की धारा 54 ( 2 ) के तहत पारित प्रस्ताव को शासन तक नहीं भेजा जा रहा है। महापौर सहित पार्षदों द्वारा लगाई गई याचिका में कहा गया है कि आयुक्त अपने अधिकार का मनमाने ढंग से दुरुपयोग कर रहे हैं। वित्तीय अनियमितता, बिना अधिकार अवैध स्वीकृतियां देने, सरकारी फंड का दुरुपयोग, चुने हुए परिषद के प्रस्ताव की लगातार अनदेखी जैसे आरोपों के चलते ही सामान्य सभा में सर्वसम्मति से आयुक्त को हटाने के पक्ष में फैसला दिया था। कलेक्टर एवं सचिव को दी है लिखित शिकायत महापौर नीरज पाल एवं सभापति बंटी गिरवर साहू इस मामले से कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं सचिव को पत्र के माध्यम से अवगत करा चुके हैं।
भिलाई निगम के आयुक्त की कार्यशैली और गड़बड़ियों की शिकायत लगातार की गई है। 25 मार्च को कलेक्टर को प्रस्ताव भेज कर कार्रवाई की मांग की है। महापौर परिषद की बैठक में लाया प्रस्ताव महापौर नीरज पाल ने 8 मई को हुई महापौर परिषद की बैठक में आयुक्त को हटाए जाने का प्रस्ताव लाया और सर्वसम्मति से उक्त प्रस्ताव को महापौर परिषद एवं महापौर ने स्वीकृत किया है। महापौर नीरज पाल ने कहा है कि नियम अधिनियम के तहत कार्रवाई होना जरूरी है और उन्हें न्यायालय से उम्मीद है। फैसला उनके पक्ष में आएगा।
अब सुशासन तिहार में बस से जाएंगे अधिकारी-कर्मचारी
राजनांदगांव। संकट से देश को उबरने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर दिखाई देने लगा है। पेट्रोल डीजल की बचत को लेकर जहां विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने अपने काफिले की गाड़ियों को कम किया है, तो वहीं अब प्रशासन के द्वारा भी इस पर पहल करते हुए विभिन्न गांव में लगने वाले सुशासन तिहार के शिविर में विभागीय कर्मचारियों के लिए बस सेवा उपलब्ध होगी। अब तक अलग-अलग निजी वाहनों से पहुंचने वाले कर्मचारियों को आने-जाने में ईंधन का खर्च होता है। जिसमें इस नई पहल से पेट्रोल डीजल की खपत से बचत मिलेगी। इस पहल से न केवल पेट्रोल डीजल की खपत में कमी आकर किल्लत से राहत मिलेगी, वहीं इससे रूपयों की बचत भी होगी।
खैरागढ़ में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
खैरागढ़। जिले में अवैध एवं नकली शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी शराब तैयार कर बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, नकली लेबल, ढक्कन, होलोग्राम और बॉटलिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरागढ़ स्थित राजपूत ढाबा के समीप एक किराए के मकान में अंग्रेजी शराब में पानी मिलाकर रीफिलिंग कर अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना खैरागढ़ एवं साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान भागवत वर्मा और त्रिलोक यादव को शराब की बॉटलिंग एवं रीफिलिंग करते रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य दो लोगों के नाम सामने आने पर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भागवत वर्मा निवासी सनडोगरी थाना गातापार जिला केसीजी, त्रिलोक यादव निवासी कुसुमकसा जिला बालोद, शक्ति नारायण सिंह निवासी दंतेवाड़ा हाल मुकाम खैरागढ़ तथा तिपेश कुमार सोनी निवासी डौंडी जिला बालोद शामिल हैं।
आबकारी विभाग की भूमिका भी संदेह के घेरे में
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि कुछ आरोपी शराब भट्ठियों में सेल्समैन और सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत रहे हैं इसके बाद आबकारी विभाग की निष्पक्ष भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। पूछताछ में आरोपियों ने अंग्रेजी शराब में पानी मिलाकर रीफिलिंग कर बाजार में खपाने की बात स्वीकार की है।
सीमा सुरक्षा बल के मृत जवान के वृद्ध माता-पिता से 11 लाख की ठगी
राजनांदगांव। सीमा सुरक्षा बल के मृत जवान के बुजुर्ग माता-पिता से 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार पर जेल भेज दिया है।
बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम योगराज साहू पिता माधो राम साहू, उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम बिटाल थाना गैंदाटोला राजनांदगांव बताया जाता है। प्रार्थी ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उनका पुत्र वरूण कुमार साहू उम्र 32 वर्ष, सीमा सुरक्षा बल में पदस्थ था तथा जम्मू- कश्मीर में तैनात था। 12 सितंबर 2025 को अवकाश के दौरान ग्राम कोकपुर बरैठटोला के पास सड़क दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई थी।
मृतक जवान की मृत्यु उपरांत विभागीय सहायता राशि के रूप में प्रार्थी के खाते में 10 लाख रुपये एवं उनकी पत्नी के खाते में 19.25 लाख रुपये जमा हुए थे। इसी दौरान मृतक के साढू भाई योगराज साहू द्वारा वृद्ध माता-पिता को विश्वास में लेकर राजनांदगांव बैंक लाया तथा आरोपी ने उनके खातों से कुल 15 लाख रुपये निकलवाए गए।
आरोपी ने एसएसबी अधिकारियों एवं बैंक कर्मचारियों को पैसा देने का झांसा देकर 11 लाख रुपये अपने पास रख लिया तथा केवल 4 लाख रुपये वापस किया। इस प्रकार आरोपी द्वारा वृद्ध दंपत्ति के साथ 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी किया जाना पाए जाने पर थाना बसंतपुर में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

