मनेंद्र पटेल, दुर्ग। पुलिस ने जिले में आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा एप संचालित करने वाले बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पहले सब्जी बेचने का काम करने वाला कुणाल वर्मा अब ऑनलाइन सट्टा कारोबार का मुख्य संचालक बन चुका था। वह ‘सेट स्पोर्ट बुक’ और ‘लोटस एप’ के जरिए म्युल अकाउंट का उपयोग कर करोड़ों रुपये के लेनदेन कर रहा था। पुलिस को आरोपियों के पास मिले म्युल खातों से करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है।

जानकारी के मुताबिक, छावनी पुलिस को समन्वय पोर्टल से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े म्युल अकाउंट्स की सूचना मिली थी। इसके आधार पर 16 मई को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चरोदा निवासी जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन सट्टा एप के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले लोगों के नाम बताए।
जांच आगे बढ़ाने पर पुलिस ने भिलाई और आसपास के इलाकों में सक्रिय उन आरोपियों को पकड़ा, जो स्लम एरिया के लोगों से संपर्क कर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद संबंधित लोगों से सिम कार्ड, पासबुक, एटीएम और चेकबुक लेकर उन्हें कुणाल वर्मा को बेचा जाता था। बताया गया कि प्रति पासबुक करीब 25 हजार रुपये दिए जाते थे।
कुणाल पहले सब्जी बेचने का काम करता था, फिर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में हो गया सक्रिय
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कुणाल वर्मा पहले सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन बाद में महादेव सट्टा एप से जुड़कर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में सक्रिय हो गया। वह बैंक खातों, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और चेकबुक का इस्तेमाल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में रकम जमा करने और निकालने के लिए करता था।
मुख्य आरोपी कुणाल वर्मा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को हैदराबाद में संचालित किए जा रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की जानकारी भी मिली। पुलिस के मुताबिक, हैदराबाद के अल्फापुरम स्थित एसएस रेसिडेंसी और शमशाबाद की नक्षत्र सोसायटी में आईपीएल क्रिकेट सट्टा एप संचालित किया जा रहा था। वहां स्थानीय युवकों को ले जाकर ऑनलाइन सट्टे का संचालन कराया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 57 हजार रुपये नकद, 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन, 23 पासबुक, 146 एटीएम कार्ड और 20 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
कुणाल वर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने विक्की साहू, अभिषेक भारती, गुरफान खान, राजकुमार पासवान, तुकेश्वर साहू, जेद खान, के. श्रीनू, शेख सद्दाम, विकास राय, विकास निषाद, रोहित चौहान, कुणाल वर्मा और प्रतीक पटेल समेत कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क के बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य राज्यों से जुड़े तार खंगाल रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

