Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाई. भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में दशहरा पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं. शांति नगर स्थित राजीव गांधी फुटबॉल एवं दशहरा मैदान में 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से सार्वजनिक दशहरा उत्सव मनाया जाएगा, जहां 50 फीट ऊंचे रावण और 40-40 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा. वहीं भिलाई-3 के मिनी स्टेडियम में पहली बार ध्वनि और प्रकाश के माध्यम से रामलीला का मंचन होगा, जिसमें छालीवुड के करीब 100 कलाकार हनुमान लीला, सीता हरण और रावण वध का चित्रण करेंगे. बैकुंठ धाम दशहरा मैदान में रात 7:45 बजे दशहरा उत्सव आयोजित होगा. इसके अलावा रिसाली सेक्टर के दशहरा मैदान में शाम 5 बजे से रामलीला, भव्य आतिशबाजी और रावण दहन का कार्यक्रम होगा. यहां छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत रंगारंग प्रस्तुति भी दी जाएगी.
आज से रावघाट-रायपुर के बीच नई मेमू ट्रेन शुरू
बालोद. रावघाट से रायपुर के बीच नई मेमू यात्री ट्रेन सेवा की शुरुआत आज 20 अक्टूबर से होगी. केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस सेवा से बालोद, दल्लीराजहरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी तक आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है. रेलवे बोर्ड के पूर्व में जारी आदेश के अनुसार ट्रेन क्रमांक 68769 रावघाट-रायपुर मेमू सुबह साढ़े छह बजे रावघाट से रवाना होगी. सुबह 8 बजे दल्लीराजहरा, 8.28 बालोद, 11.30 दुर्ग व 1.05 बजे रायपुर पहुंचने के पश्चात रायपुर से 1.20 बजे वापसी होगी, दुर्ग 2.30 बजे, बालोद 4.05 बजे, राजहरा 4.40 बजे व रावघाट 7 बजे पहुंचेगी . रावघाट से राजधानी रायपुर तक नियमित यात्री ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत राहत मिलेगी.
एंबुलेंस में गूंजी किलकारी
खैरागढ़. आपातकालीन परिस्थितियों में 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा एक बार फिर जीवनदायिनी साबित हुई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस में गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया. एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से महिला ने स्वस्थ बालक को जन्म दिया. इसके बाद जच्चा और नवजात को बेहतर चिकित्सकीय देखभाल के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव पहुंचाया गया जहां दोनों की स्थिति स्वस्थ बताई गई है. जानकारी अनुसार पांडादाह क्षेत्र के ग्राम बैगाटोला निवासी 26 वर्षीय तनुजा वर्मा, पति चंद्रकुमार वर्मा, को प्रसव पीड़ा होने पर 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा से मदद मांगी गई. सूचना मिलते ही एंबुलेंस शाम 5:27 बजे रवाना हुई और 5:40 बजे महिला के पास पहुंच गई. इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज होने के कारण एंबुलेंस में ही प्रसव कराना जरूरी हो गया. विषम परिस्थिति में एंबुलेंस के ईएमटी गुमान साहू और पायलट रविशंकर ने तत्परता दिखाते हुए प्रसव में सहायता की. ईएमई कीर्ति सर और ईआरसीपी डॉ. सरस्वती के मार्गदर्शन में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई गई. इस दौरान महिला ने स्वस्थ बालक को जन्म दिया. नवजात का वजन लगभग ढाई किलोग्राम बताया गया है. प्रसव के बाद जच्चा और नवजात को आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं आगे की देखभाल के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव पहुंचाया गया जहां दोनों को वार्ड में भर्ती किया गया. उपलब्ध जानकारी अनुसार मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. आपात स्थिति में एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता, जिम्मेदारी और चिकित्सकीय मार्गदर्शन से सुरक्षित प्रसव संभव हो सका. इस घटना ने जरूरत के समय त्वरित आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत को एक बार फिर रेखांकित किया है.
10 फीट ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत
बेमेतरा. समीपस्थ ग्राम मटका में सोमवार को एक हादसा हो गया. जिसके तहत मकान में प्लास्टर का काम कर रहे एक मजदूर की 10 फीट ऊंचाई के भाड़े से गिरकर मौत हो गई. मृतक की पहचान सोनू निषाद पिता प्रसादी निषाद निवासी बहिंगा के रूप में हुई है. वह रामनारायण साहू के यहां मकान में प्लास्टर का काम कर रहा था, तभी अचानक भाड़े से गिर पड़ा. उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे घोषित कर दिया. दीवाली के पूर्व ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में बड़ी संख्या में मकान निर्माण एवं मरम्मत का काम जोरों से जारी है. साथी लिपाई, पुताई व साफ, सफाई के काम में मजदूर जुटे हुए है. जरा सी भी लापरवाही खतरनाक हो सकती है.
सरदार पटेल मैदान में रावण दहन आज
बालोद. असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा महोत्सव नगर में राज दशहरा उत्सव समिति द्वारा मंगलवार 20 अक्टूबर को सरदार पटेल मैदान में मनाया जाएगा. मरारपारा से श्रीराम एवं रावण दल की शोभायात्रा संध्या 6 बजे प्रारंभ होगी, वहीं संध्या 7 बजे सरदार पटेल मैदान में व्यायाम प्रदर्शन, आकर्षक आतिशबाजी के पश्चात रामलीला मंचन और रावण पुतला का दहन किया जाएगा. इस अवसर पर रात्रि 9 बजे से छग लोककला मंच गोदना राजनांदगांव की प्रस्तुति आयोजित है. कार्यक्रम के अतिथि विधायक संगीता सिन्हा, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवन्त जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, यज्ञदत्त शर्मा, डोमेन्द्र भेड़िया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी, राकेश यादव, विकास चोपड़ा, रामजी भाई पटेल, लीला शर्मा, कृष्णकान्त पवार, पवन साहू, अमित चोपड़ा, डा सत्यप्रकाश अग्रवाल, अंचल साहू, पुरूषोत्तम पटेल ठाकुरनाथ योगी ग्राम पटेल होंगे.

प्लांट में अधिकारियों से मारपीट कर चक्का जाम, 17 के खिलाफ एफआईआर
डोंगरगांव. ग्राम टोला गांव स्थित टूल्स पेड फूड प्राइवेट लिमिटेड में 17 अगस्त को हुई तोड़फोड़, कंपनी के अधिकारियों से मारपीट और चक्का जाम करने के मामले में 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है. शिकायत कंपनी के एचआर हेड विजय प्रताप सिंह ने दर्ज कराई है. पुलिस थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 17 अक्टूबर को कुछ लोगों के द्वारा प्लांट परिसर में घूम-घूमकर प्लांट के अंदर काम कर रहे अन्य मजदूरों को उकसाकर, भड़काकर काम बंद करवाने लगे तथा प्लांट व मेन रोड में चक्का जाम कर दिये, जिससे आम जनता को आने-जाने में परेशानी हुई, तथा लगभग दोपहर 2 बजे से 4 बजे के मध्य सभी एक राय होकर प्लांट मैनेजमेंट व अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी व अश्लील गाली-गलौज करते हुए व आक्रोशित होकर जान से मारने की धमकी देते हुए प्लांट के अधिकारी अफसार अहमद खान पिता मुमताज अहमद खान, सोमेन्द्र पाटिल पिता हिम्मत लाल पाटिल एवं डिलेश्वर साहू पिता रूपराम साहू से मारपीट की जिससे उक्त सभी को चोटें आई. अफरा-तफरी का फायदा उठाकर जबरदस्ती प्लांट के टाईम आफिस में घुसकर आफिस में रखे डेढ़ लाख रूपये नगदी एवं लगभग 10 नग चेयर को चोरी कर ले गये तथा प्लांट के अंदर खड़ी 6 ई ई रिक्शा व 4 ईवी स्कूटर, 10 सीसीटीवी कैमरा, आफिस के कांच, कुर्सियों को तोड़फोड कर एवं प्लांट के मशीनरी को तोड़फोड़ कर लाखों रूपये का नुकसान पहुंचाये हैं. चुकेश धनकर पिता पवन कुमार धनकर, थलेन्द्र पिता देवेन्द्र साहू, राकेश साहू, पिता राजकुमार, राजू कुमार पिता हीरादास, विजय साहू पिता नंदन दास, गजेन्द्र कुमार, पिता नरेन्द्र, चोवाराम पिता तारालाल, बामन पिता चोवाराम, शेखर कुमार, पिता देवीदास, दरदेश पिता नीलांबर, अजय राजपूत पिता जगदीश सिंह राजपूत दिव्यानंद पिता कृष्णानंद, दामेश, पिता भूषनलाल, एस. कुमार भूआर्य पिता फेरूराम, हरमेश, पिता हेमलाल कामेश्वर सुरेश राम, प्रशांत कुमार, पिता रामेश्वर साहू शामिल है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

